गया जी : बिहार की छवि अब आपके कंधों पर, पासिंग आउट परेड में महिला सिपाहियों से बोले आईजी विकास वैभव

Updated:
विज्ञापन
 दीक्षांत परेड में महिला सिपाही को पुरस्कृत  करते आइजी विकास वैभव  | Prabhat Khabar Network

दीक्षांत परेड में महिला सिपाही को पुरस्कृत करते आइजी विकास वैभव | Prabhat Khabar Network

Gaya Ji News : बोधगया में आयोजित दीक्षांत समारोह में आईजी विकास वैभव ने नव-नियुक्त महिला सिपाहियों को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि बिहार और भारत की छवि अब उनके आचरण और कार्यों पर निर्भर करती है.

विज्ञापन

Gaya Ji News : बोधगया स्थित बीएमपी तीन परिसर में शुक्रवार को आयोजित भव्य दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए मगध के आइजी विकास वैभव ने पास आउट हुईं महिला सिपाहियों को विशेष रूप से प्रेरित किया. उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि बिहार व भारत की छवि आप सभी के आचरण और कार्यों पर ही पूरी तरह निर्भर करती है. उन्होंने आगे कहा कि आज के बाद आप सभी विभिन्न कार्यक्षेत्रों में अपनी उत्कृष्ट सेवा देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं.

अब आप सभी को लोग देखेंगे, पूरा बिहार व देश देखेगा. आपके सराहनीय कार्यों से ही बिहार व देश के साथ-साथ बिहार पुलिस की वास्तविक छवि समाज में परिलक्षित होगी.

भयमुक्त समाज के साथ-साथ पुलिस के प्रति विश्वास युक्त वातावरण का निर्माण करना बड़ी चुनौती

आइजी ने अपने संबोधन में बदलती सामाजिक व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि वर्तमान में पुलिस के समक्ष एक नयी चुनौती यह भी आन पड़ी है कि अब भयमुक्त समाज के साथ-साथ पुलिस के प्रति पूर्ण विश्वास युक्त समाज के निर्माण में अपनी अहम भूमिका का निर्वहन करें. उन्होंने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के सपने को मिलकर पूरा करने में पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका का भी विशेष उल्लेख किया.

उन्होंने कहा कि प्रदेश में भयमुक्त व विश्वास युक्त वातावरण होने के कारण ही यहां बड़े उद्योगों का तेजी से विकास होगा व हम जॉब सीकर की जगह जॉब क्रियेटर युवाओं को आसानी से तैयार कर सकेंगे.

गौरवशाली इतिहास का किया जिक्र

इसके साथ ही आइजी ने विकसित बिहार की ऐतिहासिक विरासत का जिक्र किया व गर्व से कहा कि हमारे बिहार में नालंदा, तक्षशिला, शून्य की खोज के साथ ही सिद्धार्थ को भगवान बुद्ध बनाने का महान इतिहास छुपा हुआ है. इस गौरवशाली इतिहास को फिर से बहाल करने में पुलिस की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है.

उन्होंने वर्तमान समय की ओर इशारा करते हुए कहा कि अब तकनीक का दौर है व हर बात तथा हर छोटी-बड़ी घटना की सोशल मीडिया पर रिकॉर्डिंग भी होती है. इस वैज्ञानिक कारण से हम सभी को अपने कर्तव्यों के दौरान अत्यधिक सावधान और सतर्क भी रहना चाहिए.

महिला सिपाहियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना

आइजी ने पास आउट हुईं जांबाज महिला सिपाहियों पर अपना गहरा भरोसा जताते हुए कहा कि उन्हें पूरी उम्मीद है कि वे सभी अपने-अपने आवंटित कार्यक्षेत्र में बिहार पुलिस के मान-सम्मान के साथ ही बिहार व पूरे देश की छवि का हमेशा ख्याल रखेंगी.

उन्होंने सभी महिला सिपाहियों को बेहतर भविष्य के लिए ढेरों शुभकामनाएं देते हुए पांच दिनों के विशेष अवकाश की भी घोषणा की. आइजी ने इस भव्य दीक्षांत समारोह के दौरान उत्कृष्ट व बेहतर परेड कराने के लिए दो महिला सिपाहियों को प्रशस्ति पत्र व मेमेंटो भेंट कर विशेष रूप से पुरस्कृत भी किया.

समारोह के दौरान पुलिस महकमे के कई वरीय और कनिष्ठ पदाधिकारी मुख्य रूप से रहे मौजूद

इस गौरवमयी और ऐतिहासिक दीक्षांत समारोह के पावन अवसर पर सिटी एसपी अभिनव, ग्रामीण एसपी दिव्यांजलि जायसवाल, बीएमपी तीन के समादेष्टा उपेंद्र प्रसाद, बीएमपी तीन की महिला डीएसपी रौली कुमारी तथा लेखापाल विजय कुमार सहित पुलिस विभाग के अन्य कई वरीय व कनिष्ठ अधिकारी तथा पुलिसकर्मी मुख्य रूप से मौजूद रहे.

Also Read : गया जी में 300 फीट गहरे बोरवेल में गिरे 3 वर्षीय पीयूष को 7 घंटे बाद सकुशल निकाला, NDRF-SDRF के सफल रेस्क्यू से गांव में खुशी


विज्ञापन
Kalendra Pratap Singh

लेखक के बारे में

By Kalendra Pratap Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन