ePaper

SPG संशोधन बिल राज्यसभा से पारित, कांग्रेस ने किया वॉकआउट

Updated at : 03 Dec 2019 12:13 PM (IST)
विज्ञापन
SPG संशोधन बिल राज्यसभा से पारित, कांग्रेस ने किया वॉकआउट

नयी दिल्लीःसंसद ने विशेष सुरक्षा समूह (एसपीजी) कानून में संशोधन करने संबंधी एक विधेयक को मंगलवार को मंजूरी दे दी तथा सरकार ने स्पष्ट किया कि यह संशोधन राजनीतिक प्रतिशोध के चलते किसी परिवार को ध्यान में रखकर नहीं बनाया गया है बल्कि इससे प्रधानमंत्री सुरक्षा को मजबूत बनाने में मदद मिलेगी. राज्यसभा ने विशेष […]

विज्ञापन

नयी दिल्लीःसंसद ने विशेष सुरक्षा समूह (एसपीजी) कानून में संशोधन करने संबंधी एक विधेयक को मंगलवार को मंजूरी दे दी तथा सरकार ने स्पष्ट किया कि यह संशोधन राजनीतिक प्रतिशोध के चलते किसी परिवार को ध्यान में रखकर नहीं बनाया गया है बल्कि इससे प्रधानमंत्री सुरक्षा को मजबूत बनाने में मदद मिलेगी. राज्यसभा ने विशेष सुरक्षा समूह (एसपीजी) अधिनियम संशोधन विधेयक को चर्चा के बाद ध्वनिमत से मंजूरी दे दी. लोकसभा इसे पहले ही पारित कर चुकी है.

उच्च सदन में विधेयक पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस सहित विपक्षी सदस्यों की उन चिंताओं को बेबुनियाद बताया जिसमें कहा गया था कि गांधी परिवार की सुरक्षा के संबंध में राजनीति के तहत काम किया गया है. शाह ने कहा, ‘‘ ऐसी भी बात देश के सामने लायी गयी कि गांधी परिवार की सरकार को चिंता नहीं है. हम स्पष्ट कर देना चाहते हैं कि सुरक्षा हटाई नहीं गई है. सुरक्षा बदली गयी है. उन्हें जेड प्लस सीआरपीएफ कवर, एएसएल और एम्बुलेंस के साथ सुरक्षा दी गई है. ‘ गृह मंत्री के जवाब से असंतोष जताते हुए कांग्रेस, वाम और द्रमुक के सदस्यों ने सदन से वाक आउट किया.

– गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि सबसे पहले इस बिल को लेकर के जो भ्रांतियां हैं वह मैं दूर करना चाहता हूं दो सदस्यों ने जो कहा कि इस बिल को दो परिवारों को ध्यान में रखकर के लाया गया यह हकीकत नहीं है. मैं थोड़ी और स्पष्टता से कहूं तो कहने का यह आशय था, कि गांधी परिवार के तीन सदस्यों को ध्यान में रखकर यह बिल लाया गया यह ठीक नहीं है. जो पुराना कानून था उस आधार पर गांधी परिवार की सेक्युरिटी असेस्मेंट के आधार पर उनकी एसपीजी सुरक्षा हटा ली गई है. इसके लिए उनको दूसरी सुरक्षा दी गई है.
-अमित शाह ने कहा कि हम समानता में मानते हैं. इस देश में सिर्फ गांधी परिवार की सुरक्षा नहीं है. पूर्व पीएम चंद्रशेखर की सुरक्षा हटा ली गई. वीपी सिंह की सुरक्षा हटा ली गई थी. कांग्रेस के ही नरसिंहा रॉव की सुरक्षा हटा ली गई. मनमोहन सिंह की सुरक्षा जेड प्लस की गई. तब कांग्रेस ने कोई हाएतौबा नहीं मचाया. हम परिवार का विरोध नहीं करते. परिवारवाद का विरोध करते हैं. जब तक हमारे सीने में दम है परिवार को विरोध करते रहेंगे.
– केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि मैं साफ करना चाहता हूं कि गांधी परिवार को ध्यान में रखते हुए बिल नहीं लाया गया. बिल से गांधी परिवार का कोई संबंध नहीं है. मैं जरूर कहना चाहता हूं पिछले परिवर्तन एक परिवार को ध्यान में रखते हुए किए गए थे. अशोक सिंघल को एसपीजी नहीं मिली थी. एक दौर में उनको भी खतरा था. पीएम स्टेट ऑफ हेड होता है इसलिए उनके लिए ये सुरक्षा जरूरी है. जहां तक धमकी का सवाल क्यों सिर्फ गांधी परिवार. सबको सुरक्षा मिले. 130 करोड़ लोगों की जिम्मेदारी सरकार की है. एसपीजी सुरक्षा की जिद मुझे समझ नहीं आती.
– बिल पर चर्चा के दौरान बीजेपी सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने कहा कि मैं इस बिल का स्वागत करता हूं. बोला जाता है कि एक परिवार के दो लोगों की हत्या कर दी जाती है. इंदिरा गांधी की हत्या उनके गार्ड ने ही की. उनके घर में ही हत्या हुई. राजीव गांधी के मामले में मैं केटीएस तुलसी को चुनौती देता हूं. क्योंकि एसपीजी वापस ली गई और उनकी हत्या हो गई. सुब्रमण्यम स्वामी ने कहा कि प्रियंका गांधी क्यों नलिनी से मिलने गई थीं. इस्लामिक आतंकियों से कोई खतरा नहीं है, क्योंकि वे सेक्युलर हैं. हम उन्हें (राजीव गांधी) जिंदा देखना चाहते थे. जिससे कि मैं उन्हें भ्रष्टाचार के आरोप में जेल जाते देख सकता.
– बिल पर चर्चा के दौरान प्रो. रामगोपाल यादव ने कहा कि धमकी के आधार पर लोगों को X, Y, Z सुरक्षा मिलती है. सत्ता में जो होता उसके हिसाब से धमकी बदलती है. जो महत्वपूर्ण पद पर हैं (पीएम, गृह मंत्री) वे आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई करते हैं. जब वे सत्ता में नहीं होते हैं तो वे अपराधियों और आतंकियों के निशाने पर होते हैं. सत्ता में नहीं होते हुए धमकी और गंभीर हो जाती है. पीएम राजा होता है. जनता पुत्रवत होती है. सुरक्षा जरूरी है.
-बीजेपी सांसद नीरज शेखर ने कहा कि मेरा मानना है कि ऐसे संगठन होना चाहिए जो सिर्फ पीएम को सुरक्षा दे. पूर्व पीएम के लिए एक अलग सुरक्षा संगठन हो. 1991 में जो संशोधन हुआ उससे मुझे सुरक्षा मिली. मुझे अच्छा लगता था. 11 साल तक मेरे आगे और पीछे गाड़ी चलती थी. लेकिन लोग सोचते थे कि ये कौन लड़का है. 4 गाड़ियां मेरे साथ चलती थी. 21-22 साल की उम्र में कुछ नहीं था. बता दें कि नीरज शेखर पूर्व पीएम चंद्रशेखर के बेटे हैं. सबको सुरक्षा अच्छी लगती है. 2001 से मैंने नहीं रखी है सुरक्षा. जब से सांसद बना हुआ तब से सिर्फ एक जवान रहता है.
-लोकसभा में स्पेशल प्रटेक्शन ग्रुप (अमेंडमेंट) बिल, 2019 पारित होने के बाद मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इसे राज्यसभा में भी पेश किया. इस बिल को लेकर सियासी घमासान मच गया. बीजेपी और कांग्रेस नेताओं के बीच जुबानी जंग जारी है.
-लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मंगलवार को सदन में प्रश्नकाल के दौरान केंद्रीय मंत्री रावसाहेब दानवे को सदस्यों का प्रश्न ध्यान से सुनने को कहा. सदन में प्रश्नकाल के दौरान शिवसेना के हेमंत तुकाराम गोडसे के भारतीय खाद्य निगम से संबंधित पूरक प्रश्न पर उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण राज्य मंत्री रावसाहेब दानवे ने सदस्य से फिर से प्रश्न पूछने को कहा. इस पर अध्यक्ष बिरला ने कहा,माननीय मंत्री जी, प्रश्न को ध्यान से सुना करें. बिरला ने गोडसे से पहला पूरक प्रश्न नहीं दोहराने और दूसरा पूरक प्रश्न पूछने को कहा था.
-शून्यकाल के दौरान कांग्रेस के एंटो एंटनी ने इस मुद्दे को उठाते हुए कहा कि कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी की सुरक्षा में सेंध लगने का मामला सामने आया है. सरकार ने जब एसपीजी सुरक्षा कवर हटाने की बात की थी तब कहा था कि सीआरपीएफ की पुख्ता सुरक्षा दी गई है लेकिन फिर ऐसी स्थिति कैसे उत्पन्न हुई. उन्होंने सवाल किया कि सात लोग किस प्रकार से उनके (प्रियंका गांधी के) आवास में प्रवेश कर गए.
– राज्यसभा में मंगलवार को तृणमूल कांग्रेस के एक शांतनु सेन ने ने नोटबंदी के तीन साल बाद भी देश के विभिन्न हिस्सों से जाली करेन्सी जब्त किए जाने का दावा करते हुए अर्थव्यवस्था में सुधार के लिए कड़े कदम उठाए जाने की मांग की. सेन ने कहा कि अर्थव्यवस्था से जाली नोट अब तक दूर नहीं किए जा सके. उन्होंने मांग की कि सरकार को अर्थव्यवस्था में सुधार के लिए कड़े कदम उठाने चाहिए.
– प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के लिए ‘घुसपैठिया’ और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के लिए ‘निर्बला’ शब्द का इस्तेमाल करने पर लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी से माफी की मांग पर मंगलवार को भी भाजपा के सदस्य अड़े रहे, वहीं अपनी बात नहीं रख पाने पर कांग्रेस ने सदन से वाकआउट कर दिया.
– डीएमके के टीआर बालू ने आईटी उद्योग की मुश्किलों का मुद्दा उठाया
– छात्रावास में छात्र-छात्राओं के लिए बेहतर सुविधाओं की मांग की डीएमके की के कनीमोझी ने
– लोकसभा में भाजपा नेताओं का हंगामा, पीएम और गृह मंत्री संबंधी अभद्र टिप्पणी के लिए अधीर रंजन चौधरी से माफी मांगने की मांग
– लोकसभा में कांग्रेस के राजमोहन उन्नीथन ने अपने क्षेत्र में मानसिक रूप से दिव्यांग लोगों के लिए संस्थान स्थापित करने की मांग की
– लोकसभा में कांग्रेस के कुलदीप शर्मा ने अपने क्षेत्र में स्कूलों में शिक्षक, प्रिंसिपल और हेडमास्टर के खाली पदों की समस्या का मुद्दा उठाया
बीएसपी के कुंवर दानिश अली कर्मचारियों की भविष्य निधि को निजी कंपनियों में निवेश करने के खतरों का मुद्दा उठाया
– शून्यकाल में अधीर रंजन चौधरी ने प्याज के बढ़ते दाम का मुद्दा उठाया
– रसायन और उर्वरक राज्यमंत्री मनसुख मांडविया ने कहा, कैंसर की कई दवाएं अब सस्ते दाम में उपलब्ध हैं. पेसमेकर और नि-रिप्लेसमेंट इम्प्लांट के अलावा 8 उपकरणों की पहचान की गई है जो अब सस्ते दाम में उपलब्ध होंगे.
– आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह और सुशील गुप्ता ने प्याज की कीमतों में वृद्धि के खिलाफ संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन किया.

दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की संसदीय दल की बैठक संसद भवन भवन में हुई.
– मथुरा की भाजपासंसद हेमा मालिनी ने प्रियंका रेड्डी की हत्या को लेकर कड़ी निंदा की. उन्होंने कहा कि हर दिन हम महिलाओं के साथ हो रही इन बातों को सुन रहे हैं. महिलाओं को परेशान किया जा रहा है. मेरा सुझाव है कि दोषियों को जेल में स्थायी रूप से रखा जाए, एक बार जेल जाने के बाद उन्हें बिल्कुल भी रिहा नहीं किया जाना चाहिए.

– द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) ने लोकसभा में आर्थिक मंदी और सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में अभूतपूर्व रोजगार हानि पर स्थगन प्रस्ताव नोटिस दिया है.
– ओडिशा में रथ यात्रा के दौरान पुरी में एक आदिवासी लड़की से बलात्कार को लेकर कांग्रेस सांसद सप्तगिरी शंकर उल्का ने लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव नोटिस दिया है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola