Parliament Live: रिजिजू बोले- कांग्रेस छात्रों के प्रदर्शन पर चर्चा को तैयार हो तो बढ़ाया जा सकता है संसद सत्र, लोकसभा दिनभर के लिए स्थगित
संसद का लाइव अपडेट (File Photo)
Parliament Live: संसद के मानसून सत्र में बुधवार को भी हंगामा जारी रहा. लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसदों ने विभिन्न मुद्दों को लेकर जोरदार विरोध और नारेबाजी की. लगातार शोर-शराबे के कारण दोनों सदनों की कार्यवाही सुचारु रूप से नहीं चल सकी. हंगामा थमता न देख लोकसभा और राज्यसभा, दोनों की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई. संसद की हर खबर के लिए बने रहे Prabhat Khabar डॉट कॉम के साथ.
केरल के नाम बदलने के बीच BJP सांसद की मांग- 'West Bengal' का नाम हो 'पश्चिम बंगो'
BJP सांसद समिक भट्टाचार्य ने केरल का नाम बदलकर केरलम करने के प्रस्ताव का समर्थन करते हुए West Bengal का नाम पश्चिम बंगो करने की मांग की. उन्होंने कहा कि West Bengal नाम अंग्रेजों ने भारत और पाकिस्तान के बीच बंटवारे के संदर्भ में दिया था. इसके साथ ही उन्होंने बख्तियारपुर स्टेशन का नाम बदलने की भी मांग की. उन्होंने कहा कि यह नाम बख्तियार खिलजी के नाम पर है, जिसने नालंदा विश्वविद्यालय को नष्ट किया था.
अमित शाह के पत्र पर प्रेमचंद्रन का सवाल- 'सदन में आने से कौन रोक रहा है?'
आरएसपी सांसद एनके प्रेमचंद्रन ने गृह मंत्री अमित शाह के लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को पत्र लिखने पर सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि स्पीकर को पत्र लिखने के बजाय गृह मंत्री खुद सदन में आकर अपनी बात क्यों नहीं रखते. प्रेमचंद्रन ने आरोप लगाया कि संसद सत्र में शामिल होने के बजाय स्पीकर को पत्र लिखना दिखाता है कि अमित शाह को संसद और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर भरोसा नहीं है.
राम मंदिर चढ़ावा मामले पर प्रियंका गांधी का बीजेपी पर हमला
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि जब भाजपा ने चुनाव से पहले राम मंदिर के नाम पर राजनीतिक लाभ लिया, तब इसे राज्य का विषय नहीं बताया गया. प्रियंका ने कहा कि मंदिर के लिए देश-विदेश से लोगों ने आस्था के साथ चंदा दिया था, इसलिए सरकार को जवाब देना चाहिए. उन्होंने छात्र प्रदर्शनों पर पुलिस कार्रवाई का मुद्दा भी उठाया और कहा कि संसद सरकार की जवाबदेही तय करने का मंच है, लेकिन सरकार सवालों से बच रही है.
बोले निशिकांत दुबे- गृह मंत्री के बोलते ही घबराता है विपक्ष
बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह छात्रों के विरोध-प्रदर्शन समेत हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार हैं, लेकिन विपक्ष उन्हें सुनना नहीं चाहता. उन्होंने आरोप लगाया कि अमित शाह के बोलते ही कांग्रेस के पुराने मुद्दे, नेहरू-इंदिरा गांधी से लेकर राजीव गांधी फाउंडेशन और चीन से जुड़े सवाल सामने आ जाते हैं. इस कारण विपक्ष हंगामा कर संसद की कार्यवाही रोक रहा है और करीब 100 सांसद बाकी सदस्यों को बोलने नहीं दे रहे.
हर मुद्दे पर बहस के लिए तैयार सरकार- अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संसद में जारी गतिरोध के बीच विपक्ष से सदन की कार्यवाही चलने देने की अपील की है. उन्होंने कहा कि सरकार छात्र आंदोलनों समेत सभी मुद्दों पर संसद में चर्चा के लिए तैयार है. शाह ने विपक्ष से कहा कि वह सदन को सुचारु रूप से चलने दे, ताकि महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हो सके और सरकार उनका जवाब दे सके.
राज्यसभा में भी हंगामा, कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित
राज्यसभा में बुधवार को कार्यवाही शुरू होने के कुछ ही देर बाद विभिन्न मुद्दों को लेकर हंगामा शुरू हो गया. सदन में लगातार शोर-शराबे और विरोध के कारण कार्यवाही सुचारु रूप से नहीं चल सकी. हंगामा थमता न देख राज्यसभा की बैठक दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए