पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर भारत के हमले से सोना हुआ महंगा, फिर पहुंचा 1 लाख के पार

Gold Price Today
Gold Price Today: भारत-पाकिस्तान तनाव और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद सोने की मांग में तेजी आई है. दिल्ली में सोने की कीमत 1,000 रुपये बढ़कर 1 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के पार पहुंच गई. चांदी भी महंगी हुई है. भू-राजनीतिक संकट के चलते निवेशकों का रुझान सुरक्षित संपत्तियों की ओर बढ़ा है, जिससे बाजार में उथल-पुथल दिखी.
Gold Price Today: भारत और पाकिस्तान के बीच सीमा पर बढ़ते तनाव का असर अब कीमती धातुओं पर भी साफ देखा जा रहा है. बुधवार को सोने की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखने को मिला. दिल्ली के सर्राफा बाजार में 99.9% शुद्धता वाला सोना 1,000 रुपये की तेजी के साथ 1,00,750 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया. इससे पहले मंगलवार को इसका भाव 99,750 रुपये था.
सेना की कार्रवाई से चमका सोना
सोने की कीमतों में यह तेजी भारतीय सेना की ओर से पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) और पाकिस्तान में स्थित नौ आतंकी ठिकानों पर की गई मिसाइल कार्रवाई के बाद देखने को मिली है. इस सैन्य कार्रवाई को भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम दिया है, जो जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में किया गया था. उस हमले में 26 निर्दोष भारतीय नागरिकों की मौत हो गई थी.
22 अप्रैल को भी 1 लाख के पार पहुंचा था सोना
सोने की कीमत इससे पहले 22 अप्रैल को भी बड़ी छलांग लगाकर 1,800 रुपये बढ़कर 1,01,600 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गई थी. विशेषज्ञों का मानना है कि जब भी वैश्विक या भू-राजनीतिक संकट गहराता है, निवेशक सोने को सुरक्षित संपत्ति मानकर उसमें निवेश बढ़ा देते हैं. यही कारण है कि वर्तमान हालात में सोने की मांग और दाम दोनों तेज हुए हैं. बुधवार को 99.5% शुद्धता वाले सोने की कीमत भी 1,050 रुपये चढ़कर 1,00,350 रुपये प्रति 10 ग्राम रही. यह पिछले सत्र में 99,300 रुपये प्रति 10 ग्राम थी.
चांदी के भाव में भी उछाल
केवल सोना ही नहीं, बल्कि चांदी की कीमत में भी तेजी दर्ज की गई. चांदी की कीमत 440 रुपये बढ़कर 98,940 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई, जबकि मंगलवार को यह 98,500 रुपये प्रति किलोग्राम थी.
वैश्विक बाजार में भी तेजी
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी हाजिर सोना 1.8% की तेजी के साथ 3,369.65 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया. हालांकि, हाजिर चांदी की कीमत 1.24 प्रतिशत घटकर 32.81 डॉलर प्रति औंस पर रही.
इसे भी पढ़ें: भारत के साथ जंग बर्दाश्त नहीं कर सकता पाकिस्तान, रेटिंग एजेंसी मूडीज ने दी चेतावनी
संकट में सोना निवेश का सुरक्षित विकल्प
भारत-पाक के बीच भू-राजनीतिक तनाव ने एक बार फिर सोने की मांग और कीमत दोनों को बढ़ा दिया है. निवेशकों के लिए यह संकेत है कि संकट के समय सोना एक सुरक्षित विकल्प बना रहता है.
इसे भी पढ़ें: भारतीय सेना के शौर्य को शेयर बाजार की सलामी, 106 अंक मजबूत हुआ सेंसेक्स
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By KumarVishwat Sen
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




