Chirag Paswan: बिहार के इस क्षेत्र से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे चिराग पासवान! बहनोई और सांसद अरुण भारती ने प्लान का किया खुलासा

Published by : Abhinandan Pandey Updated At : 02 Jul 2025 11:48 AM

विज्ञापन

जीजा अरुण भारती के साथ चिराग पासवान

Bihar Chunav 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले लोजपा (रामविलास) अध्यक्ष चिराग पासवान के चुनाव लड़ने की चर्चा तेज हो गई है. उनके बहनोई और सांसद अरुण भारती ने एक वीडियो जारी कर संकेत दिए हैं कि पार्टी इस पर गंभीरता से विचार कर रही है. जल्द ही सीट और रणनीति को लेकर अंतिम फैसला हो सकता है.

विज्ञापन

Bihar Chunav 2025: बिहार में 2025 के विधानसभा चुनाव की सरगर्मी अब और तेज हो गई है. राजनीतिक गलियारों में इन दिनों एक चर्चा जोरों पर है- क्या लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान इस बार खुद विधानसभा चुनावी मैदान में उतरेंगे? इस अटकलें को हवा दी है उनके बहनोई और लोजपा (रा) के सांसद अरुण भारती ने.

अरुण भारती ने एक वीडियो संदेश जारी कर पार्टी के भीतर चल रही रणनीति और जनता की अपेक्षाओं पर खुलकर बात की. उन्होंने कहा कि बिहार की जनता चाहती है कि चिराग पासवान अब राज्य की राजनीति में निर्णायक भूमिका निभाएं और सिर्फ लोकसभा ही नहीं, विधानसभा में भी अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें.

शाहाबाद से लड़ सकते हैं चुनाव?

वीडियो में अरुण भारती ने खुलासा किया कि चिराग पासवान के चुनाव लड़ने को लेकर पार्टी स्तर पर गंभीर मंथन चल रहा है. उन्होंने कहा, “सर्वे में जो शुरुआती संकेत मिले हैं, उसके अनुसार शाहाबाद की जनता चिराग पासवान को भरपूर समर्थन देने को तैयार है.” उन्होंने यह भी बताया कि पार्टी ने इस विषय में एक व्यापक सर्वे कराया है, जिससे यह तय किया जा सके कि चिराग किस सीट से चुनाव लड़ें, ताकि उनका संदेश पूरे बिहार तक पहुंचे.

‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’ की रणनीति

चिराग पासवान लंबे समय से ‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’ का नारा देते आए हैं. उनका कहना है कि बिहार को आगे ले जाने के लिए उन्हें विधानमंडल में सीधी भूमिका निभानी होगी. हाल ही में नालंदा में एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा था, “विरोधी घबरा गए हैं कि मैं बिहार आ रहा हूं और विधानसभा चुनाव लड़ूंगा. लेकिन मैं साफ कर दूं कि मेरा मकसद बिहार को बदलना है, और मैं विधानसभा चुनाव जरूर लड़ूंगा.”

जल्द हो सकती है LJP (रा) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक

अरुण भारती ने जानकारी दी कि पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक जल्द बुलाई जा सकती है, जिसमें सर्वे रिपोर्ट पर चर्चा कर अंतिम निर्णय लिया जाएगा. उनका कहना था कि यह निर्णय केवल रणनीतिक ही नहीं बल्कि जनता की भावना और जमीनी सच्चाई के आधार पर लिया जाएगा.

हाजीपुर से सांसद हैं चिराग पासवान

फिलहाल चिराग पासवान हाजीपुर से सांसद हैं, लेकिन विधानसभा चुनाव में उतरने की तैयारी ने साफ कर दिया है कि वह बिहार की राजनीति में खुद को केवल संसद तक सीमित नहीं रखना चाहते. अब देखना होगा कि LJP (रा) की अगली रणनीति क्या रूप लेती है और क्या चिराग शाहाबाद या किसी अन्य सीट से बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान करते हैं.

Also Read: नीतीश कुमार ने युवाओं के लिए खोला विकास का पिटारा, इंटर्नशिप से लेकर गुरु-शिष्य योजना तक कई सौगातें

विज्ञापन
Abhinandan Pandey

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन