ePaper

पटना में राहुल गांधी महागठबंधन के नेताओं संग करेंगे अहम बैठक, सीट बंटवारे पर हो सकता है बड़ा ऐलान

Updated at : 24 Sep 2025 9:16 AM (IST)
विज्ञापन
mahagathbandhan meeting| Rahul Gandhi will hold a meeting with the leaders of the Grand Alliance in Patna

महागठबंधन के प्रमुख नेता

Bihar Election 2025: पटना में CWC बैठक के बाद राहुल गांधी महागठबंधन नेताओं संग सीट बंटवारे और चुनावी रणनीति पर अहम चर्चा करेंगे. यह बैठक विपक्षी एकजुटता का मजबूत संदेश देने के साथ गठबंधन की दिशा तय करने में भी अहम मानी जा रही है.

विज्ञापन

Bihar Election 2025: पटना में आज बुधवार को कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) की बैठक है. उसके बाद देर शाम राहुल गांधी होटल चाणक्य में महागठबंधन के प्रमुख नेताओं संग अलग बैठक करेंगे. यह बैठक विधानसभा चुनाव से पहले विपक्षी गठबंधन की रणनीति और सीट बंटवारे पर अंतिम सहमति बनाने के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है.

सीट बंटवारे पर फोकस

महागठबंधन के भीतर बीते कुछ दिनों से सीटों को लेकर खींचतान जारी है. कांग्रेस चाहती है कि उसे पिछली बार से अधिक सीटें मिलें, जबकि राजद अपने परंपरागत गढ़ वाले इलाकों में किसी भी तरह की रियायत देने के मूड में नहीं दिख रहा. वामदलों और विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) की भी अपनी-अपनी मांगें हैं. ऐसे में राहुल गांधी की मौजूदगी को इस विवाद को सुलझाने और किसी ठोस फार्मूले तक पहुंचने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है.

विपक्षी एकता का संदेश

बैठक के बाद राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के साथ महागठबंधन के अन्य नेता संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे. इसे विपक्षी एकजुटता का मजबूत संदेश देने की पहल माना जा रहा है. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बिहार विधानसभा चुनाव से पहले जनता के बीच एकजुट चेहरा दिखाना महागठबंधन के लिए अनिवार्य है.

साझा रणनीति पर चर्चा

बैठक में केवल सीट बंटवारे ही नहीं, बल्कि साझा चुनावी रणनीति पर भी मंथन होगा. इसमें प्रचार अभियान की रूपरेखा, चुनावी मुद्दों की प्राथमिकता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व एनडीए सरकार की नीतियों के खिलाफ संयुक्त आंदोलन की योजना शामिल है. सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी महागठबंधन के नेताओं से अपील कर सकते हैं कि वे व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं से ऊपर उठकर व्यापक विपक्षी एकता को प्राथमिकता दें.

सहयोगी दलों की मौजूदगी

इस बैठक में कांग्रेस, राजद और वामदलों के अलावा वीआईपी पार्टी के शीर्ष नेता भी शामिल होंगे. सूत्रों का कहना है कि सभी सहयोगी दलों को एक ही मंच पर लाकर राहुल गांधी यह दिखाना चाहते हैं कि महागठबंधन न केवल चुनावी मोर्चे पर, बल्कि संगठनात्मक स्तर पर भी पूरी तरह तैयार है.

चुनावी तस्वीर पर असर

राजनीतिक हलकों में यह चर्चा जोर पकड़ रही है कि सीडब्ल्यूसी की बैठक और उसके तुरंत बाद महागठबंधन की रणनीतिक चर्चा ने बिहार की राजनीति में नया रंग भर दिया है. कांग्रेस जहां खुद को गठबंधन में निर्णायक भूमिका में दिखाना चाहती है, वहीं राजद भी अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखने के लिए रणनीति में कोई ढिलाई नहीं बरतना चाहता.

Also Read: NDA Seat Sharing: JDU 102 और BJP 101, जानिए चिराग और मांझी की पार्टी को कितनी सीटें मिल सकती हैं…

विज्ञापन
Abhinandan Pandey

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन