ePaper

हैदराबाद में महिला डॉ की बलात्कार के बाद हत्‍या : CM केसीआर ने फास्‍ट ट्रैक कोर्ट बनाने का दिया आदेश

Updated at : 01 Dec 2019 8:49 PM (IST)
विज्ञापन
हैदराबाद में महिला डॉ की बलात्कार के बाद हत्‍या : CM केसीआर ने फास्‍ट ट्रैक कोर्ट बनाने का दिया आदेश

हैदराबाद : तेलंगाना के हैदराबाद में एक महिला पशु चिकित्सक की बलात्कार के बाद हत्या को लेकर लोगों के बढ़ते गुस्से के बीच, पीड़िता की कॉलोनी के लोगों ने उसके माता-पिता से मिलने के लिए किसी भी राजनीतिक दल के नेता को कॉलोनी के अंदर नहीं आने दिया. वहीं पुलिस आगे की जांच के लिए […]

विज्ञापन

हैदराबाद : तेलंगाना के हैदराबाद में एक महिला पशु चिकित्सक की बलात्कार के बाद हत्या को लेकर लोगों के बढ़ते गुस्से के बीच, पीड़िता की कॉलोनी के लोगों ने उसके माता-पिता से मिलने के लिए किसी भी राजनीतिक दल के नेता को कॉलोनी के अंदर नहीं आने दिया.

वहीं पुलिस आगे की जांच के लिए आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने की तैयारी कर रही है. इधर मामले के 4 दिनों के बाद मुख्‍यमंत्री चंद्रशेखर राव ने दोषियों को सजा दिलाने के लिए फास्‍ट ट्रैक कोर्ट बनाने का आदेश दे दिया है.

तेलंगाना सीएम ऑफिस की ओर से कहा गया कि सीएम ने मामले की जांच तेजी से करने का आदेश दिया है. सीएम ने कहा, दोषियों को छोड़ा नहीं जाएगा, उन्‍हें तत्‍काल सजा दी जाएगी.

मामले से आक्रोशित लोगों ने शहर के बाहरी हिस्से में स्थित शमशाबाद इलाके में कॉलोनी का मुख्य द्वार बंद कर दिया और तख्ती टांग दी जिस पर लिखा था, मीडिया नहीं, पुलिस नहीं, कोई बाहरी नहीं, कोई हमदर्दी नहीं, सिर्फ कार्रवाई, इंसाफ.

घटना की निंदा करते हुए एक महिला ने कहा कि बृहस्पतिवार को घटना के बाद से अब तक मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने क्यों प्रतिक्रिया नहीं दी. उन्होंने कहा, पुलिस ने कहा है कि उसने चार आरोपियों को पकड़ा है जिन्होंने अपना गुनाह स्वीकार कर लिया है.

मुख्यमंत्री क्यों जल्दी न्याय सुनिश्चित नहीं करते हैं? एक अन्य महिला ने जानना चाहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अब तक घटना पर ट्वीट क्यों नहीं किया है. माकपा से पूर्व विधायक जे रंगा रेड्डी और उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं को कॉलोनी के लोगों ने वापस जाने को कहा। पूर्व विधायक ने कहा कि वह और उनके साथी कुछ समय के लिए कॉलोनी के द्वार के सामने पालथी मारकर बैठ गए और परिवार के प्रति हमदर्दी जताई.

इससे पहले, पुलिस ने कहा कि वह चारों आरोपियों से आगे की पूछताछ के लिए अदालत में याचिका दायर कर उनकी हिरासत की मांग करेगी. पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, आगे की जांच के लिए हम जल्द ही हिरासत याचिका दायर करने पर विचार कर रहे हैं.

अधिकारी ने बताया कि हिरासत में लेकर की जाने वाली पूछताछ जेल में भी की जा सकती है. इस बीच, पशु चिकित्सक से बलात्कार और उसकी हत्या की प्राथमिकी देर से दर्ज करने के आरोप में तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है. रंगा रेड्डी बार एसोसिएशन ने फैसला किया है कि मामले में आरोपियों की तरफ से कोई भी पेश नहीं होगा.

इस जघन्य घटना में अपने बच्चों की संलिप्तता पर दुख जताते हुए दो आरोपियों की मां ने कहा कि उन्हें उचित सजा दी जानी चाहिए. चार आरोपियों में से एक चेन्नावाकेसावुलु की मां ने कहा, आपको जो सजा देनी है उन्हें दो.

मेरी भी एक बेटी है. उसकी मां ने दावा किया कि चेन्नासेवुलु पिछले छह महीने से सेहत संबंधी समस्याओं की वजह से कोई काम नहीं कर रहा था. उसके परिवार के एक अन्य सदस्य ने कहा कि उसकी गिरफ्तार के बाद से वे लोगों का सामना नहीं कर पा रहे हैं.

आरोपी शिवा की मां ने कहा कि उसे अपराध के लिए सजा देनी चाहिए. उन्होंने कहा, आप कुछ भी कीजिए. केवल भगवान जानता है. दोनों आरोपियों के परिजन ने कहा कि वे मामूली तरीकों से अपना जीवन यापन करते हैं.

इसी हफ्ते 25 वर्षीय महिला पशु चिकित्सक से बलात्कार और फिर उसकी हत्या करने के बाद देश भर में गुस्सा है. घटना के विरोध में तेलंगाना में हैदराबाद और अन्य स्थानों पर प्रदर्शन हुए और नागरिकों ने मांग की कि आरोपियों को मृत्युदंड जैसी कड़ी से कड़ी सजा दी जाए. इस बीच, साइबराबाद पुलिस ने रविवार को मीडिया से अपील की कि वे इस घटना को लगातार टीवी पर नहीं चलाएं.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola