यार्ड रीमॉडलिंग के बाद सहरसा से चलेगी हर राज्य के लिए ट्रेन : सांसद

सहरसा-जमालपुर मेमो पैसेंजर ट्रेन का मंगलवार को नए नंबर से परिचालन शुरू हो गया.
सहरसा-जमालपुर पैसेंजर ट्रेन को सांसद व सीनियर डीसीएम ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
सहरसा. सहरसा-जमालपुर मेमो पैसेंजर ट्रेन का मंगलवार को नए नंबर से परिचालन शुरू हो गया. सांसद दिनेश चंद्र यादव एवं समस्तीपुर रेल मंडल के सीनियर डीसीएम अनन्या स्मृति ने मंगलवार की सुबह सहरसा जंक्शन से हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया. इस दौरान जंक्शन पर कई रेल अधिकारी एवं हजारों की संख्या में लोग मौजूद थे. सहरसा, जमालपुर मेमो पैसेंजर ट्रेन नियमित रूप से नए नंबर 63398/97 से परिचालन शुरू होने से ट्रेन में बैठे यात्री काफी खुश नजर आ रहे थे. सुबह 5:15 पर सांसद एवं सीनियर डीसीएम ने प्लेटफॉर्म संख्या तीन से हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया. रेगुलर ट्रेन होने से कोसी के लोगो में काफी हर्ष है.वहीं सांसद ने लोगों को संबोधित करते कहा कि अभी यहां लाइन एवं प्लेटफार्म की संख्या कम है. करीब 160 करोड़ की लागत से सहरसा में यार्ड रीमॉडलिंग कार्य पूरा होने के बाद कोसी क्षेत्र रेल नेटवर्किंग में हर राज्य से जुड़ जायेगा. देश के हर राज्यों के लिए यहां से ट्रेन चलेगी. वहीं इससे पूर्व कार्यक्रम स्थल पर सीनियर डीसीएम ने सांसद को शॉल भेंट कर सम्मानित किया. कार्यक्रम में स्टेशन अधीक्षक सुभाष चंद्र झा, डीसीआई संजय कुमार, आरपीएफ इंस्पेक्टर धनंजय कुमार यादव, सीएचआई चंदन चौहान, सीटीटीआई ईश्वर प्रसाद सिंह के अलावा कई रेल अधिकारी मौजूद थे. कार्यक्रम में मंच संचालन स्टेशन अधीक्षक सुभाष चंद्र झा ने किया. पूर्व में सहरसा जमालपुर पैसेंजर ट्रेन स्पेशल ट्रेन के रूप में 05509/10 नंबर से स्पेशल में संचालित हो रही थी. मंगलवार से इसे नियमित कर दिया गया है. हालांकि ट्रेन के आगमन और प्रस्थान में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है. ट्रेन प्रतिदिन सुबह 5:15 बजे सहरसा से चलकर सुबह 8:05 बजे जमालपुर पहुंचती है. वापसी में यह ट्रेन रात 9:45 बजे जमालपुर से रवाना होकर देर रात्रि एक बजे सहरसा जंक्शन पहुंचती है.
हर राज्य के लिए चलेगी ट्रेन
सांसद दिनेश चंद्र यादव ने कहा कि 1996 में जब वे पहली बार संसद पहुंचे थे तब इस क्षेत्र में छोटी लाइन की ट्रेनें चलती थी. सहरसा से मानसी की 43 किलोमीटर की दूरी तय करने में यात्रियों को तीन से चार घंटे लगते थे, जिससे काफी परेशानी होती थी. उन्होंने संसद में इस मुद्दे को उठाया. जिसके बाद बड़ी रेल लाइन की दिशा में पहल शुरू हुई. यार्ड रीमॉडलिंग के बाद सहरसा में लाइन एवं प्लेटफार्म की संख्या बढ़ जायेगी. इसके बाद देश के हर राज्य के लिए ट्रेन चलेगी. सांसद ने कहा कि सहरसा जमालपुर ट्रेन नियमित होने से सहरसा, खगड़िया एवं मुंगेर क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर, सुलभ एवं समयबद्ध यात्रा की सुविधा मिलेगी.मिलेगी बेहतर सुविधा
सीनियर डीसीएम अनन्या स्मृति ने कहा कि सहरसा जमालपुर पैसेंजर ट्रेन रेगुलर होने से कोसी क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधा मिलेगी. लोगों की मांग एवं सांसद के प्रयास से कोसी क्षेत्र के लोगों के लिए एक नए सुविधा का शुभारंभ किया गया. कार्यक्रम में जदयू के प्रदेश महासचिव अक्षय झा, जदयू पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रदेव मुखिया, मुखिया संघ अध्यक्ष विनय कुमार यादव, प्रो हरिनारायण यादव, डॉ सुशील यादव, सोहन झा, आरजेडी नेता धनिक लाल मुखिया, अमर यादव, जवाहर यादव, दिनेश पासवान, टुनटुन शर्मा, मो हारून, कम्युनिस्ट पार्टी के ओम प्रकाश नारायण सहित अन्य मौजूद थे. वहीं कार्यक्रम समाप्ति के बाद सीनियर डीसीएम अनन्या स्मृति ने सहरसा जंक्शन पर साफ सफाई का जायजा लिया. साथ में संबंधित विभाग के कई अधिकारी मौजूद थे.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




