Kolkata Heavy Rain: कोलकाता में बारिश से भारी तबाही, 10 की मौत, 90 से अधिक उड़ानें रद्द; स्कूल बंद
Published by : ArbindKumar Mishra Updated At : 24 Sep 2025 6:58 AM
भारी बारिश की वजह से सड़कें नदियों में तब्दील
Kolkata Heavy Rain: कोलकाता में भारी बारिश का दौर जारी है. मंगलवार को मूसलाधार बारिश से हवाई यात्रा बुरी तरह प्रभावित हुई. 90 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गईं और करीब 90 उड़ानों में काफी देरी हुई. बारिश की वजह से अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है. दुर्गा पूजा पर भी बारिश का असर साफ नजर आ रहा है. पूजा पंडालों में पानी भर गए हैं, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. महानगर में जलभराव के कारण सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा.
Kolkata Heavy Rain: कोलकाता में भारी बारिश के कारण कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई है. जिनमें से 9 की मौत बिजली का करंट लगने से हुई. शहर के दक्षिणी और पूर्वी हिस्से सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं जहां गरिया में कुछ ही घंटों में 332 मिलीमीटर और जोधपुर पार्क में 285 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई.
अगले 24 घंटे में पश्चिम बंगाल में भारी बारिश की चेतावनी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले 24 घंटे में पश्चिम बंगाल के दक्षिणी और पूर्वी जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है. विभाग ने इस बारिश का कारण बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पूर्व में बन रहे निम्न दबाव के क्षेत्र को बताया है.

1986 के बाद सबसे अधिक बारिश
कोलकाता में 1986 के बाद सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई है. पिछले 24 घंटे से भी कम समय में 251.4 मिलीमीटर (मिमी) वर्षा हुई है. पिछले 137 वर्षों में एक दिन में छठी सबसे अधिक वर्षा थी. 1978 में 369.6 मिमी, 1888 में 253 मिमी और 1986 में 259.5 मिमी बारिश हुई थी.
बारिश की वजह से स्कूल बंद
भीषण बारिश को देखते हुए महानगर और आसपास के जिलों में यातायात व्यवस्था चरमरा गई और पश्चिम बंगाल सरकार को स्कूल बंद करने पड़े तथा दुर्गा पूजा की छुट्टियां समय से पहले करनी पड़ीं. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सभी शिक्षण संस्थानों को दो दिन बंद रखने का ऐलान किया है.

सड़कें नदियों में तब्दील
कोलकाता में मूसलाधार बारिश की वजह से मुख्य सड़कें नदियों में तब्दील हो गईं हैं. मेट्रो और रेल सेवाएं बाधित हो गईं. उत्तर में एमजी रोड से लेकर दक्षिण में जोधपुर पार्क की जलमग्न गलियों तक, इस बारिश ने शहर के किसी भी कोने को नहीं बख्शा. पूरे शहर में जनजीवन ठप पड़ गया. प्रमुख मार्गों पर मेट्रो सेवाएं निलंबित कर दी गईं. पूर्वी रेलवे ने सियालदह दक्षिण खंड पर परिचालन रोक दिया और सर्कुलर रेलवे की पटरियां पानी में डूब गईं.
खराब मौसम के कारण 42 आने वाली और 49 जाने वाली उड़ानें रद्द
एओसीसी (हवाई अड्डा परिचालन नियंत्रण केंद्र) बुलेटिन में कहा गया है कि सोमवार मध्यरात्रि से मंगलवार शाम साढ़े सात बजे के बीच खराब मौसम के कारण 42 आने वाली और 49 जाने वाली उड़ानें रद्द कर दी गईं. बुलेटिन में कहा गया है कि इसके अलावा आने वाली 33 और प्रस्थान करने वाली 62 उड़ानों में देरी हुईं जबकि कम से कम एक उड़ान का मार्ग परिवर्तित करना पड़ा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By ArbindKumar Mishra
अरबिंद कुमार मिश्रा वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में एक अनुभवी पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. अप्रैल 2011 से संस्थान का हिस्सा रहे अरबिंद के पास पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर और डेस्क एडिटर 15 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वह नेशनल और इंटरनेशनल डेस्क की जिम्मेदारी संभालने के साथ-साथ एक पूरी शिफ्ट का नेतृत्व (Shift Lead) भी कर रहे हैं. विशेषज्ञता और अनुभव अरबिंद की लेखनी में खबरों की गहराई और स्पष्टता है. उनकी मुख्य विशेषज्ञता इन क्षेत्रों में है. राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मामले: वैश्विक राजनीति और देश की बड़ी घटनाओं पर पैनी नजर. खेल पत्रकारिता: झारखंड में आयोजित 34वें नेशनल गेम्स से लेकर JSCA स्टेडियम में हुए कई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव. झारखंड की संस्कृति: राज्य की कला, संस्कृति और जनजातीय समुदायों की समस्याओं और उनकी जीवनशैली पर विशेष स्टोरीज. पंचायतनामा: ग्रामीण विकास और जमीनी मुद्दों पर 'पंचायतनामा' के लिए विशेष ग्राउंड रिपोर्टिंग. करियर का सफर प्रभात खबर डिजिटल से अपने करियर की शुरुआत करने वाले अरबिंद ने पत्रकारिता के हर आयाम को बखूबी जिया है. डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझने से पहले उन्होंने आकाशवाणी (All India Radio) और दूरदर्शन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में एंकरिंग के जरिए अपनी आवाज और व्यक्तित्व की छाप छोड़ी है. शिक्षा और योग्यता UGC NET: अरबिंद मिश्रा ने यूजीसी नेट (UGC NET) उत्तीर्ण की है. मास्टर्स (MA): रांची यूनिवर्सिटी के जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा विभाग से एमए की डिग्री. ग्रेजुएशन: रांची यूनिवर्सिटी से ही मास कम्युनिकेशन एंड जर्नलिज्म में स्नातक.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










