हूती का लाल सागर के मोखा बंदरगाह पर मिसाइल-ड्रोन से हमला, 7 की मौत और 15 घायल
हूती विद्रोहियों ने लाल सागर के मोखा बंदरगाह पर मिसाइल-ड्रोन से किया हमला.फोटो- सोशल मीडिया
हूती विद्रोहियों ने लाल सागर के बंदरगाह पर मिसाइल और ड्रोन से हमला किया. इस हमले में 7 लोगों की मौत हो गई है और बंदरगाह के आस पास की कई इमारतें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुईं .
यमन के हूती विद्रोहियों ने रविवार(9 अगस्त ) को लाल सागर के अहम बंदरगाह मोखा पर मिसाइल और ड्रोन से हमला किया. यमन सरकार समर्थित ‘नेशनल रेजिस्टेंस फोर्सेज’ के मुताबिक, हमले में कम से कम 7 लोगों की मौत हुई है. मृतकों में 4 सैनिक और 3 आम नागरिक शामिल हैं, वहीं, 15 नागरिक घायल हुए हैं,
बंदरगाह की इमारतों और सुविधाओं को भारी नुकसान
यमन के सूचना मंत्रालय के सहायक अवर सचिव फयद अल-नोमान ने बताया कि हूती हमलों में बंदरगाह की कई इमारतों और दूसरी महत्वपूर्ण सुविधाओं को भारी नुकसान पहुंचा है. मोखा बंदरगाह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त यमन सरकार के नियंत्रण वाले प्रमुख बंदरगाहों में शामिल है.
हूती विद्रोहियों ने हमले की जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि उन्होंने इलाके में मौजूद सैन्य ठिकानों और गोदामों को निशाना बनाया. हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सारी के मुताबिक, हमले में बड़ी संख्या में बैलिस्टिक मिसाइल और ड्रोन का इस्तेमाल किया गया.
सऊदी के जाजान में अरामको प्रतिष्ठान पर हमला
हूती प्रवक्ता ने दावा किया कि ड्रोन के जरिए दक्षिण-पश्चिमी सऊदी अरब के जाजान शहर में अरामको की एक रिफाइनरी को निशाना बनाया गया. हूती ने इसे यमन के हज्जा और सादा प्रांतों के हवाई क्षेत्र में सऊदी ड्रोन की कथित घुसपैठ का जवाब बताया.
अरामको प्रतिष्ठान में लगी आग, कोई हताहत नहीं
सऊदी अरब के ऊर्जा मंत्रालय ने बताया कि अरामको रिफाइनरी से जुड़े एक प्रतिष्ठान में आग लग गई थी. हालांकि, घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. मंत्रालय के अनुसार, आग पर काबू पा लिया गया है. हालांकि आग लगने की वजह के बारे में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी गई.
लाल सागर में बढ़ता जा रहा तनाव
हूती विद्रोही पिछले कुछ समय से सऊदी अरब और लाल सागर में उसके समुद्री जहाजों को निशाना बनाते रहे हैं. मोखा बंदरगाह पर ताजा हमला ऐसे समय हुआ है, जब लाल सागर और आसपास के समुद्री इलाकों में तनाव पहले से ही काफी बढ़ा हुआ है.
नेतन्याहू का हमास को लेकर बयान
उधर, इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गाजा को लेकर सख्त रुख दोहराया है. उन्होंने कहा कि इजराइली सेना गाजा से तब तक पीछे नहीं हटेगी, जब तक हमास वास्तव में हथियार नहीं डाल देता. ऐसे में यमन, सऊदी, ईरान और गाजा चारों मोर्चों पर बढ़ता तनाव मिडिल ईस्ट के हालात को और गंभीर बना रहा है.
ये भी पढ़ें: ईरान युद्ध ने खोली अमेरिकी हथियारों की पोल! पेंटागन ने कंपनियों को गोला बारूद तेजी से बनाने का दिया आदेश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By सत्येन्द्र गिरि
सत्येन्द्र गिरि प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. यहां वे मुख्य रूप से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय विषयों से जुड़ी खबरों का लेखन करते हैं. सरल, तथ्यात्मक और पाठक-केंद्रित लेखन उनकी प्रमुख पहचान है. उन्होंने एशिया के प्रतिष्ठित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU), भोपाल से मास्टर ऑफ आर्ट्स इन मास कम्युनिकेशन (बैच 2023–25) की डिग्री प्राप्त की है.
पत्रकारिता की पढ़ाई के दौरान उन्होंने समाचार लेखन, डिजिटल मीडिया, रिपोर्टिंग और समसामयिक विषयों की गहन समझ विकसित की. पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके पास एक वर्ष का पेशेवर अनुभव है. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला के गोरखपुर एडिशन से की, जहां समाचार लेखन और रिपोर्टिंग की बारीकियों को नजदीक से सीखने और समझने का अवसर मिला. इसके बाद उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता में कदम रखते हुए प्रभात खबर डिजिटल से जुड़कर देश-विदेश की महत्वपूर्ण खबरों को पाठकों तक पहुंचाने का कार्य शुरू किया.
सत्येन्द्र की विशेष रुचि इतिहास, अंतरराष्ट्रीय संबंध, राजनीति, कूटनीति और समसामयिक घटनाक्रम से जुड़े विषयों में है. वे जटिल और गंभीर मुद्दों को भी सरल, संतुलित और विश्वसनीय तरीके से प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं. राष्ट्रीय और वैश्विक घटनाओं पर उनकी गहरी नजर रहती है तथा वे तथ्यपरक और निष्पक्ष पत्रकारिता को अपनी कार्यशैली का आधार मानते हैं. वे मूल रूप से उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के निवासी हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










