ePaper

Gold Rate: लखपति होने के करीब पहुंचा सोना, चांदी नए रिकॉर्ड पर

Updated at : 19 Mar 2025 8:25 PM (IST)
विज्ञापन
Gold Rate Today

Gold Rate Today

Gold Rate: सोने और चांदी की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है. 19 मार्च 2025 को सोने की कीमत 91,950 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी की कीमत 1,03,500 रुपये प्रति किलोग्राम के नए रिकॉर्ड पर पहुंच गई. बढ़ते वैश्विक तनाव और शादी-विवाह के मौसम में बढ़ती मांग के कारण यह वृद्धि देखी गई.

विज्ञापन

Gold Rate: शादी-विवाह के सीजन की शुरुआत होने से पहले आभूषण विक्रेताओं की लगातार लिवाली की वजह से बुधवार 19 मार्च 2025 को सोना लखपति होने के करीब पहुंच गया है. कारोबार के आखिर में दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 700 रुपये के उछाल के साथ 91,950 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए सर्वकालिक रिकॉर्ड पर पहुंच गई. इसके अलावा, पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और अमेरिकी आर्थिक मंदी की चिंताओं ने सुरक्षित-संपत्तियों की मांग को बरकरार रखा है. पिछले कारोबारी सत्र में 99.9% शुद्धता वाला सोना 91,250 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था. बुधवार को 99.5% शुद्धता वाला सोना 700 रुपये बढ़कर 91,500 रुपये प्रति 10 ग्राम की रिकॉर्ड ऊंचाई को छू गया.

चांदी में 1,000 रुपये की तेजी

बाजार सूत्रों ने कहा कि त्योहारी और शादी-ब्याह के मौसम की मांग को पूरा करने के लिए स्थानीय आभूषण विक्रेताओं की लिवाली बढ़ने तथा विदेशी बाजारों में मजबूती के रुख से सोने की कीमतें इस साल के हाईएस्ट लेवल पर पहुंच गईं. चांदी की कीमत भी 1,000 रुपये की तेजी के साथ 1,03,500 रुपये प्रति किलोग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई, जबकि मंगलवार को चांदी का भाव 1,02,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ था.

सोने की कीमतों में तेजी का रुख

एलकेपी सिक्योरिटीज के उपाध्यक्ष शोध विश्लेषक (जिंस और मुद्रा) जतिन त्रिवेदी ने कहा, ‘‘सोने की कीमतों में कुल मिलाकर तेजी का रुख रहा, लेकिन आज रात फेडरल रिजर्व की बहुप्रतीक्षित नीतिगत समीक्षा और टिप्पणी से पहले यह सीमित दायरे में रही.’’ अंतरराष्ट्रीय बाजारों में, हाजिर सोना 0.15% बढ़कर 3,039.22 डॉलर प्रति औंस हो गया. सत्र के दौरान, यह 3,045.39 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड उच्चस्तर पर पहुंच गया.

इसे भी पढ़ें: UPI: भीम-यूपीआई से लेनदेन पर मिलेगा पैसा, सरकार ने पेश की नई योजना

सोने में सुरक्षित निवेश

अबन्स फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) चिंतन मेहता ने कहा, ‘‘पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के तहत व्यापार युद्ध की आशंकाओं ने वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता पैदा कर दी है, जिससे सुरक्षित निवेश की मांग बढ़ने के कारण सोने की कीमतें रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गईं.’’ उन्होंने कहा, ‘‘इस अनिश्चितता ने दुनिया भर के केंद्रीय बैंकों को अभूतपूर्व स्तर पर सोने का भंडार करने के लिए प्रेरित किया है.’’ उन्होंने कहा कि इसके अलावा, गोल्ड एक्सचेंज-ट्रेडेड फंड्स (ईटीएफ) में निवेश बढ़ गया है. इसमें फरवरी में 9.4 अरब डॉलर का रिकॉर्ड प्रवाह देखने को मिला.

इसे भी पढ़ें: अमिताभ बच्चन ने चुकाया एडवांस टैक्स, अब डेडलाइन खत्म! आपने नहीं भरा तो आगे क्या?

विज्ञापन
KumarVishwat Sen

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola