Aaj Ka Mausam: गुरुवार को दिल्ली से यूपी तक बारिश, IMD ने जारी किया अलर्ट
दिल्ली में भारी बारिश के बीच इंडिया गेट के पास छाता लिए लोग, फोटो- एएनआई
Aaj Ka Mausam: गुरुवार को दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है. राजधानी में झमाझम बारिश से गर्मी और उमस से राहत मिली है. वहीं उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा, उत्तराखंड और दूसरे राज्यों में भी भारी बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग ने कई इलाकों के लिए अलर्ट जारी किया गया है.
Aaj Ka Mausam: दिल्ली में मौसम का मूड एक बार फिर बदल गया है. गुरुवार (20 अगस्त) की सुबह से ही झमाझम बारिश हो रही है. तेज बारिश से जहां लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है, वहीं कई इलाकों में जलभराव के कारण परेशानी का भी सामना करना पड़ रहा है. मौसम विभाग का अनुमान है कि आज दिनभर दिल्ली-एनसीआर के आसमान में बादलों का डेरा रहेगा. शाम तक कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है.
शाम को बढ़ सकती है बारिश की संभावना
दिल्ली- एनसीआर में शाम के समय बारिश की संभावना और बढ़ सकती है. मौसम विभाग ने शाम साढ़े 4 बजे से साढ़े 6 बजे के बीच कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान जाहिर किया है. इस दौरान तापमान 31 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. देश के कई राज्यों में मानसून सक्रिय
कई राज्यों में जारी है बारिश का दौर
दिल्ली के अलावा देश के कई हिस्सों में भी मानसून एक्टिव है. हिमाचल प्रदेश, असम, गुजरात, ओडिशा, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में भारी बारिश दर्ज की गई है. मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश को देखते हुए अलग-अलग रंग के अलर्ट जारी किए हैं.
यूपी के कई जिलों में रेड अलर्ट
उत्तर प्रदेश में मौसमविभाग ने बांदा, प्रयागराज और मिर्जापुर समेत कुछ जिलों के लिए अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है. इनके आसपास के कई जिलों में येलो अलर्ट है. भारी बारिश के चलते लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
Also Read: Chhattisgarh Weather : 25 अगस्त तक छत्तीसगढ़ में होगी बारिश, IMD ने जारी किया अलर्ट
हिमाचल में 166 सड़कें बंद
हिमाचल प्रदेश में लगातार भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है. राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र के अनुसार, नेशनल हाईवे-003 समेत 166 सड़कें बंद हैं. इसके अलावा 130 बिजली ट्रांसफार्मर और 222 जलापूर्ति योजनाएं प्रभावित हुई हैं. सड़क संपर्क के मामले में मंडी सबसे ज्यादा प्रभावित जिला है, जहां 84 सड़कें बंद बताई गई हैं.
केरल तट पर ऊंची लहरों का खतरा
केरल में मौसम विभाग ने तटीय इलाकों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. केरल, लक्षद्वीप, दक्षिण तमिलनाडु और पुडुचेरी के तटों पर स्वेल सर्ज और ऊंची लहरों की चेतावनी दी गई है.
तटीय इलाकों में समुद्र की स्थिति खराब रहने की संभावना है और लहरें 1.1 से 2.2 मीटर तक ऊंची उठ सकती हैं. मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है. छोटी नावों की आवाजाही और समुद्र तट से जुड़ी गतिविधियों पर भी रोक लगाने की बात कही गई है.
ओडिशा में बाढ़ प्रभावित इलाकों पर नजर
ओडिशा में प्रशासन बाढ़ प्रभावित इलाकों की लगातार निगरानी कर रहा है. आगे भी भारी बारिश की संभावना बनी हुई है. मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, 15 अगस्त तक 52 ब्लॉकों के 429 गांव बाढ़ के पानी से प्रभावित हुए थे. प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव के लिए 79 टीमें तैनात की गई थीं. केंद्रीय जल आयोग ने भी राज्य के कुछ हिस्सों में अचानक बाढ़ आने के खतरे को लेकर चेतावनी जारी की है.
Also Read: 20,21,22,23,24,25 अगस्त तक मूसलाधार बारिश, यूपी-MP से लेकर बिहार-झारखंड तक अलर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By प्रीतीश सहाय
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए







