मुंडे को अश्रुपूर्ण विदाई, अंतिम संस्कार के दौरान हिंसक हुए समर्थक

परली (महाराष्ट्र) : हजारों की संख्या में समर्थकों और परिवार के शोक संतप्त सदस्यों ने नम आंखों से केंद्रीय मंत्री गोपीनाथ मुंडे को बुधवार को यहां अंतिम विदाई दी. अपने नेता को विदाई देने के लिए पूरा मराठवाड़ा क्षेत्र उमड़ पड़ा था. उनकी बड़ी पुत्री पंकजा ने उन्हें मुखाग्नि दी. इस दौरान वहां लोगों ने […]
परली (महाराष्ट्र) : हजारों की संख्या में समर्थकों और परिवार के शोक संतप्त सदस्यों ने नम आंखों से केंद्रीय मंत्री गोपीनाथ मुंडे को बुधवार को यहां अंतिम विदाई दी. अपने नेता को विदाई देने के लिए पूरा मराठवाड़ा क्षेत्र उमड़ पड़ा था. उनकी बड़ी पुत्री पंकजा ने उन्हें मुखाग्नि दी.
इस दौरान वहां लोगों ने गोपीनाथ मुंडे अमर रहे और मुंडे साहेब परत य्याह्ण के नारे लगाये. कड़ी धूप में अंतिम विदाई देने आयी क्षेत्र की जनता अपने नेता की एक झलक पाने के लिए बेताब थी. इस क्रम में उनकी नाराजगी भी सामने आयी. अंतिम संस्कार स्थल पर समर्थकों ने पुलिस दल पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया. परिणामस्वरूप पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा.
64 वर्षीय केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री मुंडे का मंगलवार को दिल्ली में एक सड़क दुर्घटना में निधन हो गया था. यह दुर्घटना उस समय हुई जब वह लोस चुनाव में भाजपा की शानदार जीत के लिए आयोजित सम्मान समारोह के लिए परली जा रहे थे. तकदीर के बेरहम हाथों ने उन्हें छीन लिया. वह वहां जिंदा नहीं पहुंच पाये. मुंडे के पार्थिव शरीर को बैद्यनाथ सुगर कारखाना परिसर ले जाया गया, जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया. यह स्थान उस तोतला मैदान से कुछ ही किलोमीटर दूर है, जहां उनका सम्मान समारोह होना था. महाराष्ट्र के राजनीतिक परिदृश्य से उनके हट जाने से भाजपा विस चुनाव से पहले एक करिश्माई नेता से वंचित हो गयी है.
* सीबीआइ जांच की मांग
आक्रोशित लोगों ने दुर्घटना की सीबीआइ जांच कराने की मांग की. अंतिम संस्कार के बाद तोड़-फोड़ की. भीड़ ने एक कार में आग लगा दी. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण व कुछ अन्य मंत्रियों के वाहन का मार्ग बाधित कर दिया. वहां मौजूद शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने सीबीआइ जांच की मांग का समर्थन किया. जन आक्रोश को देखते हुए मुंडे की पुत्री पंकजा ने मंच पर आगे आकर लोगों से शांत रहने और व्यवस्था बनाये रखने की अपील की.
झटका और रक्तस्राव से मौत
एम्स के चिकित्सकों द्वारा सौंपी गयी शव परीक्षण रिपोर्ट के मुताबिक गोपीनाथ मुंडे की मौत उनकी गर्दन और लीवर में चोट लगने के बाद झटका लगने व रक्तस्राव के चलते हुई.
* गडकरी को अतिक्ति कार्यभार: राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सलाह पर नितिन गडकरी को निर्देश दिया है कि वह ग्रामीण विकास, पंचायती राज और पेयजल एवं स्वच्छता के मंत्रालयों का अतिरिक्त कार्यभार भी संभालें. गडकरी मोदी सरकार में सड़क परिवहन, राष्ट्रीय राजमार्ग और जहाजरानी के केंद्रीय मंत्री हैं.
* ये थे मौजूद : अंतिम संस्कार में भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह, लालकृष्ण आडवाणी, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी,वेंकैया नायडू,डॉ हर्षवर्धन, प्रकाश जावडेकर, राजीव प्रताप रुडी, मनोहर पार्रिकर, रमन सिंह शिवराज सिंह चौहान सहित कई नेता मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




