गया जी : मंदिर में शादी के बाद दुल्हन लाखों के जेवर और नकदी लेकर फरार, जांच में जुटी पुलिस

लुटेरी दुल्हन की फोटो दिखाते पीड़ित परिवार | Prabhat Khabar Network
Gaya Ji News : गया जी के मानपुर से 'दुल्हन गैंग' का सनसनीखेज मामला सामने आया है. मंदिर में शादी के बाद दुल्हन जेवर और नकदी लेकर फरार हो गई. पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है.
Gaya Ji News : गया के मानपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक शातिर 'दुल्हन गैंग' ने मंदिर में शादी रचाई और फिर लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात व नकद लेकर फरार हो गई. इस घटना के बाद पीड़ित दूल्हा और उसके परिजन पिछले दो दिनों से मुफस्सिल थाने का चक्कर काट रहे हैं और लिखित आवेदन देकर पुलिस से न्याय की गुहार लगा रहे हैं.
इधर, वारदात को अंजाम देने के बाद कथित दुल्हन और उसके मुख्य सहयोगी भागने में पूरी तरह कामयाब हो गये हैं, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस गिरोह से जुड़ी एक महिला (कथित दुल्हन की बहन) और उत्तर प्रदेश (यूपी) के एक अधेड़ व्यक्ति को हिरासत में ले लिया है और उनसे गहन पूछताछ कर रही है.
रेलवे स्टेशन से बाइक पर भाग निकली दुल्हन
पीड़ित परिवार उत्तर प्रदेश का रहने वाला है. यूपी के गाजियाबाद स्थित होंडा कॉलोनी निवासी धर्मेंद्र कुमार (पिता महेश) ने पुलिस को पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि उनके छोटे भाई रवींद्र की शादी कराने को लेकर बातचीत चली थी. इस दौरान गया की रहने वाली लालमुनि देवी और रवि यादव (बहोरा बीघा निवासी) ने शादी कराने की पूरी तैयारी की थी.
तय कार्यक्रम और बातचीत के अनुसार, दुल्हन पक्ष ने शादी से पहले ही दूल्हे वालों से लाखों रुपये के कीमती जेवरात, कपड़े और एक लाख रुपये नकद भी ले लिए. इसके बाद मानपुर के कुम्हार टोली स्थित मंदिर में दोनों की शादी हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न कराई गई. लेकिन, जब अगली सुबह दुल्हन की विदाई कराकर घर जाने के लिए गया जी रेलवे स्टेशन जाने की तैयारी हो रही थी, तभी अचानक एक कथित युवक दुल्हन को जबरन अपनी बाइक पर बिठाकर रफूचक्कर हो गया.
दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर जांच में जुटी पुलिस
इस बड़ी ठगी की घटना के बाद पता चला है कि कथित दुल्हन के इस गिरोह में यूपी के लोग भी सक्रिय रूप से शामिल हैं. जांच के दौरान इसमें मुख्य रूप से इलियास खान व शकील नामक युवकों की भी संदिग्ध भूमिका सामने आ चुकी है.
इस पूरे मामले को लेकर मुफस्सिल थानाध्यक्ष देवराज इंद्र ने आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि फिलहाल पीड़ित पक्ष से मिले आवेदन के आधार पर पुलिस ने तत्काल दो संदिग्धों (एक महिला व एक पुरुष) को हिरासत में ले लिया है. पुलिस हिरासत में लिए गए इन दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और शादी के नाम पर लोगों को शिकार बनाने वाले इस अंतरराज्यीय ठगी गिरोह का जल्द से जल्द पर्दाफाश करने में जुटी हुई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










