लोकसभा चुनाव 2019: तीसरे चरण के लिए चुनाव प्रचार थमा, 116 सीटों पर मतदान कल

Updated at : 22 Apr 2019 8:25 AM (IST)
विज्ञापन
लोकसभा चुनाव 2019:  तीसरे चरण के लिए चुनाव प्रचार थमा, 116 सीटों पर मतदान कल

नयी दिल्ली : लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के तहत 14 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की 116 लोकसभा सीटों पर मंगलवार को होने वाले मतदान के लिए चुनाव प्रचार रविवार शाम को थम गया और इस दौरान शीर्ष स्तर के नेताओं ने अपने उम्मीदवारों को जिताने के लिए पूरी ताकत झोंक दी. इनमें से गुजरात […]

विज्ञापन

नयी दिल्ली : लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के तहत 14 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की 116 लोकसभा सीटों पर मंगलवार को होने वाले मतदान के लिए चुनाव प्रचार रविवार शाम को थम गया और इस दौरान शीर्ष स्तर के नेताओं ने अपने उम्मीदवारों को जिताने के लिए पूरी ताकत झोंक दी. इनमें से गुजरात (26), केरल (20), गोवा (2), दादरा नागर हवेली (1) और दमन दीव (1) की सभी लोकसभा सीटों पर एक साथ मतदान होगा. इनके अलावा असम की चार, बिहार की पांच, छत्तीसगढ़ की सात, जम्मू कश्मीर की एक, कर्नाटक की 14, महाराष्ट्र की 14, ओडिशा की छह, उत्तर प्रदेश की 10 और पश्चिम बंगाल की पांच सीटों के लिए तीसरे चरण में मतदान होगा.

इस चरण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत अनेक दिग्गज नेताओं ने चुनाव प्रचार में भाग लिया और अपने अपने दलों के प्रत्याशियों के लिए रैलियों में वोट मांगे.

इस चरण में जिन महत्वपूर्ण उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला ईवीएम में बंद हो जाएगा उनमें भाजपा अध्यक्ष अमित शाह गुजरात के गांधीनगर से, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी केरल के वायनाड से और सपा नेता मुलायम सिंह यादव उत्तर प्रदेश के मैनपुरी से ताल ठोक रहे हैं. केरल में रविवार को प्रचार के दौरान हिंसा की कई घटनाएं हुईं.

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ए के एंटनी के तिरूवनंतपुरम में रोड शो को एलडीएफ कार्यकर्ताओं के एक समूह ने कथित रूप से अवरूद्ध किया जिसके कारण पूर्व केन्द्रीय मंत्री को वापस लौटना पड़ा. पुलिस ने कहा कि पाथनमथित्ता जिले के तिरूवल्ला में एक पुलिसकर्मी सहित 30 से अधिक लोग उस समय घायल हो गये जब भाजपा और वाममोर्चे के कार्यकर्ताओं के बीच भिड़ंत हो गई. पुलिस को पथराव कर रही भीड़ को तितर बितर करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा.

अलाथुर इलाके से भी पथराव की खबरें हैं जहां यूडीएफ उम्मीदवार राम्या हरिदास के काफिले पर कथित रूप से पत्थर फेंके गये. महाराष्ट्र में भाजपा, शिवसेना, राकांपा और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने प्रचार अभियान में अपने अपने पार्टी उम्मीदवारों के लिए मतदाताओं का समर्थन मांगा.

राज्य में शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे, राकांपा अध्यक्ष शरद पवार, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चव्हाण समेत अनेक वरिष्ठ नेताओं ने भी जनसभाओं को संबोधित किया. इस चरण में राज्य के जिन उम्मीदवारों का भविष्य तय होगा उनमें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रावसाहेब दानवे, राकांपा की सुप्रिया सुले, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राधाकृष्ण विखे पाटिल के पुत्र और अहमदनगर से भाजपा के सुजय विखे पाटिल और स्वाभिमान शेतकारी पक्ष के राजू शेट्टी आदि प्रमुख हैं.

गुजरात की 26 सीटों के लिए प्रचार आज समाप्त हो गया. यहां एक ही चरण में सभी सीटों पर मतदान होगा। प्रचार के अंतिम दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य के पाटण में जनसभा को संबोधित किया. भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने गांधीनगर में रोड शो किया. स्टार प्रचारकों में प्रधानमंत्री मोदी, भाजपा अध्यक्ष शाह, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपानी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज, स्मृति ईरानी और निर्मला सीतारमण, कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू, शत्रुघ्न सिन्हा शामिल रहे.

भाजपा का इस चरण में उत्तर प्रदेश में बहुत कुछ दांव पर है और पार्टी ने 2014 में इस चरण की 10 में से सात सीटें जीती थीं लेकिन इस बार उसे सपा-बसपा-रालोद गठबंधन से कड़ी चुनौती मिल रही है। इस चरण में मुलायम सिंह यादव, केन्द्रीय मंत्री संतोष कुमार गंगवार (बरेली) और वरुण गांधी (पीलीभीत) चुनावी मैदान में हैं. जम्मू कश्मीर में अनंतनाग जिले में चुनाव प्रचार समाप्त हो गया. यह जिला अनंतनाग लोकसभा क्षेत्र में आता है जहां तीसरे चरण में वोट डाले जाने हैं.

छत्तीसगढ़ की सात सीटों पर भी चुनाव प्रचार रविवार को समाप्त हो गया. इस दौरान प्रचार में भ्रष्टाचार, गरीबी और किसानों के मुद्दों पर भाजपा तथा कांग्रेस के बीच तीखी बहस देखने को मिली. राज्य की उक्त सात सीटों पर कुल 123 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं. इनमें रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, कोरबा, सरगुजा आदि शामिल हैं. कर्नाटक की 14 लोकसभा सीटों के लिए मंगलवार को होने वाले मतदान में 237 उम्मीदवारों के भविष्य का फैसला होगा. यहां रविवार शाम समाप्त हुए चुनाव प्रचार में भाजपा तथा कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन के शीर्ष नेताओं ने जमकर मेहनत की.

भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री मोदी, भाजपा अध्यक्ष शाह के अलावा केंद्रीय मंत्रियों निर्मला सीतारमण, स्मृति ईरानी और बीएस येदियुरप्पा समेत प्रदेश के नेताओं ने भी चुनाव प्रचार में भाग लिया. वहीं कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन की ओर से राहुल गांधी, जेडीएस नेता तथा पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवगौड़ा, मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी और पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने प्रचार का जिम्मा संभाला। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने भी गठबंधन के लिए प्रचार किया.

तीसरे चरण में प्रमुख उम्मीदवारों में गुलबर्गा से मल्लिकार्जुन खड़गे (कांग्रेस), उत्तर कन्नड से केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार हेगड़े (भाजपा) तथा बिजापुर से केंद्रीय मंत्री रमेश जिगजिगानी, येदियुरप्पा के बेटे बी वाई राघवेंद्र (भाजपा) तथा पूर्व मुख्यमंत्री एस बंगारप्पा के बेटे मधु बंगारप्पा (जेडीएस) शामिल हैं. असम की चार लोकसभा सीटों पर मंगलवार को मतदान होगा जिसके लिए आज प्रचार समाप्त हो गया. प्रचार करने वालों में प्रधानमंत्री मोदी, मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल, पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई, वित्त मंत्री हिमंत बिस्व सरमा तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रंजीत दास और असम प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष रिपुन बोरा प्रमुख रहे.

ओडिशा की छह लोकसभा सीटों और 42 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव प्रचार रविवार शाम थम गया. भाजपा और बीजद समेत अन्य दलों के नेताओं ने यहां सघन प्रचार किया. मंगलवार को कड़ी सुरक्षा के बीच भुवनेश्वर, कटक, पुरी, संबलपुर, क्योंझर और ढेंकनाल लोकसभा सीटों और 42 विधानसभा क्षेत्रों पर मतदान होगा. तीसरे चरण में प्रमुख उम्मीदवारों में बीजद के बी महताब, पिनाकी मिश्रा, अरुप पटनायक, भाजपा के संबित पात्रा, प्रकाश चंद्र मिश्रा और अपराजिता सारंगी आदि शामिल हैं.

गोवा की दोनों लोकसभा सीटों पर 23 अप्रैल को मतदान होगा. इसी दिन तीन विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव भी होना है. उत्तर गोवा, दक्षिण गोवा लोकसभा सीटों के साथ शिरोडा, मापुसा और मांद्रेम विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए आज शाम प्रचार थम गया. यहां भाजपा और कांग्रेस के दिग्गज नेताओं के साथ आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार किया.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola