Dhanbad News: ट्रेनों में चोरी करने वाले ‘सहसी गैंग’ का भंडाफोड़, ससुर-दामाद समेत छह गिरफ्तार

<P>Dhanbad News: ट्रेनों में यात्रियों का सामान चोरी करने वाले अंतरराज्यीय ‘सहसी गैंग’ का गोमो रेल पुलिस, आरपीएफ व सीआइबी धनबाद ने बड़ा खुलासा किया है. संयुक्त टीम की कार्रवाई
Dhanbad News: ट्रेनों में यात्रियों का सामान चोरी करने वाले अंतरराज्यीय ‘सहसी गैंग’ का गोमो रेल पुलिस, आरपीएफ व सीआइबी धनबाद ने बड़ा खुलासा किया है. संयुक्त टीम की कार्रवाई में गिरोह के छह सदस्यों को मंगलवार की आधी रात गोमो के एक गेस्ट हाउस से गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार आरोपियों में हरियाणा के भिवानी निवासी अजय कुमार व महेंद्र सिंह, दिल्ली के सुल्तानपुरी निवासी राजेश कुमार, हरियाणा के हिसार निवासी जगदीश, कुलदीप सिंह व राजीव कुमार शामिल हैं. राजेश व राजीव ससुर-दामाद हैं.
पांच मोबाइल, 61,300 कैश, ट्रॉली बैग खोलने के उपकरण बरामद
पुलिस ने इनके पास से पांच मोबाइल, 61,300 रुपये नकद, वर्दी के कपड़े, चार पिट्ठू बैग, ट्रॉली बैग खोलने के उपकरण और अन्य सामान बरामद किये हैं. सभी आरोपियों को गुरुवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जायेगा. रेल थाना प्रभारी शाहजहां खां ने बताया कि 15 फरवरी को डाउन दीक्षाभूमि एक्सप्रेस से पारसनाथ स्टेशन पर उतरने के दौरान यात्री सार्थक जैन के ट्रॉली बैग से जेवरों की चोरी हो गयी थी. जांच के लिए ट्रेन के कोच का सीसीटीवी फुटेज कोल्हापुर से मंगाया गया, जिसमें संदिग्धों की पहचान हुई. फुटेज में दिखा कि पारसनाथ स्टेशन पर ट्रेन के गेट पर भीड़ बनाकर एक यात्री के ट्रॉली बैग से छेड़छाड़ की गयी. संदिग्धों का फोटोग्राफ्स निकाल कर गोमो स्टेशन पर लगे सीसीटीवी एफआरएस में प्रविष्ट किया गया तथा जांच की गयी, तो छह संदिग्ध व्यक्तियों को नौ एवं 14 फरवरी को गोमो स्टेशन से बाहर जाते हुए देखा गया.
आरपीएफ व जीआरपी गोमो और सीआइबी धनबाद की संयुक्त टीम ने आधी रात की छापेमारी
संदिग्धों की पहचान के क्रम में गोमो में स्थित छह छोटे-बड़े होटल में समन्वय कर होटल संचालकों को फोटोग्राफ्स व वीडियोग्राफ दिखाये गये. गोमो पुराना बाजार स्थित कौशल्या गेस्ट हाउस एंड फैमिली रेस्टोरेंट के संचालक ने सभी की पहचान कर ली. होटल संचालक द्वारा बताया गया कि उक्त सभी व्यक्ति पूर्व में भी 3-4 बार उसके होटल में आ चुके हैं. जांच टीम ने होटल संचालक से उनलोगों द्वारा समर्पित आधार कार्ड व मोबाइल नंबर लिया. आरपीएफ ने बताया कि होटल संचालक ने जानकारी दी कि आरोपी आने वाले हैं. मंगलवार को सभी होटल आये और दो कमराें में ठहरे. सूचना मिलने ही टीम ने आधी रात होटल में छापेमारी कर सभी छह व्यक्तियों को पकड़ लिया. जिस व्यक्ति का सामान चोरी हुआ था, उसे बुलाकर टीआइ परेड करायी गयी, जिसमें उसने पहचान लिया.
सहसी गैंग में 150 सदस्य, आठ सालों से देश भर में सक्रिय
हरियाणा के भिवानी , हिसार एवं रोहतक जिले के सहसी गैंग के नाम से प्रसिद्ध लगभग 150 सदस्य पूरे भारत में सक्रिय है, जो भारत के कई राज्यों में 6 सदस्यों के गैंग बनाकर ट्रेन में घूमते हैं और उतरने वाले पैसेंजरों को सहायता करने का भाव दिखाकर बहुत ही सफाई से भीड़ बनाकर उनके ट्रॉली बैग से अपने पास लिए टूल्स के मदद से चैन खोलकर उसमें रखे आभूषण नगदी आदि चोरी कर लेते हैं.
कई स्थानों पर दे चुके हैं घटना को अंजाम
पकड़े गये सभी अभियुक्तों से पूछताछ में बताया है कि यह सभी राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली में कई जगहों पर, बिहार के समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पटना, झारखंड के गया, हजारीबाग,कोडरमा पारसनाथ,गोमो, धनबाद एवं बंगाल के आसनसोल, वर्धमान, बंडील, हावड़ा कोलकाता आदि अनेक जगहों पर पूर्व में रेल यात्रियों का ट्रॉली बैग से ज्वेलरी एवं नगदी पैसा आदि चोरी किया है, परंतु पकड़ा नहीं गया था.
हाथ जोड़ कर मांग रहे थे माफी
गिरफ्तार सभी छह आरोपी हाथ जोड़कर आरपीएफ से माफी मांग रहे थे. वे लोग कह रहे थे कि सर गलती हो गयी. अब दोबारा नहीं करेंगे. एक बार माफ कर दीजिए.
अजय कुमार है गैंग का मास्टर माइंड
ट्रेन में जब घटना को अंजाम देना रहता था, तो सभी एक ही जगह भीड़ लगा देते थे. अजय कुमार अपने पास एक चाबी रखता है, जिससे वह कोई भी ट्रॉली बैग आसानी से खोल कर रुपये और जेवरात निकाल कर अपने दूसरे साथियों को थमा देता था.
आठ वर्षों से चोरी कर रहा था गैंग
यह गैंग पिछले आठ वर्षों से बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल में ट्रेनों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था. घटना को अंजाम देने के बाद सभी इलाका छोड़ देते थे. इससे पुलिस को चोरी मामले का उद्भेदन करने में पसीना छूट जाते थे.
छापेमारी ये शामिल थे
गोमो रेल थाना प्रभारी शाहजहां खां, आरपीएफ के एसआइ साकिब आलम, एसआइ आनंद आलोक, एएसआइ सुशील कुमार, एएसआइ विकास कुमार, एएसआइ उमापति सिंह, अमित कुमार, प्रभात कुमार, टी टुडू, शशि भूषण चौबे आदि.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




