सिक्किम को उग्रवाद प्रभावित राज्य कहने पर ट्रोल हुईं प्रियंका चोपड़ा, मांगी माफी
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 15 Sep 2017 9:36 AM
गंगटोक: बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा को सिक्किम को उग्रवाद से प्रभावित राज्य कहना भारी पड़ गया. राज्य सरकार ने उनकी टिप्पणी की निंदा की और सोशल मीडिया पर भी उनके इस बयान की कड़ी आलोचना करते हुए उन्हें राजनीतिक रुप से अशिक्षित बताया गया. अभिनेत्री ने बाद में अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगी. सिक्किम […]
गंगटोक: बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा को सिक्किम को उग्रवाद से प्रभावित राज्य कहना भारी पड़ गया. राज्य सरकार ने उनकी टिप्पणी की निंदा की और सोशल मीडिया पर भी उनके इस बयान की कड़ी आलोचना करते हुए उन्हें राजनीतिक रुप से अशिक्षित बताया गया. अभिनेत्री ने बाद में अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगी. सिक्किम के पर्यटन सचिव सी जांग्पो ने कहा कि प्रियंका ने इस संबंध में पर्यटन मंत्री उगेन टी ग्यात्सो को एक ईमेल लिखा है.
प्रियंका ने लिखा, मैं किसी भी तरह से सिक्किम के लोगों की भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचाना चाहती थी. मेरी टिप्पणी को गलत समझा गया. हालांकि कहानी यहीं खत्म नहीं होती. अपने पत्र में उन्होंने यह भी लिखा, मैं पूरी तरह से अवगत हूं कि सिक्किम अनेक शरणार्थियों के लिए अतुलनीय मेजबान देश है और हमारी फिल्म इसे बच्चों के नजरिये से दिखाती है. इस टिप्पणी पर राज्य सरकार ने और नाखुशी जताई तथा प्रियंका से इस पूरे मामले में फिर से माफी मांगने को कहा.
प्रियंका ने हाल ही में सिक्किमी भाषा की अपनी होम प्रोडक्शन फिल्म पाहुना को टोरंटो अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में प्रदर्शित किया था. ईटी कनाडा के साथ एक साक्षात्कार में उन्होंने दावा किया था कि यह सिक्किम से बनने वाली पहली फिल्म है क्योंकि यह बेहद अशांत क्षेत्र है.
इंटरव्यू में उन्होंने कहा था, ‘यह एक सिक्किमी फिल्म है. सिक्किम पूर्वोत्तर भारत में एक छोटा सा राज्य है जहां कभी भी कोई फिल्म उद्योग नहीं रहा या कोई ऐसा नहीं रहा जिसने यहां से फिल्म का निर्माण किया हो. यह पहली फिल्म है जो इस क्षेत्र से उभरकर आई है क्योंकि यह क्षेत्र उग्रवाद और चिंताजनक परिस्थितियों के कारण अशांत है. मैं इस फिल्म को लेकर बहुत उत्साहित हूं.’
साक्षात्कार सामने आते ही, कई ट्विटर यूजर्स ने राजनीतिक तौर पर अशिक्षित होने के कारण उनकी आलोचना की. असम के एक पटकथा लेखक बिश्वातोष सिन्हा ने पोस्ट किया, प्यारी प्रियंका चोपडा, सिक्किम एक शांत स्थान है और इपाहुना इस क्षेत्र से पहली फिल्म नहीं है. कृपया पूर्वोत्तर के बारे में सही तथ्य जान लें.
दूसरे यूजर ने लिखा, क्या उन्हें सिक्किम और दूसरे पूर्वोत्तर राज्यों के बीच अंतर पता है? भारत को ऐसे ही बदनाम किया जाता है. ग्यात्सो ने प्रियंका की टिप्पणियों की कडी निंदा करते हुए गंगटोक में कहा कि सिक्किम एक शांतिप्रिय राज्य है जहां उग्रवाद की कोई जगह नहीं है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










