राहुल का हमला : मोदी की गलती से जल रहा जम्मू-कश्मीर, नेता नहीं, जवान हो रहे शहीद

Updated at : 29 Oct 2018 7:55 PM (IST)
विज्ञापन
राहुल का हमला : मोदी की गलती से जल रहा जम्मू-कश्मीर, नेता नहीं, जवान हो रहे शहीद

उज्जैन : कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गलती की वजह से जम्मू-कश्मीर जल रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में कोई राजनीतिक नेता शहीद नहीं हो रहा है, वहां हिंदुस्तान की सेना के जवान शहीद हो रहे हैं. मालवा निमाड़ के दो दिवसीय चुनावी दौरे […]

विज्ञापन

उज्जैन : कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गलती की वजह से जम्मू-कश्मीर जल रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में कोई राजनीतिक नेता शहीद नहीं हो रहा है, वहां हिंदुस्तान की सेना के जवान शहीद हो रहे हैं.

मालवा निमाड़ के दो दिवसीय चुनावी दौरे के पहले दिन गांधी ने यहां दशहरा मैदान में एक आमसभा में कहा कि भाजपावाले सेना और सर्जिकल स्ट्राइक की बात करेंगे. किंतु जिन्होंने हमारे लिए सर्जिकल स्ट्राइक की उनके लिए आपने क्या किया, इस बारे में कोई बात नहीं करते. उन्होंने कहा कि उनके पास कई पूर्व सैन्य कर्मी आये थे. मोदीजी ने एक रैंक एक पेंशन की बात की थी. हमने उन पर भरोसा किया. आज मोदी जी कहते हैं कि एक रैंक एक पेंशन हो गयी. वह झूठ बोलते हैं. एक रैंक एक पेंशन आज तक नरेंद्र मोदी ने नहीं की. मगर जहां जाते हैं, वहां कहते हैं कि कर दिया.

गांधी ने आगे कहा, दूसरी बात, जम्मू कश्मीर को जला दिया. आतंकवादियों के लिए दरवाजा खोला. उन्होंने कहा कि पूर्व सैन्यकर्मी कहते हैं कि जम्मू कश्मीर में हिंदुस्तान का कोई राजनीतिक नेता शहीद नहीं हुआ. प्रधानमंत्री शहीद नहीं हुआ. जम्मू कश्मीर में हिंदुस्तान की सेना का जवान रोज शहीद हो रहा है और ‘गलती किसकी है, नरेंद्र मोदी की है.’ मोदी के पकौड़ावाले बयान पर कटाक्ष करते हुए गांधी ने कहा, पकौड़ा बेचना भी एक रोजगार है. यदि आप पकौड़े तलेगें, तो भाजपा पकौड़ा तो खा लेगी और उसके तेल से भी पैसा बना लेगी. बैंकों का कर्ज लेकर शराब कारोबारी विजय माल्या के विदेश भागने का जिक्र करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने सरकार और वित्त मंत्री अरुण जेटली पर माल्या को देश से भागने देने का आरोप दोहराया.

मालूम हो कि प्रदेश में 28 नवंबर को विधानसभा चुनाव होने हैं. आमसभा के पहले कांग्रेस अध्यक्ष गांधी ने विश्व प्रसिद्ध महाकाल मंदिर में भगवान महाकालेश्वर के दर्शन कर ज्योर्तिलिंग का अभिषेक किया. महाकालेश्वर ज्योर्तिलिंग देश के 12 ज्योर्तिलिंगों में से एक है. गांधी ने आमसभा में उज्जैन की क्षिप्रा नदी का बोतल में भरा मटमैला पानी दिखाते हुए प्रदेश सरकार पर आरोप लगाया कि क्षिप्रा नदी की सफाई पर 400 करोड़ रुपये खर्च करने के बाद भी नदी का पानी साफ नहीं हुआ है. उन्होंने कहा कि पिछले 15 साल के भाजपा शासन काल में मध्यप्रदेश के जनता के लिए कुछ नहीं किया गया, बल्कि यहां व्यापमं, ई-टेंडरिंग जैसे घोटाले हुए.

उज्जैन की बंद पड़ी कपड़ा मिलों की बात करते हुए गांधी ने कहा कि टेक्सटाइल क्षेत्र में भारत अब बंग्लादेश से भी पीछे हो गया है. उन्होंने वादा किया कि कांग्रेस के सरकार बनने पर इन मिलों का पुनरुद्धार कर स्थानीय युवाओं का रोजगार दिलाया जायेगा. इससे पहले आमसभा को संबोधित करते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने राज्य की शिवराज सिंह सरकार पर उज्जैन में हुए सिंहस्थ कुंभ 2016 के आयोजन में भारी भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाया.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola