भारत ने फिलिस्तीन के लिए बढ़ाया मदद का हाथ, वेस्ट बैंक में नए अस्पताल का काम जल्द होगा शुरू
पीएम नरेंद्र मोदी और फिलिस्तीन के राष्ट्रपति महमूद अब्बास (फोटो : X)
भारत ने फिलिस्तीन के लिए मदद का हाथ बढ़ाया है. वेस्ट बैंक में एक नया अस्पताल बनाने की परियोजना जल्द शुरू होने वाली है. यह कदम फिलिस्तीन के गंभीर स्वास्थ्य संकट को देखते हुए बेहद अहम बताया जा रहा है.
India Palestine relation : भारत के सहयोग से फिलिस्तीन वेस्ट बैंक में नया अस्पताल बनाने जा रहा है. इसके निर्माण से जुड़ी कागजी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है. न्यूज एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के हवाले से भारत में फिलिस्तीन के राजदूत अब्दुल्ला एम अबू शावेश ने बुधवार को यह जानकारी दी. उन्होंने कहा कि अस्पताल का काम जल्द शुरू होने की उम्मीद है. यह परियोजना ऐसे समय में सामने आई है जब फिलिस्तीन का हेल्थ सेक्टर गंभीर संकट से गुजर रहा है.
भारत के साथ सहयोग को बताया खास
फिलिस्तीनी राजदूत ने भारत की राजदूत श्रीप्रिया रंगनाथन की फिलिस्तीन यात्रा को दोनों देशों के लिए महत्वपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि यह यात्रा ऐसे समय हुई है जब फिलिस्तीनी लोग बेहद मुश्किल हालात का सामना कर रहे हैं और वहां स्वास्थ्य एवं शिक्षा व्यवस्था पर दबाव बढ़ा हुआ है.
अबू शावेश ने कहा कि भारत उन देशों में शामिल है जिनसे फिलिस्तीन मदद के लिए संपर्क करता है. उन्होंने बताया कि भारत ने वेस्ट बैंक में नए अस्पताल के निर्माण को लेकर जरूरी कागजी काम पूरा कर लिया है. उन्होंने उम्मीद जताई कि परियोजना पर काम बहुत जल्द शुरू हो जाएगा.
आर्टिफिशियल अंगों को लेकर भी भारत से बातचीत
फिलिस्तीनी राजदूत ने कृत्रिम अंगों के मुद्दे पर भी भारत के साथ बातचीत की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि इस विषय पर उन्होंने भारत सरकार और विदेश मंत्रालय के साथ चर्चा की है. अबू शावेश ने उम्मीद जताई कि इस क्षेत्र में भी भारत की ओर से जल्द महत्वपूर्ण मदद मिल सकती है. उन्होंने कहा कि कृत्रिम अंगों को लेकर बातचीत पहले ही शुरू हो चुकी है और आने वाले समय में इसका पॉजिटिव रिस्पोंस सामने आ सकते हैं.
जुलाई में भारत ने तीन परियोजनाओं का किया था ऐलान
इससे पहले जुलाई में भारत ने फिलिस्तीनी लोगों के लिए तीन प्रमुख विकास परियोजनाएं शुरू करने की प्रतिबद्धता जताई थी. इनमें एक स्पेशियलिटी अस्पताल, एक कृत्रिम अंग फिटमेंट सेंटर और एक व्यावसायिक प्रशिक्षण संस्थान शामिल हैं.
फिलिस्तीनी दूतावास ने भारत की इस घोषणा का स्वागत किया था. दूतावास ने कहा था कि इन परियोजनाओं से स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और उन लोगों के पुनर्वास में मदद मिलेगी, जो मौजूदा संकट से सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं.
फिलिस्तीन में स्वास्थ्य व्यवस्था पर दबाव
फिलिस्तीनी दूतावास के मुताबिक, खासकर गाजा में जारी मानवीय संकट के बीच स्वास्थ्य व्यवस्था को काफी नुकसान पहुंचा है. कई अस्पताल और चिकित्सा केंद्र या तो नष्ट हो चुके हैं या काम करने की स्थिति में नहीं हैं. दवाओं और जरूरी चिकित्सा सामान की उपलब्धता भी चुनौती बनी हुई है.
ऐसे समय में वेस्ट बैंक में भारत की मदद से बनने वाला नया अस्पताल फिलिस्तीन के स्वास्थ्य क्षेत्र में भारत के सहयोग को आगे बढ़ाने वाली प्रमुख परियोजनाओं में शामिल होगा. इसके साथ ही कृत्रिम अंग केंद्र और व्यावसायिक प्रशिक्षण संस्थान के जरिए स्वास्थ्य सेवाओं के साथ पुनर्वास और कौशल विकास पर भी काम किया जाएगा.
Also read : भारत के विमानों के लिए पाकिस्तान ने फिर बंद किया हवाई रास्ता, 24 सितंबर तक नो-एंट्री
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By आलोक पाठक
आलोक पाठक वर्ष 2019 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अपने पत्रकारिता सफर के दौरान वे खबर मंत्र, गांडीव और नक्षत्र न्यूज़ जैसे संस्थानों के साथ जुड़े रहे हैं। वर्तमान में वे प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। हिंदी भाषा और लेखन के प्रति उनका विशेष लगाव है। उन्हें भू-राजनीति (Geopolitics) और राष्ट्रीय राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है। निजी जीवन में कहानियां और कविताएं लिखना तथा कालजयी साहित्य का अध्ययन उनकी प्रमुख रुचियों में शामिल है। उनका प्रयास तथ्यों पर आधारित, सरल और प्रभावी लेखन के माध्यम से पाठकों तक सार्थक जानकारी पहुंचाना है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए








