ePaper

7 दिनों तक बहुत भारी बारिश, 10 से ज्यादा राज्यों में आंधी-तूफान की चेतावनी, IMD का हाई अलर्ट

Updated at : 18 May 2025 1:47 PM (IST)
विज्ञापन
Heavy Rain Alert

Heavy Rain Alert

Heavy Rain Alert: भारत मौसम विज्ञान विभाग का अनुमान है कि अगले सात दिनों तक देश के कई हिस्सों में आफत की बारिश होगी. आईएमडी ने भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. बारिश का सबसे ज्यादा असर पूर्वोत्तर भारत में दिख सकता है. मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बारिश के साथ-साथ आंधी-तूफान की भी संभावना है.

विज्ञापन

Heavy Rain Alert: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले सात दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट दिया है. मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में आने वाले दिनों में बहुत तेज बारिश की संभावना है. बारिश का प्रकोप सात दिनों तक दिख सकता है. IMD के मुताबिक अगले 5 से 6 दिनों के दौरान पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में गरज-चमक के साथ बहुत भारी बारिश की संभावना है. इस दौरान हवा की गति 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है.

दिल्ली यूपी में भारी बारिश से बदला मौसम

दिल्ली और यूपी में मौसम का मिजाज बदल गया है. बीदे दिन यानी शनिवार को दिल्ली-यूपी समेत देश के कई हिस्सों में जोरदार बारिश हुई. इससे पहले शुक्रवार को दिल्ली-NCR में झमाझम बारिश हुई थी. शनिवार को बारिश के साथ तूफानी हवा चली. तेज हवा के कारण कई इलाकों में पेड़ों के गिरने की खबर है, कई जगहों पर शेड उखड़ गए. शनिवार को उत्तर प्रदेश में भी भयंकर बारिश और तेज हवा चली. यूपी में तेज हवा के साथ हुई बारिश के कारण कई इलाकों में पेड़ उखड़ कर गिर गए. आंधी-तूफान के कारण ट्रैफिक लाइट का खंभा गिर गया. मौसम विभाग का अनुमान है कि रविवार को दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है. कई जगहों पर तेज हवा चलने के भी आसार है.

देश भर में मौसमी सिस्टम

दक्षिण-पश्चिम मानसून ने दक्षिण-पूर्वी अरब सागर, मालदीव और कोमोरिन क्षेत्र, दक्षिण बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों, अंडमान द्वीप समूह और अंडमान सागर के कुछ हिस्सों की ओर और आगे बढ़ी है. अनुमान है कि अगले 2 से 4 दिनों में यह और अधिक क्षेत्रों में फैल जाएगा. मानसून दक्षिण-पूर्वी अरब सागर, मालदीव और कोमोरिन क्षेत्र, दक्षिण बंगाल की खाड़ी के बचे हुए हिस्से, अंडमान द्वीप समूह और अंडमान सागर के साथ-साथ मध्य बंगाल की खाड़ी के हिस्सों तक कवर कर लेगा. एक Cyclonic Circulation असम के उत्तर-पूर्वी भागों में मौजूद है. स्काईमेट वेदर के मुताबिक एक और साइक्लोनिक सर्कुलेशन दक्षिण गुजरात और आसपास के क्षेत्रों में है. एक ट्रफ उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल से होते हुए उत्तर छत्तीसगढ़ और दक्षिण-पूर्व मध्य प्रदेश तक फैली है.  

पूर्वोत्तर भारत में भारी से बहुत भारी बारिश (Heavy Rain Alert)

भारत मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 7 दिनों के दौरान पूर्वोत्तर भारत के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. मौसम में बदलाव के कारण 21 मई के तक अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में अलग-अलग जगहों पर भारी से बहुत बारिश हो सकती है. इसके अलावा त्रिपुरा और मेघालय में भी भारी बारिश के साथ तेज हवा का दौर जारी रह सकता है.

उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश-बिजली और तेज

21 मई तक जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में गरज-चमक के साथ तेज हवा और भारी बारिश की संभावना है. मौसम विभाग का अनुमान है कि इस दौरान 30 से 50 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवा चल सकती है. 21 मई तक पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान समेत दिल्ली और यूपी में हल्की से लेकर मध्यम बारिश होने की संभावना है. 19 से 21 मई के दौरान पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में छिटपुट से हल्की और कहीं कहीं मध्यम बारिश हो सकती है.

पश्चिम भारत में मौसम की करवट (Weather Updates)

मौसम विभाग का अनुमान है कि 20 मई तक कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा मौसम बदलेगा. आंधी बिजली और 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं कई इलाकों में चल सकती है. आईएमडी ने हल्की से लेकर मध्यम और कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई है. 20 और 21 मई को मध्य महाराष्ट्र और 19 से 21 मई के दौरान कोंकण एवं गोवा में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.

पूर्वी और मध्य भारत का मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक अगले 7 दिनों के दौरान मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, बिहार, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में गरज-चमक और 30 से 50 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चल सकती है. कई इलाकों में हल्की से लेकर मध्यम और कहीं-कहीं भारी बारिश की भी संभावना है. 18 और 19 मई को झारखंड में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती है. 20 मई तक उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में छिटपुट से लेकर भारी बारिश की संभावना है. 18 मई को पश्चिम बंगाल और बिहार के गंगा के मैदानी इलाकों में बारिश होने की संभावना है.

23 मई को अति भारी बारिश की संभावना

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने पूर्वानुमान जाहिर किया है कि 23 मई को देश के कई हिस्सों में भयंकर बारिश हो सकती है. आईएमडी न 23 मई को पूरे वेस्ट कोट में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. तमिलनाडु और अरुणाचल प्रदेश में भी भारी बारिश का अलर्ट मौसम विभाग ने जारी किया है. उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, ईस्ट राजस्थान और महाराष्ट्र के ऊपर गरज-चमक का पूर्वानुमान है.    

Also Read: 23 मई तक भारी से बहुत भारी बारिश, आंधी-तूफान की चेतावनी, IMD का हाई अलर्ट

विज्ञापन
Pritish Sahay

लेखक के बारे में

By Pritish Sahay

12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola