Dharmendra Death: अभिनेता धर्मेंद्र के निधन पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री समेत कई नेताओं ने जताया दुख, कहा- भारतीय सिनेमा के एक युग का अंत

Published by : Pritish Sahay Updated At : 24 Nov 2025 4:10 PM

विज्ञापन

Dharmendra Death: धर्मेंद्र के निधन पर देशभर में शोक

Dharmendra Death: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र देओल का 89 साल की उम्र में निधन हो गया है. उनके निधन पर बॉलीवुड समेत पूरे देश में शोक है. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, पीएम मोदी समेत कई और नेताओं ने शोक जाहिर किया है. पीएम मोदी ने उनके निधन पर लिखा कि धर्मेंद्र का निधन भारतीय सिनेमा के एक युग का अंत है. वे एक प्रतिष्ठित फिल्मी हस्ती, एक अद्भुत अभिनेता थे जिन्होंने अपनी हर भूमिका में आकर्षण और गहराई भर दी.

विज्ञापन

Dharmendra Death: बॉलीवुड अभिनेता धर्मेंद्र देओल के निधन पर बॉलीवुड समेत पूरे देश में शोक की लहर है. उनके निधन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी शोक जाहिर किया है. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि उनका जाना भारतीय सिनेमा के लिए बड़ी क्षति है तथा उनकी विरासत युवाओं को प्रेरित करती रहेगी. राष्ट्रपति मुर्मू ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट किया ‘‘दिग्गज अभिनेता और पूर्व सांसद धर्मेंद्र जी का निधन भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ी क्षति है. सबसे लोकप्रिय अभिनेताओं में शुमार धर्मेंद्र ने अपने दशकों लंबे शानदार करियर के दौरान कई यादगार फिल्में दीं. भारतीय सिनेमा की एक महान हस्ती के रूप में वह अपने पीछे एक ऐसी विरासत छोड़ गए हैं जो कलाकारों की युवा पीढ़ी को प्रेरित करती रहेगी.’’

पीएम मोदी ने जताया दुख

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुख जाहिर किया है. बॉलीवुड में ही मैन कहे जाने वाले धमेंद्र का 89 साल की उम्र में निधन हो गया है. पीएम मोदी ने संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि धर्मेंद्र एक प्रतिष्ठित फिल्मी शख्सियत और अद्भुत अभिनेता थे, जिन्होंने अपने हर किरदार में आकर्षण और गहराई पैदा की. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पीएम मोदी ने लिखा, ‘धर्मेंद्र जी का निधन भारतीय सिनेमा के एक युग का अंत है. वे एक प्रतिष्ठित फिल्मी हस्ती, एक अद्भुत अभिनेता थे जिन्होंने अपनी हर भूमिका में आकर्षण और गहराई भर दी. जिस तरह से उन्होंने विविध भूमिकाएं निभाईं, उसने अनगिनत लोगों के दिलों को छुआ. धर्मेंद्र जी अपनी सादगी, विनम्रता और गर्मजोशी के लिए भी समान रूप से प्रशंसित थे. इस दुखद घड़ी में, मेरी संवेदनाएं उनके परिवार, मित्रों और असंख्य प्रशंसकों के साथ हैं. ॐ शांति.’

धर्मेंद्र अपने अभिनय से सदैव हमारे बीच रहेंगे- अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मशहूर अभिनेता धर्मेंद्र के निधन पर सोमवार को दुख जताया. उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र ने अपनी फिल्मों के माध्यम से करोड़ों लोगों का दिल जीता. वो अपने अभिनय की बदौलत सदैव ‘हमारे बीच रहेंगे.’ शाह ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट किया ‘‘अपने बेहतरीन अभिनय से छह दशकों तक हर देशवासी के दिल को छूने वाले धर्मेंद्र जी का निधन भारतीय सिनेमा जगत के लिए अपूरणीय क्षति है. एक सामान्य परिवार से आकर उन्होंने फिल्म जगत में अपनी अमिट पहचान बनाई.’’ उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र उन चुनिंदा अभिनेताओं में से एक रहे, जिन्होंने जिस किरदार को छुआ, वह जीवंत बन उठा और अपनी इसी कला के माध्यम से उन्होंने हर आयु-वर्ग के करोड़ों दर्शकों का दिल जीता. गृह मंत्री ने कहा, ‘‘अपने अभिनय से वह सदैव हमारे बीच रहेंगे. ईश्वर पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उनके परिजनों व प्रशंसकों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें. ओम शांति शांति शांति.’’

धर्मेंद्र के योगदान को हमेशा मोहब्बत के साथ याद रखा जाएगा- राहुल गांधी

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी मशहूर अभिनेता धर्मेंद्र के निधन पर दुख जताया है. उन्होंने कहा कि सिनेमा में उनके अद्वितीय योगदान को हमेशा सम्मान और मोहब्बत के साथ याद रखा जाएगा. राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट किया ‘‘महान अभिनेता धर्मेंद्र जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है और भारतीय कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति है. सिनेमा में लगभग सात दशकों के उनके अद्वितीय योगदान को हमेशा सम्मान और मोहब्बत के साथ याद रखा जाएगा.’’ उन्होंने कहा, ‘‘धर्मेंद्र जी को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं. इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके शोकाकुल परिवार, मित्रों और प्रशंसकों के साथ हैं.’’

सीएम देवेंद्र फडणवीस ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री  देवेंद्र फडणवीस ने भी धमेंद्र के निधन पर शोक जताया है. महाराष्ट्र सीएमओ ने कहा “भारतीय सिनेमा के स्वर्णिम युग को रोशन करने वाले शानदार सितारे के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दिग्गज अभिनेता पद्म भूषण धर्मेंद्र को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है. स्वप्निल, युवा रोमांटिक भूमिकाओं से लेकर शक्तिशाली और गंभीर किरदारों को निभाने वाले, दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र- जिन्होंने बाद में बॉलीवुड के “ही-मैन” का खिताब अर्जित किया- हमेशा फिल्म प्रेमियों की यादों में रहेंगे, मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा, दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के निधन से देओल परिवार के साथ-साथ उनके अनगिनत प्रशंसकों को भी बहुत दुख हुआ है. हम उनके दुख को साझा करते हैं और प्रार्थना करते हैं कि भगवान उन्हें इस नुकसान को सहन करने की शक्ति दे. उनके निधन से फिल्म उद्योग को बहुत बड़ी क्षति हुई है.

नहीं रहे बॉलीवुड के ‘हीमैन’

300 से ज्यादा फिल्मों में काम करके मनोरंजन जगत में एक अलग मुकाम हासिल करने वाले दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का सोमवार (24 नवंबर) को निधन हो गया. धर्मेंद्र पिछले कुछ समय से बीमार थे और मुंबई के एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था. परिवार ने इस महीने की शुरुआत में घर पर ही उनका इलाज जारी रखने का निर्णय लिया था. वह आठ दिसंबर को 90 वर्ष के हो जाते. उनका फिल्मी करियर 65 वर्षों का रहा. (इनपुट- भाषा)

Also Read: Dharmendra Death: धर्मेंद्र नहीं रहे, 89 साल की उम्र में हुआ बॉलीवुड के ही-मैन का निधन, आखिरी बार इस फिल्म में आएंगे नजर

विज्ञापन
Pritish Sahay

लेखक के बारे में

By Pritish Sahay

प्रीतीश सहाय, इन्हें इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में 12 वर्षों से अधिक का अनुभव है. ये वर्तमान में प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं. मीडिया जगत में अपने अनुभव के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण विषयों पर काम किया है और डिजिटल पत्रकारिता की बदलती दुनिया के साथ खुद को लगातार अपडेट रखा है. इनकी शिक्षा-दीक्षा झारखंड की राजधानी रांची में हुई है. संत जेवियर कॉलेज से ग्रेजुएट होने के बाद रांची यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की डिग्री हासिल की. इसके बाद लगातार मीडिया संस्थान से जुड़े रहे हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत जी न्यूज से की थी. इसके बाद आजाद न्यूज, ईटीवी बिहार-झारखंड और न्यूज 11 में काम किया. साल 2018 से प्रभात खबर के साथ जुड़कर काम कर रहे हैं. प्रीतीश सहाय की रुचि मुख्य रूप से राजनीतिक खबरों, नेशनल और इंटरनेशनल इश्यू, स्पेस, साइंस और मौसम जैसे विषयों में रही है. समसामयिक घटनाओं को समझकर उसे सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने की इनकी हमेशा कोशिश रहती है. वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन करते रहे हैं. इसके साथ ही विज्ञान और अंतरिक्ष से जुड़े विषयों पर भी लिखते हैं. डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में काम करते हुए उन्होंने कंटेंट प्लानिंग, न्यूज प्रोडक्शन, ट्रेंडिंग टॉपिक्स जैसे कई क्षेत्रों में काम किया है. तेजी से बदलते डिजिटल दौर में खबरों को सटीक, विश्वसनीय और आकर्षक तरीके से प्रस्तुत करना पत्रकारों के लिए चुनौती भी है और पेशा भी, इनकी कोशिश इन दोनों में तालमेल बनाते हुए बेहतर और सही आलेख प्रस्तुत करना है. वे सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की जरूरतों को समझते हुए कंटेंट तैयार करते हैं, जिससे पाठकों तक खबरें प्रभावी ढंग से पहुंच सकें. इंटरनेशनल विषयों में रुचि होने कारण देशों के आपसी संबंध, वार अफेयर जैसे मुद्दों पर लिखना पसंद है. इनकी लेखन शैली तथ्यों पर आधारित होने के साथ-साथ पाठकों को विषय की गहराई तक ले जाने का प्रयास करती है. वे हमेशा ऐसी खबरों और विषयों को प्राथमिकता देते हैं जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय लिहाज से महत्वपूर्ण हों. रूस यूक्रेन युद्ध, मिडिल ईस्ट संकट जैसे विषयों से लेकर देश की राजनीतिक हालात और चुनाव के दौरान अलग-अलग तरह से खबरों को पेश करते आए हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola