तमिलनाडु: किसानों को तोहफा, 75000 रुपये तक का कर्ज माफ, CM विजय का एलान

Updated:
विज्ञापन

महिला किसान की तस्वीर, गोल घेरे में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी विजय जोसेफ, फोटो- एएनआई

Farmers Loan: तमिलनाडु के किसानों के लिए सरकार ने राहत का ऐलान किया है. मुख्यमंत्री विजय ने फसल ऋण माफी का दायरा बढ़ाते हुए 75 हजार रुपये तक का कर्ज पूरी तरह माफ करने की घोषणा की है. वहीं 1 लाख रुपये तक के लोन वाले किसानों को भी तय सीमा तक राहत मिलेगी.

विज्ञापन

Farmers Loan: तमिलनाडु सरकार ने किसानों को राहत देते हुए फसल ऋण माफी योजना का दायरा बढ़ाने का ऐलान किया है. सरकार के 100 दिन पूरे होने के मौके पर मुख्यमंत्री सी विजय जोसेफ ने सोमवार (17 अगस्त) को विधानसभा में घोषणा की कि सहकारी बैंकों से 75 हजार रुपये तक का फसल कर्ज लेने वाले किसानों का पूरा ऋण माफ किया जाएगा. वहीं किसानों को 75 हजार से लेकर 1 लाख रुपये तक के कर्ज पर अधिकतम 75 हजार रुपये तक की माफी मिलेगी.

75 हजार रुपये तक का पूरा कर्ज होगा माफ

मुख्यमंत्री ने कहा- सहकारी बैंकों से 75 हजार रुपये तक का फसल ऋण लेने वाले किसानों को 100 प्रतिशत कर्ज माफी का लाभ मिलेगा. यानी पात्र किसानों को इस सीमा तक का पूरा बकाया चुकाने से राहत मिलेगी.

75 हजार से 1 लाख के कर्ज पर कितना मिलेगा फायदा?

जिन किसानों ने 75 हजार रुपये से ज्यादा और 1 लाख रुपये तक का फसल लोन लिया है, उन्हें भी योजना का लाभ दिया जाएगा. इस श्रेणी में कर्ज माफी की अधिकतम सीमा 75 हजार रुपये रखी गई है. सरकार के मुताबिक, नई व्यवस्था से 2,38,264 किसानों को 40 हजार रुपये तक का अतिरिक्त फायदा मिल सकता है.

1 लाख रुपये से ज्यादा के कर्ज पर भी राहत

जिन किसानों का फसल ऋण 1 लाख रुपये से अधिक है, उन्हें 35 हजार रुपये की एकमुश्त राहत दी जाएगी. सरकार ने कर्ज माफी के अलग-अलग स्लैब बनाकर योजना का दायरा बढ़ाया है.

13.34 लाख किसानों को मिलेगा लाभ

योजना का कुल वित्तीय पैकेज अब बढ़कर 6,220 करोड़ रुपये हो गया है. मुख्यमंत्री ने बताया कि इससे राज्य के करीब 13.34 लाख किसानों को फायदा मिलेगा. 31 जुलाई तक सरकार 5,267 करोड़ रुपये की राशि किसानों के खातों में जमा कर चुकी है. नई घोषणा के बाद कर्ज माफी पैकेज में 953.06 करोड़ रुपये की अतिरिक्त बढ़ोतरी हुई है.

CM विजय बोले- किसान हमारी जीवनरेखा

विधानसभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की आजीविका की रक्षा करना और उनके कर्ज का बोझ कम करना सरकार की बड़ी जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि अगर तमिलनाडु के लोग सरकार का जीवन हैं, तो किसान उसकी जीवनरेखा हैं. कृषि को मजबूत करना और किसानों को आर्थिक राहत देना सरकार की मुख्य प्राथमिकताओं में शामिल है.

यदि तमिलनाडु के लोग हमारा जीवन हैं, तो किसान हमारी जीवनरेखा हैं... किसानों की आजीविका की रक्षा करना, उनके ऋण भार को कम करना और कृषि को मजबूत करना इस सरकार की प्रमुख जिम्मेदारियों में से हैं- मुख्यमंत्री विजय जोसेफ

पहले 50 हजार रुपये तक के कर्ज की हुई थी माफी

मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार बनने के 15 दिनों के भीतर 50 हजार रुपये तक के फसल ऋण माफ करने का फैसला लिया गया था. इसके बाद किसान संगठनों से बातचीत के बाद 19 जून को योजना का दायरा बढ़ाया गया. अब 75 हजार रुपये तक के ऋण पर पूरी माफी और इससे अधिक के कर्ज पर तय सीमा के अनुसार राहत देने का फैसला लिया गया है.

Also Read: आंध्र प्रदेश में शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग, DSC भर्ती में गड़बड़ी को लेकर विधान परिषद में प्रदर्शन


विज्ञापन
प्रीतीश सहाय

लेखक के बारे में

By प्रीतीश सहाय

12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola