एचइसी के सप्लाई कर्मियों ने दो निदेशकों को एक घंटा तक कार में ही बैठाये रखा
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 14 Jun 2024 12:28 AM
रांची. एचइसी के सप्लाई कर्मियों का आक्रोश दिनोंदिन बढ़ता जा रहा है. प्लांटों में प्रवेश देने की मांग को लेकर सप्लाई कर्मियों ने गुरुवार को निदेशकों को एक घंटा से
रांची. एचइसी के सप्लाई कर्मियों का आक्रोश दिनोंदिन बढ़ता जा रहा है. प्लांटों में प्रवेश देने की मांग को लेकर सप्लाई कर्मियों ने गुरुवार को निदेशकों को एक घंटा से अधिक समय तक उनकी ही कार में बैठाये रखा और उनके खिलाफ नारेबाजी की. बाद में हटिया डीएसपी के हस्तक्षेप के बाद दोनों निदेशक वापस घर लौट गये. एचइसी बचाओ मजदूर जनसंघर्ष समिति के बैनर तले सप्लाई कर्मी सुबह 8.30 बजे एचइसी मुख्यालय के समक्ष जुटे और दोपहर 1.00 बजे तक डटे रहे. सुबह 11.00 बजे निदेशक कार्मिक एवं निदेशक उत्पादन मुख्यालय के समक्ष पहुंचे और सप्लाई कर्मियों से कार्यालय के अंदर जाने देने की बात कही. इस पर सप्लाई कर्मियों ने कहा कि जब तक हमलोगों को प्लांट के अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जाती है, तब तक एक भी अधिकारी व स्थायी कर्मी को मुख्यालय के अंदर नहीं जाने देंगे. इस पर दोनों निदेशकों ने कहा कि बातचीत मुख्यालय के अंदर होगी. इसके लिए कुछ कर्मी अंदर चलें. इस पर सप्लाई कर्मी गुस्से में आ गये और प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे. कर्मियों ने भेल का निदेशक नहीं चलेगा, काम दो वेतन दो, प्रबंधन का झूठा आश्वासन नहीं चलेगा, काम नहीं तो हिसाब करो आदि नारे लगाये. इस दौरान कर्मियों ने एक घंटा से अधिक समय तक दोनों निदेशकों को कार में ही बैठाये रखा. सूचना पर दोपहर 12.15 बजे हटिया डीएसपी और धुर्वा थाना इंचार्ज मौके पर पहुंचे. डीएसपी ने भी निदेशकों से कहा कि जल्द इनकी समस्याओं का समाधान करें. छह माह से प्रबंधन केवल आश्वासन ही दे रहा है. इस पर निदेशकों ने कहा कि जल्द समस्या का समाधान निकालेंगे. इसके बाद दोनों निदेशक पैदल ही घर लौट गये. मौके पर दिलीप सिंह, भवन सिंह, मनोज पाठक, रंथू लोहरा, विजय साहु, प्रमोद कुमार, प्रेमनाथ शाहदेव, वाई त्रिपाठी, शारदा देवी आदि मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










