ePaper

1000 करोड़ की योजनाओं का सीएम ने दी सौगात

Updated at : 24 Sep 2025 9:13 PM (IST)
विज्ञापन
1000 करोड़ की योजनाओं का सीएम ने दी सौगात

178 योजनाओं का सीएम ने किया उद्घाटन व शिलान्यास

विज्ञापन

भभुआ नगर. इस वर्ष 24 सितंबर बुधवार का दिन कैमूर जिले के लिए शुभ दिन रहा. बुधवार के दिन कैमूर में विकास की गंगा बहते देखी गयी. एनडीए के कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भभुआ स्थित सरदार बल्लभ भाई पटेल कॉलेज परिसर से कैमूर जिले के लिए 854.66 करोड़ रुपये की लागत से 51 योजनाओं का शिलान्यास किया. वहीं, 125.49 करोड़ रुपये की लागत से बनने वली 127 योजनाओं का उद्घाटन किया. इस तरह कुल 980.15 करोड़ रुपये लागत की 178 योजनाओं के शिलापट्ट का अनावरण कर रिमोट से उद्घाटन व शिलान्यास किया. इनमें प्रगति यात्रा के दौरान कैमूर दौरे पर आये मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की योजनाएं शामिल हैं. मुख्यमंत्री ने जिन योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया, इसमें मुख्य रूप से 528 करोड़ 44 लाख रुपये की लागत से बनने वाली जमानिया से ककरैत गंगाजल उद्भव सिंचाई योजना के अलावा 147 करोड़ रुपये की लागत कुदरा-चेनारी-मल्हीपुर पथ का चौड़ीकरण, 66 करोड़ 89 लाख रुपये की लागत से रेहल से रोहतासगढ़ किला होते हुए चौरासन मंदिर तक पथ का निर्माण, 239 करोड़ 46 लाख रुपये की लागत से ग्रामीण सड़क, डिग्री कॉलेज व खेल मैदान निर्माण सहित अन्य 175 महत्वपूर्ण विकास योजनाएं शामिल हैं. पेंशनधारियों, जीविका दीदियों व अन्य लाभुकों के साथ सीएम ने किया संवाद एनडीए कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम मे शिरकत करने पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सरदार बल्लभ भाई पटेल कॉलेज, भभुआ के परिसर स्थित कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में उपस्थित पेंशनधारी लाभुकों, जीविका दीदियों व अन्य लाभुकों के साथ संवाद किया. संवाद कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि वृद्धजनों, दिव्यांगजनों व विधवा महिलाओं की पेंशन राशि को 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये कर दिया गया. इससे हम सभी लोगों को काफी सहूलियत मिली है. लोगों ने मुख्यमंत्री से कहा कि घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट बिजली फ्री करने से लोगों को बहुत फायदा हो रहा है. बिजली बिल से बचत होनेवाली धनराशि का उपयोग अन्य विकास कार्यों में लोग कर रहे हैं. वहीं, कार्यक्रम के दौरान जीविका दीदियों ने महिला रोजगार योजना शुरू करने, महिलाओं के उत्थान तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सरकार द्वारा किये जा रहे कार्यों की प्रशंसा करते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार प्रकट करते हुए जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री से कहा कि हमलोगों को मात्र सात प्रतिशत ब्याज दर पर बैंक से लोन मिल रहा है. इसके लिए हम सब आपके आभारी है. वहीं, संवाद कार्यक्रम के दौरान ममता बहनों ने मानदेय में दो गुणा बढ़ोतरी किये जाने व आशा कार्यकर्ताओं ने मानदेय की राशि में 3 गुणा वृद्धि किये जाने पर मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया. साथ ही कलाकारों ने भी मुख्यमंत्री कलाकार पेंशन योजना के तहत तीन हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन की राशि दिये जाने तथा गृह रक्षकों के दैनिक भत्ता में वृद्धि किये जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की है. 2006 में विश्व बैंक से कर्ज लेकर चलायी यह योजना संवाद कार्यक्रम के दौरान जीविका दीदियों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में जब हमलोगों की सरकार बनी, उस समय यहां स्वयं सहायता समूह की संख्या में काफी कमी थी. हमलोगों ने वर्ष 2006 में विश्व बैंक से कर्ज लेकर स्वयं सहायता समूह की संख्या को बढ़ाना शुरू किया. आप सभी जीविका दीदियां काफी अच्छा काम कर रही हैं. हमने ही स्वयं सहायता समूह का नाम जीविका दिया और अब आप सब जीविका दीदियां कहलाती हैं. हमलोगों के इस काम से प्रेरित होकर उस समय की केंद्र सरकार ने इस योजना को पूरे देश में आजीविका नाम से लागू किया. आप सभी बुलंदी के साथ रहिये और आगे बढ़िये, सरकार आपलोगों की हर संभव मदद करेगी. कार्यक्रम के दौरान मौके पर राज्यसभा सांसद सह जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार झा, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, शाहाबाद प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक सत्य प्रकाश, पटना प्रमंडल के आयुक्त डॉ चंद्रशेखर सिंह, जिलाधिकारी सुनील कुमार, पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला सहित अन्य जनप्रतिनिधि, वरीय अधिकारी, लाभार्थी आदि मौजूद थे़

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
PANCHDEV KUMAR

लेखक के बारे में

By PANCHDEV KUMAR

PANCHDEV KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola