Dhanbad News: परिणय सूत्र में बंधे 73 जोड़े

Updated at : 19 Jan 2026 2:38 AM (IST)
विज्ञापन
Dhanbad News: परिणय सूत्र में बंधे 73 जोड़े

Dhanbad News: टोटो से निकली बरात, नाचते-गाते चल रहे थे बराती

विज्ञापन

Dhanbad News: उप मुख्य संवाददाता, धनबाद. सर्वधर्म सामूहिक विवाह समिति की ओर से रविवार को गोल्फ ग्राउंड में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में 73 जोड़ों की धूमधाम के साथ शादी करायी गयी. शादी में कोयलांचल के गणमान्य लोगों ने पहुंच कर विवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया. पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल ने सफल आयोजन के लिए समिति की टीम को बधाई दी. वहीं आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रदीप सिंह ने कहा कि वर्ष 2015 में दहेज मुक्त विवाह कराने का संकल्प लिया गया था. 41 जोड़ों से सामूहिक विवाह की शुरुआत हुई थी. इसके बाद हर साल जोड़े बढ़ते गये. सामूहिक विवाह में झरिया विधायक रागिनी सिंह व पूर्व विधायक संजीव सिंह भी शामिल हुए और वर-वधू को आशीर्वाद दिया. उन्हें समिति की ओर से मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया.

टोटो से निकली बरात :

सामूहिक विवाह को देखने के लिए काफी संख्या में गणमान्य लोगों के साथ ही कोयलांचवासी पहुंचे. विवाह स्थल से टोटो से बरात निकाली गयी. पिंक कुरता व सफेद पायजामा में सजे दुल्हा राजा सहबाले के साथ टोटो में सवार हुए. बरात के आगे बराती नाचते-गाते चल रहे थे. बरात बिजली ऑफिस, रणधीर वर्मा चौक, वीमेंस कॉलेज, कला भवन होते हुए वापिस विवाह स्थल गोल्फ ग्राउंड पहुंचा. यहां बरातियों का स्वागत किया गया. समधी व समधिन मिलन हुआ.

सभी जोड़ों की एक साथ हुई वरमाला :

सभी जोड़ों का विवाह उनकी धार्मिक रीति-रिवाज से संपन्न कराया गया. वरमाला सबने एक साथ की. दुल्हनों को ब्यूटीशियन द्वारा तैयार कराया गया. मेहंदी रचाये गये. हल्दी लगे, चुमावन हुआ. मंगल गीत गाये गये. वर-वधू को आशीर्वाद दिये गये. वरमाला देखने के लिए सभी उत्सुक दिखे. जैसे ही समिति के अध्यक्ष प्रदीप सिंह ने वन, टू थ्री कहा -वधू ने वर के गले में वर ने वधू के गले में वरमाला पहनायी. इस सुखद पल को किसी ने मोबाइल में तो किसी ने कैमरे में कैद कर लिया.

सामूहिक विवाह का है 12वां साल :

सामूहिक विवाह का यह 12वां साल है. 2015 में 41 जोड़ों के साथ जिला डेकोरेटर एसोसिएशन के बैनर तले सामूहिक विवाह की शुरुआत की गयी थी. 2016 में 51 जोड़े, 2017 में 61 जोड़े, 2018 में 71 जोड़े, 2019 में 101 जोड़े, 2020 में 111 जोड़ों का विवाह कराया जा चुका है. अभी तक 436 जोड़े समिति के बैनर तले विवाह बंधन में बंध चुके हैं. 2021 में 97 जोड़े का विवाह, 2022 में 85 जोड़े, 2023 में 81 जोड़े, 2024 में 101 जोड़े, 2025 में 82 जोड़ों का विवाह कराया जा चुका है. रविवार को हुए 73 जोड़ों का विवाह कराया गया. इसमें 68 हिंदू, दो मुस्लिम व तीन ईसाई जोड़ा शामिल है. हिंदू जोड़े का विवाह गायत्री परिवार द्वारा कराया गया. जिसके लिए आठ हवन कुंड बनाये गये थे. आचार्यों ने विवाह संपन्न कराया. मुस्लिम जोड़ों का निकाह इमाम ने संपन्न कराया. ईसाई जोड़े फादर की निगरानी में विवाह बंधन में बंधें.

दिये गये उपहार :

जोड़ों को शक्ति मंदिर की ओर से माता रानी के आशीर्वाद स्वरूप चुनरी, साड़ी, बिछिया दिया गया. विवाह में 47 संस्थाओं ने सहयोग किया. संस्था की तरफ से इन्हें बरतन सेट, ट्रंक, कंबल, बेडसीट व अन्य गृहस्थी बसाने के सामान दिये गये. भव्य शादी का गवाह कोयलांचलवासी बनें. ड्रोन कैमरे से विवाह के हर रस्म की रिकार्डिंग की गयी.

विदाई के समय नम हुई हर आंखें :

विदाई के पहले बेटियों का खोईंछा भरा गया. खोईंछा में चावल, हल्दी , जीरा, मिठाई व रुपये डाले गये. उन्हें शादी का सर्टिफिकेट समिति की ओर से दिया गया. विदाई के वक्त हर आंखें नम थीं.

दिव्यांग सकीना ने कहा कुबूल है :

चिरकुंडा की रहनेवाली सकीना खातून व वहीं के रहनेवाले फरमान मल्लिक ने एक-दूजे को पसंद कर निकाह किया. सकीना ने बताया कि वह दिव्यांग है. फरमान ने कहा कि वह दिल्ली में सैलून चलाता था. यहां अपनी खाला के यहां आया था. वहीं सकीना से मुलाकात हुई. यह जानते हुए कि वह आंखों से देख नहीं सकती, मैने उसे अपना जीवन साथी बनाने का मन बनाया. हमने परिवार की रजामंदी से सामूहिक विवाह में निकाह किया. सकीना ने भी कुबूल है कहकर अपनी सहमति दी.

हम बनेंगे एक-दूजे का सहारा :

केंदुआडीह बस्ती के रहनेवाले दिव्यांग गणेश दास और तेलमच्चो की रेशमा कुमारी की सामूहिक विवाह में शादी करायी गयी. गणेश का दाहिना पैर लकवाग्रस्त है, वहीं रेशमा के आंखों की रोशनी नहीं है. विवाह बंधन में बंधने के बाद जोड़े ने कहा कि आज से हम एक-दूजे का सहारा बनेंगे. समिति के अध्यक्ष प्रदीप सिंह ने कहा कि इनकी जिंदगी सुचारू रूप से चले इसके लिए गणेश को रोजगार उपलब्ध कराया जायेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
MANOJ KUMAR

लेखक के बारे में

By MANOJ KUMAR

MANOJ KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola