राहुल गांधी के इंटरव्यू पर बवाल, भाजपा की शिकायत पर EC ने भेजा नोटिस

Published at :13 Dec 2017 9:15 PM (IST)
विज्ञापन
राहुल गांधी के इंटरव्यू पर बवाल, भाजपा की शिकायत पर EC ने भेजा नोटिस

नयी दिल्ली : गुजरात में अंतिम चरण के विधानसभा चुनाव के एक दिन पहले गुजराती टीवी चैनलों पर राहुल गांधी के साक्षात्कार प्रसारित होने को लेकर कांग्रेस और भाजपा में वाकयुद्ध शुरू हो गया तथा भाजपा ने इस संबंध में चुनाव आयोग से शिकायत की है. इस बीच चुनाव आयोग ने टीवी चैनलों को दिये […]

विज्ञापन

नयी दिल्ली : गुजरात में अंतिम चरण के विधानसभा चुनाव के एक दिन पहले गुजराती टीवी चैनलों पर राहुल गांधी के साक्षात्कार प्रसारित होने को लेकर कांग्रेस और भाजपा में वाकयुद्ध शुरू हो गया तथा भाजपा ने इस संबंध में चुनाव आयोग से शिकायत की है.

इस बीच चुनाव आयोग ने टीवी चैनलों को दिये गये साक्षात्कार के मामले में चुनाव आयोग के कानूनों का प्रथम दृष्टया उल्लंघन होने के कारण राहुल गांधी को कारण बताओ नोटिस भेजा. कई गुजराती चैनलों द्वारा साक्षात्कारों के प्रसारण के बाद विवाद शुरू होने के बीच भाजपा ने आरोप लगाया कि वह गुजरात चुनाव में हार के भय से इतने हताश हो गए हैं कि उन्होंने राज्य में अंतिम चरण के मतदान से एक दिन पहले मीडिया को साक्षात्कार देकर आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन किया.

वहीं कांग्रेस ने मुख्यमंत्री विजय रुपाणी और अन्य पर राहुल गांधी के साक्षात्कारों के प्रसारण को लेकर पत्रकारों को धमकी देने का आरोप लगाया तथा चुनाव आयोग से उनके खिलाफ कार्रवाई का अनुरोध किया. गुजरात के मुख्य निर्वाचन अधिकारी बी बी स्वैन ने गांधीनगर में संवाददाताओं से कहा कि चुनाव आयोग को इस संबंध में एक रिपोर्ट सौंपी जाएगी.

भाजपा ने आरोप लगाया कि आज साक्षात्कारों का प्रसारण आचार संहिता का साफ उल्लंघन है. स्वैन ने कहा, ऐसे नियम और दिशानिर्देश हैं जिसके तहत 48 घंटे पहले…..खास चुनाव संबंधी सामग्री के टीवी पर प्रसारण पर रोक है. लेकिन हम इसे पूरी तरह से रोक वाला आदेश (गैग आर्डर) नहीं कह सकते. इस बीच प्रदेश भाजपा के एक नेता ने नाम उजागर नहीं करने के अनुरोध के साथ कहा कि हमने ई-मेल के जरिए चुनाव आयोग और गुजरात के मुख्य निर्वाचन आयोग को तीन शिकायतें की हैं. ये शिकायतें मंगलवार और बुधववार को की गयीं. उन्होंने कहा कि उन्हें कल ही जानकारी मिली थी कि इस प्रकार के साक्षात्कारों का प्रसारण होने वाला है. उन्होंने कहा कि हमने तत्काल कार्रवाई की मांग की थी लेकिन साक्षात्कारों का प्रसारण हुआ.

उन्होंने आरोप लगाया कि इन साक्षात्कारों में राहुल ने गुजरात के बारे में चर्चा की है जो धारा 126 का स्पष्ट उल्लंघन है. केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि इन साक्षात्कारों पर चुनाव आयोग को संज्ञान लेना चाहिए. उन्होंने कहा कि जैसा कि राहुल गांधी ने कहा है, गुजरात में लहर है, लेकिन यह कांग्रेस के खिलाफ है और भाजपा को 182 सीटों में से 150 सीटों पर जीत हासिल होगी.

गोयल ने नयी दिल्ली में संवाददाताओं से कहा कि कांग्रेस काफी डर गई है और राहुल गांधी अपना चेहरा बचाने के लिये बेचैन हैं इसलिये उन्होंने आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन किया और साक्षात्कार दिया. हम समझते हैं कि चुनाव के लिये अंतिम चरण के मतदान से 48 घंटे पहले ऐसे साक्षात्कार की अनुमति नहीं दी जा सकती है. हमने ऐसा साक्षात्कार कभी नहीं दिया. कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि गुजरात के कुछ भाजपा नेता चुनाव आयोग के नाम पर टीवी चैनलों के खिलाफ मामला चलाने के लिए धमका रहे हैं.

उन्होंने कहा, हम भाजपा और उसके नेताओं के दंभपूर्ण व्यवहार, उनके असंवैधानिक रवैये की कड़ी भर्त्सना करते है. हम भाजपा को आगाह करते हैं कि वे मीडिया पर इस तरह का प्रतिबंध नहीं थोप सकते हैं क्योंकि देश में अभी तक लोकतंत्र का शासन है. सुरजेवाला ने नयी दिल्ली में संवाददाताओं से कहा कि हम चुनाव आयोग से अनुरोध करते हैं कि वह इस तरह की धमकियों का संज्ञान ले और भाजपा नेताओं के खिलाफ कार्रवाई करे.

यह पूछे जाने पर पत्रकारों को कौन धमकी दे रहा है, हमें आधिकारिक रुप से यह कहना है कि गुजरात के मुख्यमंत्री और गुजरात के भाजपा प्रमुख टीवी चैनलों को फोन कर रहे हैं और उन्हें धमका रहे हैं. केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भी कहा है कि साक्षात्कार प्रसारित करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा. सुरजेवाला ने कहा कि यह तय करना चुनाव आयोग का काम है कि आचार संहिता का उल्लंघन हुआ या नहीं तथा भाजपा नेता इसे लेकर किसी को धमका नहीं सकते.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola