पाकिस्तान: शादी में नाच रहे थे लोग, तभी हुआ सुसाइड बम से हमला; 7 की मौत 25 से ज्यादा घायल

Updated at : 24 Jan 2026 12:07 PM (IST)
विज्ञापन
pakistan KPK rocked by suicide bombing 7 killed and several injured

पाकिस्तान में एक बिल्डिंग की सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मी. फाइल फोटो- एक्स (@Mlk00786).

पाकिस्तान में एक सुसाइड बॉम्बर ने शादी में हमला करके 7 लोगों की जान ले ली. यह घटना खैबर पख्तूख्वा इलाके में हुई. धमाके इतना जोरदार था कि समारोह स्थल की छत गिर गई. मलबे के ढेर और खून-कीचड़ के बीच अफरा-तफरी मच गई.

विज्ञापन

पाकिस्तान में शुक्रवार की शाम खैबर पख्तूनख्वा के डेरा इस्माइल खान जिले में एक खुशी का अवसर अचानक दहशत में बदल गया. एक शादी समारोह में लोग नाच-गाना कर रहे थे, खुशियों के रंग में रंगे हुए थे, लेकिन तभी एक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटक जैकेट के साथ धमाका कर दिया. इस हमले में कम से कम 7 लोग मारे गए, जबकि 25 से ज्यादा लोग घायल हो गए. लोकल पुलिस के अनुसार यह हमला डेरा इस्माइल खान जिले में सरकार समर्थक पीस कमेटी के नेता नूर आलम महसूद के घर पर हुआ. भीड़भाड़ वाले समारोह स्थल पर हुए धमाके से अफरा-तफरी मच गई, और पूरे इलाके में मलबा व खून के धब्बे बिखरे नजर आए.

धमाके की आवाज इतनी जोरदार थी कि समारोह स्थल की छत गिर गई, मलबे के ढेर और खून-कीचड़ के बीच अफरा-तफरी मच गई. लोग चीखते और भागते हुए नजर आए. इस वजह से बचाव कार्य में मुश्किलें पैदा हो गईं क्योंकि मलबे में दबे लोगों तक पहुंचना आसान नहीं था. स्थानीय पुलिस के अनुसार, इस हमले का शिकार सरकार समर्थक सामुदायिक नेता नूर आलम महसूद का घर हुआ. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, मारे गए लोगों में एक पूर्व मिलिटेंट भी शामिल था, जिसे अक्सर ‘गुड तालिब’ कहा जाता है, क्योंकि उन्होंने सरकार के सामने सरेंडर कर दिया है. बाकी मृतक उसके रिश्तेदार थे. शुरुआती रिपोर्टों में पीस कमेटी के नेता वहीदुल्लाह महसूद उर्फ जिगरी महसूद का भी मृतकों की लिस्ट में है.

घायलों और मृतकों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है. समाचार एजेंसी एपी के अनुसार, सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर लिया और किसी भी संभावित सहयोगी की पहचान के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया. अभी तक किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन पाकिस्तानी तालिबान (TTP) पर शक जताया जा रहा है. यह वही संगठन है जिसने पिछले कुछ वर्षों में पाकिस्तान में कई हिंसक हमले किए हैं.

इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें धमाका होते हुए देखा जा सकता है.

यह पाकिस्तान के इस इलाके में हाल के दिनों में पहला हमला नहीं है. इस महीने की शुरुआत में बन्नू जिले में शांति समिति के चार सदस्यों की हत्या हो चुकी थी. वहीं, नवंबर 2025 में इसी प्रांत में शांति समिति के एक दफ्तर पर हुए हमले में सात लोग मारे गए थे. अफगानिस्तान में तालिबान की वापसी के बाद से पाकिस्तान के इस हिस्से में काफी हमले हुए हैं. इसको लेकर दोनों पड़ोसी देशों के बीच बॉर्डर पर काफी बार खूनी झड़प भी हो चुकी है. अब डेरा इस्माइल खान की इस घटना स्थानीय लोगों में और मुश्किल खड़ी कर सकता है, क्योंकि अब घर भी सुरक्षित नहीं दिख रहे हैं. 

ये भी पढ़ें:- ईरान न्यूक्लियर हथियार कभी नहीं चाहता; यह हराम… बोले खामेनेई के प्रतिनिधि, दुनिया के ‘दोगले रवैये’ पर भड़के, चाबहार पर क्या कहा?

ये भी पढ़ें:- ‘अपमानजनक और बहुत बुरा… तुरंत माफी मांगें ट्रंप’, अमेरिकी प्रेसिडेंट की किस बात से गुस्से में ब्रिटिश पीएम?

विज्ञापन
Anant Narayan Shukla

लेखक के बारे में

By Anant Narayan Shukla

इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पोस्ट ग्रेजुएट. करियर की शुरुआत प्रभात खबर के लिए खेल पत्रकारिता से की और एक साल तक कवर किया. इतिहास, राजनीति और विज्ञान में गहरी रुचि ने इंटरनेशनल घटनाक्रम में दिलचस्पी जगाई. अब हर पल बदलते ग्लोबल जियोपोलिटिक्स की खबरों के लिए प्रभात खबर के लिए अपनी सेवाएं दे रहे हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola