कटिहार में सिपाही भर्ती परीक्षा शुरू: 25 केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
परीक्षा केंद्र के पास जुटे अभ्यार्थी
Constable Recruitment Exam: केंद्रीय चयन पर्षद द्वारा आयोजित सिपाही भर्ती परीक्षा रविवार को कटिहार शहर के 25 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हो गई. मद्य निषेध, कक्षपाल और चलंत दस्ता सिपाही के 4236 पदों के लिए हो रही इस परीक्षा को लेकर शहर के मुख्य चौराहों और रेलवे स्टेशन पर परीक्षार्थियों की भारी चहल-पहल देखी जा रही है.
कटिहार से सूरज गुप्ता की रिपोर्ट
Constable Recruitment Exam: कटिहार शहरी क्षेत्र के 25 परीक्षा केंद्रों पर रविवार को केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) की लिखित परीक्षा दो पालियों में प्रारंभ हुई. यह परीक्षा मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग में ‘मद्य निषेध सिपाही’, गृह विभाग में ‘कक्षपाल’ और परिवहन विभाग में ‘चलंत दस्ता सिपाही’ के कुल 4236 पदों पर चयन के लिए आयोजित की जा रही है. परीक्षा के समय सारणी के अनुसार प्रथम पाली सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक और द्वितीय पाली दोपहर 03:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक निर्धारित है. परीक्षा को कदाचारमुक्त बनाने के लिए प्रशासन ने सख्त नियम लागू किए हैं, जिसके तहत पहली पाली के लिए सुबह 09:00 बजे और दूसरी पाली के लिए दोपहर 02:00 बजे के बाद किसी भी परीक्षार्थी को केंद्र के भीतर जाने की अनुमति नहीं दी गई.
सभी केंद्रों पर दंडाधिकारी मुस्तैद, इन 25 स्कूलों में हो रहा है परीक्षा का संधारण
जिलाधिकारी (DM) और पुलिस अधीक्षक (SP) सहित तमाम प्रशासनिक आला अधिकारी सुबह से ही विभिन्न केंद्रों का औचक निरीक्षण कर जायजा ले रहे हैं. शहर के सभी 25 केंद्रों, जिनमें मुख्य रूप से हरिशंकर नायक प्लस टू स्कूल मिरचाईबाड़ी, केबी झा कॉलेज, महेश्वरी एकेडमी, बीएमपी-7 स्कूल, मेरी इमाकुलेट स्कूल बरमसिया, राजकीय उच्च विद्यालय शरीफगंज, सिताराम चमरिया इंटर कॉलेज और एमबीटीए इस्लामिया स्कूल शामिल हैं, पर पर्याप्त संख्या में सशस्त्र पुलिस बल और स्टेटिक दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है.
परीक्षार्थियों के रेले से थमी शहर की रफ्तार; स्टेशन और बस स्टैंड पर रही चहल-पहल
परीक्षा के कारण कटिहार शहर की सभी मुख्य कड़ियों और व्यावसायिक मार्गों पर सुबह से ही अभूतपूर्व भीड़ देखने को मिली. सुदूर इलाकों से आए हजारों अभ्यर्थियों की आवाजाही के चलते शहर के शहीद चौक, मंगल बाजार, बड़ा बाजार, सदर अस्पताल रोड, एमजी रोड और मिरचाईबाड़ी जैसे प्रमुख इलाकों में रुक-रुक कर जाम की स्थिति उत्पन्न होती रही. इसके अलावा कटिहार जंक्शन रेलवे स्टेशन के विभिन्न प्लेटफॉर्मों और मुख्य बस स्टैंड पर भी आम दिनों की तुलना में परीक्षार्थियों का भारी रेला देखा गया, जिसे नियंत्रित करने के लिए रेल पुलिस (GRP) और आरपीएफ के जवान भी लगातार मुस्तैद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Divyanshu Prashant
दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में Prabhat Khabar डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा से पत्रकारिता में परास्नातक तथा टी. एन. बी. कॉलेज भागलपुर से हिंदी साहित्य में स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। हिंदी साहित्य की पृष्ठभूमि होने के कारण उन्हें पढ़ने, लेखन और कविता-सृजन में विशेष रुचि है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे Dainik Jagran में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










