महाराष्‍ट्र चुनाव : मंत्री रही पंकजा मुंडे नहीं बचा पायीं अपनी सीट, फड़णवीस, पाटिल, आदित्य चुनाव जीते

Updated at : 24 Oct 2019 10:31 PM (IST)
विज्ञापन
महाराष्‍ट्र चुनाव : मंत्री रही पंकजा मुंडे नहीं बचा पायीं अपनी सीट, फड़णवीस, पाटिल, आदित्य चुनाव जीते

मुंबई : महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में जहां मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल और शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे जीत दर्ज करने वाले प्रमुख उम्मीदवारों में शामिल हैं वहीं, महाराष्ट्र सरकार में मंत्री रहीं पंकजा मुंडे अपनी सीट बचाने में नाकाम रहीं हैं. महाराष्ट्र में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री फड़णवीस अपनी नागपुर दक्षिण-पश्चिम सीट […]

विज्ञापन

मुंबई : महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में जहां मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल और शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे जीत दर्ज करने वाले प्रमुख उम्मीदवारों में शामिल हैं वहीं, महाराष्ट्र सरकार में मंत्री रहीं पंकजा मुंडे अपनी सीट बचाने में नाकाम रहीं हैं. महाराष्ट्र में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री फड़णवीस अपनी नागपुर दक्षिण-पश्चिम सीट लगातार पांचवी बार बरकरार रखने में सफल रहे जबकि ठाकरे परिवार से पहली बार चुनावी रण में उतरे आदित्य मध्य मुंबई की वर्ली सीट से विजेता बने.

दो बार के विधानपार्षद और मौजूदा मंत्री पाटिल पुणे की कोठरूड सीट से चुनाव जीत गये हैं. वह पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे थे. भाजपा के नीतेश राणे कोंकण क्षेत्र की कंकावली सीट से चुनाव जीत गये हैं, जबकि पुणे जिले के बारामती से राकांपा नेता अजीत पवार ने जीत हासिल की.

नीतेश राणे ने 2014 के चुनाव में यह सीट कांग्रेस के टिकट पर जीती थी लेकिन 21 अक्टूबर को हुए चुनावों से पहले उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया था. नीतेश ने अपने करीबी प्रतिद्वंद्वी शिवसेना के सतीश सावंत को हराया. सिंधुदुर्ग जिले की कंकावली एकमात्र ऐसी सीट थी जहां राज्यव्यापी गठबंधन के बावजूद भाजपा और शिवसेना एक दूसरे के सामने थीं.

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेसी नेता अशोक चव्हाण और पृथ्वीराज चव्हाण ने क्रमश: भोकर (नांदेड़ जिला) और कराड दक्षिण (सातारा जिला) से जीत हासिल की. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बालासाहेब थोराट ने अहमदनगर जिले की संगमनेर विधानसभा सीट लगातार आठवीं बार अपने पास बरकरार रखी.

आदित्य ठाकरे ने अपने करीबी प्रतिद्वंद्वी राकांपा के सुरेश माने को वर्ली विधानसभा सीट पर शिकस्त दी. लोकसभा चुनावों से पहले कांग्रेस छोड़ भाजपा का दामन थामने वाले आवास मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल अपनी परंपरागत शिरडी विधानसभा सीट से चुनाव जीत गये हैं. वह साढ़े चार सालों तक विधानसभा में नेता विपक्ष थे. राकांपा नेता और पूर्व मंत्री जयंत पाटिल ने सांगली जिले की अपनी इस्लामपुर सीट बरकरार रखी.

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव-2019 में सबसे धनी उम्मीदवार भाजपा के पराग शाह मुंबई की घाटकोपर पूर्व सीट से चुनाव जीत गये हैं. उन्होंने अपनी संपत्ति 500 करोड़ रुपये घोषित की है. चुनाव हारने वाले प्रमुख उम्मीदवारों में राज्य की महिला एवं बाल विकास मंत्री पंकजा मुंडे शामिल हैं. पंकजा बीड जिले की परली सीट से भाजपा उम्मीदवार थीं.

प्रदेश सरकार के मंत्री जयदत्त क्षीरसागर भी चुनाव हार गए हैं. विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस छोड़ भाजपा में गये हर्षवर्धन पाटिल भी चुनाव हार गये हैं. उन्हें पुणे जिले की इंदापुर सीट से राकांपा उम्मीदवार दत्तात्रेय भारने ने शिकस्त दी. प्रदेश में 288 सदस्यीय विधानसभा के लिये 21 अक्टूबर को चुनाव हुए थे.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola