अमित शाह ने राहुल गांधी पर साधा निशाना, कहा -जीत का सपना देखना बंद करें

जयपुर : भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह आगामी चुनाव में जीत का सपना देखना बंद करें और अब ऐसी स्थिति आ गयी है कि कांग्रेस पार्टी को दूरबीन लेकर ढूंढना पड़ेगा. शाह ने जयपुर के पास पंडित दीनदयाल उपाध्याय की कर्मस्थली कहे जानेवाले धानक्या […]
जयपुर : भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह आगामी चुनाव में जीत का सपना देखना बंद करें और अब ऐसी स्थिति आ गयी है कि कांग्रेस पार्टी को दूरबीन लेकर ढूंढना पड़ेगा.
शाह ने जयपुर के पास पंडित दीनदयाल उपाध्याय की कर्मस्थली कहे जानेवाले धानक्या में बुधवार को बूथ कार्यकार्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि राहुल गांधी दिन में सपने देखना बंद करें. उनको सपना देखने का अधिकार है, लेकिन पीछे की पृष्ठभूमि तो देखो. वर्ष 2014 से जब से केंद्र में मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनी, उसके बाद जितने भी चुनाव आये हैं, उनका इतिहास उठाकर देखो. महाराष्ट्र, कश्मीर, हरियाणा, झारखंड, असम, मणिपुर, मेघालय, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, गोवा, गुजरात, नगालैंड सब जगह कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया. कांग्रेस पार्टी को दूरबीन लेकर ढूंढना पड़े, देश में ऐसी स्थिति हो गयी है.
उन्होंने दोहराया कि राजस्थान में भाजपा अंगद का पांव है जिसे कोई हिला नहीं सकता. कांग्रेस के नेतृत्व में न देश सलामत रह सकता है, न राजस्थान सलामत रह सकता है. शाह ने विश्वास जताया कि पांचों राज्यों में आगामी विधानसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा पार्टी जीतनेवाली है और 2019 में भी फिर से प्रचंड बहुमत के साथ नरेंद्र मोदी की एक मजबूत सरकार बननेवाली है. उन्होंने राजस्थान में सरकारों के बदलने की परंपरा बदलने का आह्वान करते हुए कहा कि राजस्थान में एक बार कांग्रेस और एक बार भाजपा की सरकार बनने का खेल बंद करना होगा. राजस्थान पर एक ताना है कि यहां एक बार कांग्रेस की सरकार आती है और एक बार भाजपा की. इस ताने को समाप्त करना होगा और भाजपा को एक बार फिर सत्ता में लाना होगा.
उन्होंने कहा कि देश की राह बूथ कार्यकर्ता स्तर से निकलती है. उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र किया. शाह ने राहुल गांधी पर हमला करते हुए कहा, आप हमारे साढ़े चार साल का क्या हिसाब मांग रहे हो, देश की जनता आपकी चार पीढ़ी का हिसाब मांग रही है. आपके जो मैनेजर हैं, वे आपको बताते भी नहीं हैं कि आप हिसाब मांगने की स्थिति में नहीं हो. उन्होंने कहा कि जब केंद्र और प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी, तो तब राजस्थान को केवल एक लाख नौ हजार करोड़ रुपये मिले थे. 2014 में जब यहां वसुंधरा राजे की सरकार बनी और केंद्र में नरेन्द्र मोदी की सरकार बनी तो राजस्थान को दो लाख 63 हजार 580 करोड़ रुपये मिले. राजस्थान की जनता पर यह उपकार नहीं, यह राजस्थान की जनता का अधिकार है. शाह ने राहुल गांधी से कहा, आप हमारा हिसाब किताब बाद में मांगें, तनिक यहां तय तो कर दो कि यहां का सेनापति कौन है, किसके नेतृत्व में प्रदेश का चुनाव लड़ना चाहते हैं.
सम्मेलन को वसुंधरा राजे और प्रदेशाध्यक्ष मदन लाल सैनी ने भी संबोधित किया। अपनी गौरव यात्रा और अन्य व्यस्तताओं के चलते हाल ही में शाह के कई कार्यक्रमों से गैरहाजिर रहीं राजे ने लंबे समय बाद पहली बार शाह के साथ मंच साझा किया. जैसे ही उन्होंने संबोधन शुरू किया, पंडाल में ‘वसुंधरा राजे जिंदाबाद’ के नारे लगे. राजे ने कहा कि भाजपा की ताकत उसके कार्यकर्ता हैं और वह उनके बिना आगे नहीं बढ़ सकतीं. इससे पहले शाह ने धानक्या रेलवे स्टेशन के पास पंडित दीनदयाल उपाध्याय राष्ट्रीय स्मारक का उद्धाटन किया. लगभग 4,400 वर्ग मीटर इलाके में फैला यह स्मारक 12 करोड़ रुपये की लागत से बना है. इसके लिए रेलवे ने जगह उपलब्ध करायी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




