केजरीवाल का पीएम पर बड़ा हमला, कहा- मोदीजी के पाकिस्तान से सीक्रेट रिश्ते, देश में फैला टैक्स आतंक

Updated at : 06 May 2019 1:52 PM (IST)
विज्ञापन
केजरीवाल का पीएम पर बड़ा हमला, कहा- मोदीजी के पाकिस्तान से सीक्रेट रिश्ते, देश में फैला टैक्स आतंक

नयी दिल्ली: आम आदमी पार्टी के संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को एक प्रेस कांफ्रेंस कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जबरदस्त हमला बोला. इस प्रेस कांफ्रेंस में खासतौर से उन्होंने दिल्ली के व्यापारी वर्ग को संबोधित किया और बताने की कोशिश की कि अगर हम सातों सीटें जीतते हैं तो व्यापारियों […]

विज्ञापन

नयी दिल्ली: आम आदमी पार्टी के संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को एक प्रेस कांफ्रेंस कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जबरदस्त हमला बोला. इस प्रेस कांफ्रेंस में खासतौर से उन्होंने दिल्ली के व्यापारी वर्ग को संबोधित किया और बताने की कोशिश की कि अगर हम सातों सीटें जीतते हैं तो व्यापारियों के मुद्दे को पुरजोर तरीके से उठायेंगे. केजरीवाल ने कहा, आज व्यापारी वर्ग अपने आप को अनाथ महसूस कर रहा है, भाजपा को छोड़कर कहीं और जाना चाहता है.

दिल्ली के सीएम ने कहा कि कुछ व्यापारी अब भी भ्रम की स्थिति में हैं, वह कहते हैं कि मोदीजी ने हमारी रोटी छीनी, हमारा धंधा बंद कराया, रोजगार चौपट हुए पर हम उन्हें ही वोट देंगे. जब उन व्यापारियों से पूछा कि क्यों उन्हें वोट देंगे तो वह बोले कि राष्ट्रवाद के लिए. इस पर केजरीवाल ने कहा कि व्यापारी व अन्य वोटर इस भ्रम से बाहर आएं। मोदी जी का राष्ट्रवाद छद्म राष्ट्रवाद है. ये मोदी जी का मायाजाल है. उन्होंने कहा कि व्यापारी ये समझें कि ये कैसा राष्ट्रवाद है जहां आतंकवादी मोदी जी को पीएम बनाना चाहते हैं. यहां तक कि पाकिस्तान के पीएम इमरान खान भी मोदी जी को पीएम बनाना चाहते हैं आखिर क्यों.

उन्होंने आरोप लगाया कि मोदीजी और पाकिस्तान के सीक्रेट और गहरे रिश्ते हैं। अगर ऐसे सवाल उठाए जाते हैं तो पीएम एक सीएम पर हमले करवाते हैं. ऐसा पीएम राष्ट्रवादी कैसे हो सकता है. केजरीवाल ने कहा- मैं आपसे अपील करता हूं आपने मोदीजी का साथ दिया आपको क्या मिला, अब आप मेरा साथ दीजिए मैं आखिरी सांस तक आपका साथ निभाऊंगा. उन्होंने दिल्ली के व्यापारियों से अपील की, सातों सीटें हमें दिलाओ हम दिल्ली के व्यापारियों का साथ देंगे, उन्हें सीलिंग से मुक्ति दिलाएंगे. मोदी सरकार वैसे तो अपने राजनीतिक विरोधियों को तंग करती ही रहती है लेकिन उसने व्यापारियों को भी डरा रखा है.

केजरीवाल ने दावा किया कि हजारों लाखों की संख्या में पूरे देश में व्यापारियों पर रेड हो रही है. व्यापारियों को नोटिस भेजा जा रहा है. एक तरह से टैक्स टेररिज्म देश में छाया हुआ है. इससे अर्थव्यवस्था चौपट हो गई है. भाजपा वाले राष्ट्रवाद की बात करते हैं मगर व्यापार जगत को डराकर राष्ट्र को आगे नहीं ले जाया जा सकता.

केजरीवाल ने सरकार को संबोधित करते हुए कहा कि देश में ऐसा माहौल मत बनाओ कि सारे व्यापारी और उद्योगपति चोर हैं और सब डरकर रहने लगें. बल्कि सिस्टम को ठीक करना पड़ेगा. वह बोले, हमने दिल्ली में सीलिंग रुकवाई, व्यापारियों से अपील है कि हमारे साथ आओ अंतिम सांस तक आपका साथ देंगे.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola