Nuh Braj Mandal Yatra: बृज मंडल जलाभिषेक यात्रा, कड़ी सुरक्षा के इंतजाम, 2500 पुलिसकर्मी तैनात

Published by :Pritish Sahay
Published at :14 Jul 2025 6:53 PM (IST)
विज्ञापन
Nuh Braj Mandal Yatra

Nuh Braj Mandal Yatra

Nuh Braj Mandal Yatra: हरियाणा के नूंह में नल्हड़ महादेव मंदिर से सोमवार को बृज मंडल जलाभिषेक यात्रा शुरू हो गई है. यात्रा के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है. यात्रा गुरुग्राम से करीब 50 किलोमीटर दूर नूंह स्थित नल्हड़ महादेव मंदिर से शुरू हुई जहां से श्रद्धालु फिरोजपुर झिरका स्थित झीर मंदिर जाएंगे. यात्रा के दौरान सुरक्षा के लिए प्रशासन ने 2500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की है.

विज्ञापन

Nuh Braj Mandal Yatra: हरियाणा के नूंह में नल्हड़ महादेव मंदिर से सोमवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बृज मंडल जलाभिषेक यात्रा शुरू हुई. यात्रा शुरू होने से पहले एक धार्मिक स्थल के क्षतिग्रस्त होने की घटना सामने आयी थी. इसको लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. गुरुग्राम से लगभग 50 किलोमीटर दूर नूंह स्थित नल्हड़ महादेव मंदिर से यात्रा शुरू हुई जहां से श्रद्धालु फिरोजपुर झिरका स्थित झीर मंदिर जाएंगे. झीर मंदिर से होते हुए यह यात्रा सोमवार को सिंगार के बाद समाप्त होगी. पुलिस ने बताया कि दो साल पहले धार्मिक जुलूस के दौरान हुई झड़पों की पुनरावृत्ति न हो, यह सुनिश्चित करने के लिए जिले में सुरक्षा बढ़ा दी गई है.

बड़ी संख्या में पुलिसबल तैनात

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रविवार रात धार्मिक स्थल पर हुई तोड़फोड़ की इस घटना के जिम्मेदार लोगों के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है. पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है. घटना के बाद तावडू के सैनीपुरा मोहल्ले में स्थित धार्मिक स्थल के पास बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए हैं. नूंह के उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि धार्मिक स्थल को हुए नुकसान के संबंध में प्रशासन की ओर से जरूरी कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने यह भी कहा कि यह सुनिश्चित किया जाएगा कि जिले में जलाभिषेक यात्रा शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में निकले.

सभी इलाकों में शांतिपूर्ण माहौल- प्रशासन

उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा सभी इलाकों में शांति का माहौल है, आम जनता से अपील है कि वे केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें. उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न भागों, विशेषकर उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा से संत इस यात्रा में भाग लेने के लिए पहुंचे हैं. बता दें, नूंह में विश्व हिंदू परिषद के जुलूस पर साल 2023 को भीड़ की ओर से हमला किए जाने के बाद झड़प हुई थी जिसमें दो होमगार्ड सहित छह लोग मारे गए थे. ऐसे में इस साल प्रशासन काफी एहतियात बरत रहा है. इलाके में 2,500 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है. जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद हैं और इंटरनेट सेवाएं निलंबित हैं.

स्वागत द्वार और खाने पीने के स्टॉल लगाए गए हैं

अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को जुलूस में शामिल होने वाले लोगों के लिए कई स्वागत द्वार बनाए गए हैं और खाने-पीने के स्टॉल लगाए गए हैं. यात्रा मार्ग पर 60 से अधिक विभिन्न स्थानों पर सभी धर्मों के लोग इस यात्रा का भव्य स्वागत करेंगे. नूंह के अतिरिक्त उपायुक्त प्रदीप मलिक ने कहा कि यात्रा के सुचारू संचालन के लिए सभी आवश्यक प्रबंध कर लिए गए हैं. उन्होंने कहा “ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात हैं. सुरक्षा के सभी इंतजाम कर लिए गए हैं. बड़ी संख्या में श्रद्धालु आ रहे हैं और सब कुछ सुचारू एवं शांतिपूर्ण ढंग से हो रहा है.” मलिक ने कहा, “सभी समुदायों के लोगों ने जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए हैं और श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत कर रहे हैं. यह मेवात क्षेत्र के लोगों के बीच भाईचारे और आपसी भाईचारे को दर्शाता है. कई लोग स्वयंसेवक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. आज श्रावण मास का पहला सोमवार है और श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है.”

हथियारों को ले जाने की मनाही

प्रशासन ने लाइसेंसी हथियार, आग्नेयास्त्र, तलवारें, लाठियां, त्रिशूल, छड़ें, चाकू और जंजीरों सहित सभी प्रकार के हथियार ले जाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है. केवल सिख समुदाय के सदस्य धार्मिक प्रतीक के रूप में धारण की जाने वाली कृपाण को ही इससे छूट दी गई है. अधिकारियों की ओर से जारी आदेश के अनुसार यात्रा के दौरान धार्मिक रूप से भड़काऊ या किसी समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली सामग्री वाले डीजे, लाउडस्पीकर या ध्वनि-वर्धक उपकरणों का उपयोग भी सख्त वर्जित है. जिला प्रशासन ने रविवार से यात्रा मार्ग पर मांस की बिक्री पर भी प्रतिबंध लगा दिया है. कांवड़ मार्ग पर मांस की दुकानें 24 जुलाई तक बंद रहेंगी. हरियाणा सरकार ने रविवार को आदेश जारी करते हुए नूंह जिले में मोबाइल इंटरनेट, बल्क एसएमएस सेवाओं और मोबाइल नेटवर्क पर दी जाने वाली सभी डोंगल सेवाओं को 24 घंटे के लिए निलंबित कर दिया है. यह निलंबन 13 जुलाई रात नौ बजे से 14 जुलाई रात नौ बजे तक प्रभावी रहेगा.(भाषा इनपुट से साभार)

विज्ञापन
Pritish Sahay

लेखक के बारे में

By Pritish Sahay

12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola