ePaper

केंद्र ने राज्य सरकार से मांगा जवाब, राष्ट्रपति के कार्यक्रम में लापरवाही कैसे

Updated at : 09 Mar 2026 2:44 AM (IST)
विज्ञापन
केंद्र ने राज्य सरकार से मांगा जवाब, राष्ट्रपति के कार्यक्रम में लापरवाही कैसे

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के पश्चिम बंगाल दौरे के दौरान हुई लापरवाहियों को लेकर केंद्र सरकार ने राज्य सरकार से रविवार शाम पांच बजे तक प्रोटोकॉल, स्थल और मार्ग व्यवस्था से संबंधित उल्लंघनों पर जवाब मांगा.

विज्ञापन

राष्ट्रपति का कार्यक्रम स्थल बदलने और प्रोटोकॉल संबंधी चूक का मामला गहराया

एजेंसियां, नयी दिल्लीराष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के पश्चिम बंगाल दौरे के दौरान हुई लापरवाहियों को लेकर केंद्र सरकार ने राज्य सरकार से रविवार शाम पांच बजे तक प्रोटोकॉल, स्थल और मार्ग व्यवस्था से संबंधित उल्लंघनों पर जवाब मांगा. केंद्र ने पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव को पत्र लिखकर ‘ब्लू बुक’ के नियमों के उल्लंघन, प्रोटोकॉल, स्थल और मार्ग व्यवस्था के बारे में जवाब देने को कहा है. ‘ब्लू बुक’ में राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और उनके परिवारों के सुरक्षा व प्रोटोकॉल नियमों की सूची होती है. पत्र में पूछा गया है कि जब राष्ट्रपति राज्य में पहुंची थीं, तब मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक क्यों उपस्थित नहीं थे. केवल सिलीगुड़ी महापौर उनका स्वागत करने के लिए मौजूद थे, जो कि प्रोटोकॉल का उल्लंघन है. राष्ट्रपति के लिए बनाये गये वॉशरूम में पानी की कमी थी. राष्ट्रपति को लाने के लिए चुने गये मार्ग पर गंदगी थी. यह भी पूछा है कि इन उल्लंघनों के लिए जिम्मेदार प्रतीत होने वाले दार्जिलिंग के जिलाधिकारी, सिलीगुड़ी के पुलिस आयुक्त और अतिरिक्त जिलाधिकारी के खिलाफ क्या कार्रवाई की गयी है.

यह है मामला :

राष्ट्रपति मुर्मू शनिवार को अंतरराष्ट्रीय संताल सम्मेलन में हिस्सा लेने सिलिगुड़ी गयी थीं. प्रोटोकॉल के तहत उनकी अागवानी के लिए न मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पहुंची थीं, न ही राज्य सरकार का कोई मंत्री था. अंतिम समय में राष्ट्रपति का कार्यक्रम स्थल भी बदल दिया गया था. कार्यक्रम बिधाननगर, सिलीगुड़ी में होने था, पर सुरक्षा और अन्य तार्किक कारणों का हवाला देते हुए इसे बागडोगरा हवाई अड्डे के पास गोशाईपुर स्थानांतरित कर दिया गया, जहां कार्यक्रम में कम लोग पहुंच सके. राष्ट्रपति जब कार्यक्रम स्थल पर पहुंचीं, तो वहां केवल कुछ ही लोग थे. हवाई अड्डे पर उनके स्वागत के लिए केवल सिलीगुड़ी महापौर गौतम देब मौजूद थे. राष्ट्रपति ने इस पर गहरी नाराजगी जाहिर की थी. उन्होंने स्थल परिवर्तन पर भी सवाल उठाया था.

राष्ट्रपति के कार्यक्रम में राज्य सरकार ने प्रोटोकॉल का उल्लंघन नहीं किया

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को कहा कि राष्ट्रपति के कार्यक्रम में प्रोटोकॉल का कोई उल्लंघन नहीं हुआ. हम राष्ट्रपति की कुर्सी और भारत के संविधान का पूरा सम्मान करते हैं. कार्यक्रम में अगर कोई गड़बड़ी हुई है, तो इसकी जिम्मेदारी निजी आयोजकों व भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की है, जिसने कार्यक्रम स्थल उपलब्ध कराया था. राज्य सरकार को राष्ट्रपति के कार्यक्रम की जानकारी तक नहीं थी. हमने कार्यक्रम स्थल नहीं चुना, आपने चुना. मुख्यमंत्री ने कहा कि कल जो हुआ पूर्वनियोजित था. मैं माननीय राष्ट्रपति को दोष नहीं देती. सुश्री बनर्जी ने भाजपा पर आरोप लगाया कि उसने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की शनिवार को बागडोगरा यात्रा को लेकर विवाद खड़ा करने की योजना बनायी थी.

विज्ञापन
AKHILESH KUMAR SINGH

लेखक के बारे में

By AKHILESH KUMAR SINGH

AKHILESH KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola