ePaper

कर्नाटक : कुमारास्वामी का बहुमत परीक्षण शुक्रवार को, JDS को सता रहा ''ऑपरेशन कमल'' का भय...!

Updated at : 24 May 2018 10:03 PM (IST)
विज्ञापन
कर्नाटक : कुमारास्वामी का बहुमत परीक्षण शुक्रवार को, JDS को सता रहा ''ऑपरेशन कमल'' का भय...!

बेंगलुरु : कर्नाटक के मुख्यमंत्री एच डी कुमारास्‍वामी शुक्रवार को बहुमत परीक्षण का सामना करेंगे और ऐसी उम्मीद है कि राज्य में दस दिनों की राजनीतिक अस्थिरता का अंत हो जायेगा. जद (एस)-कांग्रेस-बसपा गठबंधन के नेता कुमारास्‍वामी ने कल विपक्ष के तमाम बड़े नेताओं की मौजूदगी में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी. कांग्रेस के […]

विज्ञापन

बेंगलुरु : कर्नाटक के मुख्यमंत्री एच डी कुमारास्‍वामी शुक्रवार को बहुमत परीक्षण का सामना करेंगे और ऐसी उम्मीद है कि राज्य में दस दिनों की राजनीतिक अस्थिरता का अंत हो जायेगा. जद (एस)-कांग्रेस-बसपा गठबंधन के नेता कुमारास्‍वामी ने कल विपक्ष के तमाम बड़े नेताओं की मौजूदगी में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी.

कांग्रेस के 78 विधायक हैं जबकि कुमारास्‍वामी की जद (एस) के 36 और बसपा का एक विधायक है. गठबंधन ने केपीजेपी के एकमात्र विधायक और एक निर्दलीय विधायक के समर्थन का भी दावा किया है.

कुमारास्‍वामी ने दो सीटों पर जीत दर्ज की थी. भाजपा के बी एस येदियुरप्पा ने 17 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी लेकिन सदन में विश्वास मत हासिल करने से पहले ही उन्होंने इस्तीफा देने की घोषणा कर दी थी.

क्‍या है ‘ऑपरेशन कमल’

शपथ लेने के बाद कुमारास्‍वामी ने विश्वास मत हासिल किये जाने के बारे में विश्वास जताया था लेकिन उन्होंने आशंका भी जतायी थीं कि उनकी सरकार को गिराने के लिए भाजपा ‘ऑपरेशन कमल’ दोहराने का प्रयास कर सकती है.

‘आपरेशन कमल’ या ‘ऑपरेशन लोटस’ नाम के शब्द 2008 में उस वक्त इस्तेमाल किये गये थे जब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बी एस येदियुरप्पा ने मुख्यमंत्री पद संभाला था. पार्टी को साधारण बहुमत के लिए तीन विधायकों की दरकार थी. ‘ऑपरेशन कमल’ के तहत कांग्रेस और जद एस के कुछ विधायकों को भाजपा में शामिल होने के लिए राजी किया गया था.

उनसे कहा गया था कि वे विधानसभा की अपनी सदस्यता छोड़कर फिर से चुनाव लड़ें. उनके इस्तीफे की वजह से विश्वास मत के दौरान जीत के लिए जरूरी संख्या कम हो गयी थी और फिर येदियुरप्पा विश्वास मत जीत गये थे.

एस सुरेश कुमार है भाजपा की ओर से विधानसभा अध्‍यक्ष पद के उम्‍मीदवार

भाजपा ने विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए आज अपने वरिष्ठ नेता और पांच बार के विधायक एस सुरेश कुमार को उतारा है. कांग्रेस के रमेश कुमार ने सत्तारूढ़ गठबंधन के उम्मीदवार के रूप में इस पद के लिए अपना नामांकन भरा. भाजपा उम्मीदवार ने कहा, ‘संख्या बल और कई अन्य कारकों के आधार पर हमारी पार्टी के नेताओं को विश्वास है कि मैं जीतूंगा. इसी विश्वास के साथ मैंने नामांकन दाखिल किया है.’

यह पूछने पर कि भाजपा के केवल 104 विधायक हैं तो ऐसे में उनके जीतने की संभावना क्या है, सुरेश कुमार ने कहा, ‘मैंने नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है. कल दोपहर सवा बारह बजे चुनाव है. चुनाव के बाद आपको पता चल जायेगा.’ कांग्रेस विधायक दल के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने गठबंधन उम्मीदवार की जीत के बारे में विश्वास जताया. उन्होंने कहा, ‘मुझे पता चला है कि भाजपा ने भी नामांकन दाखिल किया है. मुझे उम्मीद है वे नामांकन वापस ले लेंगे. यदि चुनाव होता है तो रमेश कुमार की जीत निश्चित है.’

कुमारास्‍वामी को मंत्रीमंडल विस्‍तार में हो सकती है परेशानी

हालांकि कुमारास्‍वामी के विश्वास मत हासिल करने की संभावना है और उनके लिए मंत्रिमंडल का विस्तार मुश्किल साबित होने वाला है. ऐसा बताया जा रहा है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डी के शिवकुमार उपमुख्यमंत्री पद के लिए उनकी अनदेखी किये जाने से खुश नहीं है. पार्टी ने दलित चेहरा जी परमेश्वर को उपमुख्यमंत्री बनाया है.

शिवकुमार ने कहा था, ‘क्या यह उन लोगों के लिए एक समान है जो एक सीट जीतते है और या जो राज्य जीतते हैं. मैं संन्यास लेने के लिए राजनीति में नहीं आया हूं. मैं शतरंज खेलूंगा फुटबाल नहीं.’ परमेश्वर ने गुरुवार को कहा कि गठबंधन को मुख्यमंत्री के रूप में जद (एस) नेता के कार्यकाल पर अभी चर्चा करनी है.

जब उनसे यह पूछा गया कि क्या कुमारास्‍वामी पूरे पांच वर्ष के कार्यकाल के लिए मुख्यमंत्री बने रहेंगे तो उन्होंने इसके जवाब में कहा, ‘हमने अभी तक इन पर चर्चा नहीं की है.’

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola