स्क्रीन पर संजय सेठ ने पीएम का भाषण चलाया, इसमें कांग्रेस का जिक्र होने पर इरफान उठ कर चले गये

<P>रांची. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अजमेर में आयोजित अपनी सभा में कांग्रेस पर जोरदार प्रहार किया. जिसका लाइव टेलीकास्ट सदर अस्पताल में सर्वाइकल कैंसर के विरुद्ध राज्यस्तरीय टीकाकरण
रांची. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अजमेर में आयोजित अपनी सभा में कांग्रेस पर जोरदार प्रहार किया. जिसका लाइव टेलीकास्ट सदर अस्पताल में सर्वाइकल कैंसर के विरुद्ध राज्यस्तरीय टीकाकरण के शुभारंभ के दौरान हो रहा था. इस मौके पर केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ के अनुरोध पर लाइव टेलीकास्ट की आवाज बढ़ा दी गयी थी. इधर मंच पर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी भी मौजूद थे. वह प्रधानमंत्री मोदी द्वारा कांग्रेस की निंदा करने से नाराज हो गये और कड़ा एतराज जताते हुए मंच छोड़ कर चले गये.
प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में कांग्रेस की निंदा की
स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी के अनुसार, कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उन्होंने ही रक्षा राज्यमंत्री को आमंत्रित किया था. मौके पर स्वास्थ्य मंत्री ने अपना भाषण खत्म किया. इसके बाद केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ को संबोधित करना था. लेकिन ऐन मौके पर श्री सेठ ने राजस्थान में चल रहे प्रधानमंत्री के भाषणों का जिक्र करते हुए पहले उसे लाइव टेलीकास्ट में सुन लेने की बात कही. अजमेर की अपनी सभा में प्रधानमंत्री एआइ समिट में कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर नाराज थे और कांग्रेस की कड़ी निंदा कर रहे थे. प्रधानमंत्री ने अपने भाषण के दौरान कहा : यह इंडियन नेशनल कांग्रेस (आइएनसी) अब मुस्लिम लीग बन गयी है. वह हर जगह हार रही है, तो ऐसे में उसके नेता भारत को वैश्विक स्तर पर बदनाम करने में जुटे हैं.
असहज हो गये मंत्री इरफान अंसारी
प्रधानमंत्री द्वारा कांग्रेस की निंदा करने से असहज हो गये मंत्री इरफान अंसारी ने तत्काल अधिकारियों से कहकर प्रधानमंत्री के भाषण को म्यूट कराया. फिर श्री सेठ को संबोधित करने का आग्रह किया. लेकिन रक्षा राज्यमंत्री ने दोबारा माइक की आवाज तेज करा दी. इससे नाराज होकर डॉ इरफान कार्यक्रम को बीच में ही छोड़कर चले गये. बताते चलें कि प्रधानमंत्री शनिवार को राजस्थान के अजमेर से 14 वर्ष तक की बालिकाओं के लिए राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण के शुभारंभ के मौके पर संबोधित कर रहे थे.
बोले इरफान : गंभीर पहल को राजनीति का मंच नहीं बनायें
इधर स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने बाहर निकलते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवा जैसे गंभीर पहल को राजनीति का मंच नहीं बनाना चाहिए. यह मंच राजनीतिक मंच नहीं है. मैं इस तरह के कार्यक्रम से आगे परहेज करूंगा. अगर प्रधानमंत्री या भाजपा के नेता ऐसे सरकारी कार्यक्रमों का इस्तेमाल राजनीति के लिए करेंगे, तो यह ठीक नहीं है. हम केंद्र सरकार की वैक्सीन नहीं लेंगे. स्वास्थ्य पदाधिकारियों के साथ बैठक कर खुद से वैक्सीन खरीदने पर विचार करेंगे.
केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ बोले : राजनीति मत करिये
कार्यक्रम के समापन के बाद केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने कहा कि राजनीति मत करो भाई, वे लोग टीका को लेकर राजनीति करते रहे हैं. आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के नागरिकों और किशोरियों को बचाने का काम किया है. पहले यही लोग आलोचना करते थे. देश के प्रधानमंत्री भाषण दे रहे थे, तो उस दौरान यह सही नहीं रहता कि मैं भाषण देने लगता.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




