12 से 17 अगस्त तक इन राज्यो में भारी बारिश का खतरा, बंगाल की खाड़ी में बन सकता है लो-प्रेशर
भारी बारिश के कारण सड़क पर जमा पानी, फोटो- एएनआई
Rain Alert: देश के कई हिस्सों में मानसून ने फिर रफ्तार पकड़ ली है. राजस्थान से ओडिशा और पहाड़ी राज्यों तक भारी बारिश का अलर्ट है. मध्य प्रदेश के ऊपर बने कम दबाव और बंगाल की खाड़ी में बनने वाले नए सिस्टम से अगले कुछ दिनों में मौसम और बिगड़ सकता है.
Rain Alert: देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय है. मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर भारत के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. वहीं 12 अगस्त के आसपास बंगाल की खाड़ी में नया कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जिसका सबसे ज्यादा असर ओडिशा और आसपास के राज्यों में दिखाई दे सकता है.
देश के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश से राहत मिलने के आसार नहीं हैं. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय है. इसके कारण पूर्वी राजस्थान में कुछ स्थानों पर बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में इस सप्ताह के अधिकतर दिनों में भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान समेत उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में भी अलग-अलग स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है.
IMD ने जारी किया अलर्ट
पूर्वी राजस्थान में बहुत भारी बारिश की संभावना. हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर क्षेत्र में लगातार बारिश के आसार. उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में नया कम दबाव का क्षेत्र बन सकता है. ओडिशा में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना. दिल्ली-NCR में बारिश का दौर तेज हो सकता है. कई राज्यों में आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाओं की भी चेतावनी जारी की गई है.
राजस्थान में भारी बारिश का अलर्ट
उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र का सबसे ज्यादा असर पूर्वी राजस्थान में देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ कहीं-कहीं अत्यधिक भारी बारिश भी हो सकती है. लगातार बारिश वाले इलाकों में निचले क्षेत्रों में जलभराव और स्थानीय स्तर पर यातायात प्रभावित होने जैसी स्थितियां बन सकती हैं.
दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में भी बारिश तेज होने के आसार
हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 12 अगस्त और फिर 14 से 15 अगस्त के दौरान कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने हरियाणा, चंडीगढ़-दिल्ली, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की भी संभावना जताई है. पंजाब में 12 अगस्त और 14 से 17 अगस्त के बीच अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है.
पहाड़ों पर पूरे हफ्ते बारिश, उत्तराखंड में अलर्ट
हिमालयी राज्यों में इस सप्ताह मौसम लगातार खराब रह सकता है. 12 से 17 अगस्त तक हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर-लद्दाख और उत्तराखंड में व्यापक बारिश की संभावना है. उत्तराखंड में पूरे सप्ताह अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. 14 अगस्त को कुछ क्षेत्रों में बहुत भारी बारिश की चेतावनी है. हिमाचल प्रदेश में भी 12 और 13 अगस्त और 15 से 17 अगस्त के बीच कई जगह भारी बारिश होने की संभावना है.
बंगाल की खाड़ी में बनेगा नया लो-प्रेशर
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. इसके प्रभाव से 12 अगस्त के आसपास उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में नया कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है. इस सिस्टम के कारण ओडिशा में 12 और 13 अगस्त के दौरान अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. इसके बाद भी 14 से 17 अगस्त के बीच राज्य के कई क्षेत्रों में भारी बारिश जारी रहने की संभावना है.
पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार में भी बढ़ेगी बारिश
- 12 से 17 अगस्त के दौरान गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल और ओडिशा में अच्छी बारिश होने के आसार हैं.
- 12 अगस्त को गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश हो सकती है.
- झारखंड में 13 से 15 अगस्त और बिहार में 14 से 17 अगस्त के दौरान अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश का अनुमान है.
पूर्वोत्तर में फिर सक्रिय होगा मानसून
- असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी आने वाले दिनों में बारिश का दौर तेज हो सकता है.
- 12 से 14 अगस्त के दौरान अरुणाचल प्रदेश और 11 से 14 अगस्त के दौरान असम-मेघालय में भारी बारिश की संभावना है.
- वहीं 15 से 17 अगस्त के बीच अरुणाचल प्रदेश और असम-मेघालय में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है.
महाराष्ट्र, गुजरात और गोवा में भी बारिश का अलर्ट
पश्चिम भारत में कोंकण और गोवा में 11 से 17 अगस्त के बीच व्यापक बारिश का अनुमान है. मध्य महाराष्ट्र में 12 अगस्त को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि 13 से 15 अगस्त के बीच भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है. गुजरात क्षेत्र में 12 अगस्त को भारी बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की भी संभावना है.
दक्षिण भारत में तेज हवाओं के साथ बारिश
तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 12 से 17 अगस्त के दौरान कई स्थानों पर बारिश हो सकती है. तटीय आंध्र प्रदेश, उत्तर आंतरिक कर्नाटक, रायलसीमा और तमिलनाडु में 11 से 13 अगस्त के दौरान गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. हवा के झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं. तटीय कर्नाटक, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और तेलंगाना में भी 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चलने की संभावना है.
Also Read: मौसम : बिहार में येलो अलर्ट, 15 अगस्त तक झारखंड के अलावा इन राज्यों में भी होगी बारिश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By प्रीतीश सहाय
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










