ePaper

Bihar Election 2025: सीट शेयरिंग की गोटी सेट करने उतरे धर्मेंद्र प्रधान! जीतन राम मांझी और ललन सिंह से की मुलाकात

Updated at : 05 Oct 2025 2:01 PM (IST)
विज्ञापन
bjp meeting jitanram manjhi| Dharmendra Pradhan meets Nitish, Manjhi and Lalan Singh on seat sharing

जितन राम मांझी से मिले धर्मेंद्र प्रधान

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान से पहले NDA में सीट बंटवारे को लेकर हलचल तेज हो गई है. चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने रविवार को जदयू नेता ललन सिंह और जीतन राम मांझी से मुलाकात कर सीट शेयरिंग पर चर्चा की, जबकि बीजेपी ने अपने स्तर पर उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया लगभग अंतिम चरण में पहुंचा दी है.

विज्ञापन

Bihar Election 2025: बिहार में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कभी भी हो सकता है. उससे पहले NDA ने सीट बंटवारे और उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया को अंतिम रूप देने की कवायद तेज कर दी है. रविवार को बिहार चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने पटना में जदयू नेता व केंद्रीय मंत्री ललन सिंह से मुलाकात की. इसके बाद वे केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के आवास पहुंचे, जहां उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और भाजपा के बिहार प्रभारी विनोद तावड़े भी उनके साथ थे. धर्मेंद्र प्रधान ने 28 सितंबर को सीएम नीतीश से भी मुलाकात की थी.

तीनों नेताओं और मांझी के बीच यह बैठक बंद कमरे में हुई, जिसे NDA में सीट शेयरिंग की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है. सूत्रों के मुताबिक, प्रधान जल्द ही उपेंद्र कुशवाहा से भी मुलाकात करेंगे ताकि एनडीए के भीतर सीट बंटवारे का फॉर्मूला तय हो सके.

2 दिन चली बीजेपी की समीक्षा बैठकें

ललन सिंह से मुलाकात से पहले धर्मेंद्र प्रधान ने दो दिनों तक बीजेपी की अंदरूनी चुनावी बैठकों में हिस्सा लिया, जहां उम्मीदवारों और मौजूदा विधायकों के प्रदर्शन पर गहन मंथन किया गया. जानकारी के अनुसार, पार्टी ने इस बार स्पष्ट कर दिया है कि टिकट उन्हीं नेताओं को मिलेगा जिनकी जनता के बीच पकड़ मजबूत है और जिनकी जीत की संभावना पक्की है. जिन विधायकों की ग्राउंड पर स्थिति कमजोर है या जिन पर एंटी-इनकंबेंसी का असर दिखाई दे रहा है, उनके टिकट कटने की संभावना बढ़ गई है.

सिटिंग विधायकों की समीक्षा रिपोर्ट तैयार

शनिवार देर रात भाजपा कार्यालय में हुई राज्य कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक में धर्मेंद्र प्रधान ने खुद समीक्षा प्रक्रिया की निगरानी की. इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, नित्यानंद राय, सांसद रविशंकर प्रसाद और संगठन महामंत्री नागेंद्र नाथ त्रिपाठी समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे.

सूत्र बताते हैं कि इस बैठक में करीब 60 सिटिंग सीटों पर रिपोर्ट तैयार की गई, जबकि बची हुई सीटों पर चर्चा आज पूरी होगी. प्रत्येक सीट पर उम्मीदवारों का फीडबैक, संगठन की रिपोर्ट और जनता का रुझान देखकर तीन नामों का पैनल तैयार किया जा रहा है, जिसे जल्द ही केंद्रीय नेतृत्व को भेजा जाएगा.

एनडीए में जल्द तय होगा फॉर्मूला

बीजेपी की रणनीति के अनुसार, सीट शेयरिंग पर बातचीत के बाद एनडीए की साझा बैठक बुलाई जाएगी. इसमें जदयू, हम और आरएलएम जैसे सहयोगी दलों के बीच अंतिम फार्मूले पर मुहर लगाई जाएगी.
सूत्रों का कहना है कि धर्मेंद्र प्रधान का दौरा केवल समीक्षा नहीं बल्कि गठबंधन के समन्वय की बड़ी कवायद है.

Also Read: Bihar Election 2025: JDU ने इलेक्शन कमीशन से एक चरण में वोटिंग की मांग की, BJP की बूथों पर बुर्का बैन की डिमांड

विज्ञापन
Abhinandan Pandey

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन