ट्रंप के टैरिफ से कालीन उद्योग पर छाए संकट के बादल, सरकार से मांगी विशेष राहत पैकेज
Published by : KumarVishwat Sen Updated At : 30 Aug 2025 9:27 PM
Trump Tariff
Trump Tariff: ट्रंप टैरिफ के कारण कालीन उद्योग संकट में है. अमेरिका द्वारा भारतीय आयात पर 50% शुल्क लगाए जाने से निर्यात प्रभावित हुआ है. भदोही, जो कुल कालीन निर्यात का 60% करता है, सबसे ज्यादा प्रभावित है. उद्योग से जुड़े संगठन और विधायक सरकार से राहत पैकेज की मांग कर रहे हैं, ताकि बुनकरों, मजदूरों और महिलाओं की आजीविका सुरक्षित रह सके. उत्तर प्रदेश की 800 इकाइयों और 30 लाख लोगों पर खतरा मंडरा रहा है, जिससे उद्योग को तत्काल समर्थन जरूरी है.
Trump Tariff: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की भारतीय आयातित वस्तुओं पर 50% शुल्क लगाए जाने से कालीन उद्योग गहरे संकट में है. इस फैसले का सबसे ज्यादा असर भदोही और आसपास के क्षेत्रों के निर्यातकों पर पड़ा है, क्योंकि यहां से भारत के कुल कालीन निर्यात का लगभग 60% हिस्सा आता है. एक प्रकार से ट्रंप के टैरिफ के बाद भारत के कालीन उद्योग पर संकट के बाद मंडराने लगे हैं. कालीन उद्योग के संगठनों से सरकार से विशेष राहत पैकेज की मांग की है.
संगठनों ने सरकार से की अपील
अखिल भारतीय कालीन निर्माता संघ (एआईसीएमए) और कालीन निर्यात संवर्धन परिषद (सीईपीसी) ने केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह से मुलाकात कर उद्योग को बचाने के लिए विशेष राहत पैकेज की मांग की. संगठनों का कहना है कि अगर अमेरिका के आयातक चीन, तुर्की और पाकिस्तान जैसे देशों से सामान लेना शुरू कर देंगे, तो उन्हें दोबारा भारत की ओर आकर्षित करना मुश्किल होगा.
भदोही पर सबसे ज्यादा असर
सीईपीसी कार्यालय, भदोही के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अखिलेश सिंह ने बताया कि पिछले वित्त वर्ष में भारत का कुल कालीन निर्यात 16,800 करोड़ रुपये का था, जिसमें से 60% निर्यात अमेरिका और शेष यूरोपीय देशों को हुआ. ऐसे में शुल्क का सबसे बड़ा असर भदोही जिले के निर्यातकों पर होगा.
विधायक जाहिद बेग की अपील
भदोही से समाजवादी पार्टी के विधायक जाहिद बेग ने उत्तर प्रदेश सरकार से 10% विशेष राहत पैकेज देने का अनुरोध किया है. उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लिखे पत्र में कहा कि कालीन उद्योग एक कुटीर उद्योग है, जिसमें 30 लाख से अधिक लोग कार्यरत हैं और इसमें महिलाओं की भागीदारी 25% है. अगर निर्यात प्रभावित हुआ, तो सबसे बड़ा झटका इन्हीं बुनकरों, मजदूरों और महिलाओं को लगेगा.
रोजगार और आजीविका पर खतरा
भारत में बनने वाले 99% कालीन निर्यात किए जाते हैं, जिनमें से 60% अमेरिकी बाजार में जाते हैं. निर्यात प्रभावित होने पर लाखों बुनकरों और श्रमिकों की आजीविका खतरे में पड़ सकती है. यह उद्योग हाथों और हुनर पर आधारित है और किसी मशीनरी पर निर्भर नहीं है. ऐसे में प्रभावित होने वाली आबादी का दायरा बहुत बड़ा होगा.
इसे भी पढ़ें: Explainer: व्यापार को हथियार बनाने में अमेरिका-चीन दोनों माहिर, तो फिर क्या करे भारत?
कालीन उद्योग के साथ गंभीर चुनौती
ट्रंप के टैरिफ ने भारत के कालीन उद्योग को गंभीर चुनौती दी है. इस स्थिति से निपटने के लिए केंद्र और राज्य सरकार को मिलकर ठोस राहत पैकेज देना होगा, ताकि न केवल निर्यातकों को सहारा मिले, बल्कि उन लाखों परिवारों की आजीविका भी सुरक्षित रह सके, जिनकी जिंदगी इस उद्योग पर निर्भर है.
इसे भी पढ़ें: दुनियाभर में बजेगा भारत का डंका, आरबीआई गवर्नर ने कहा- जल्द बनेगा तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By KumarVishwat Sen
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










