व्हाट्सएप पर बनी 2 भारतीयों पर हमले की योजना, इजरायल बोला यह बर्दाश्त नहीं... आरोपी गिरफ्तार

इजरायल में 2 भारतीयों पर हमले का स्क्रीनशॉट.
Indians attacked in Israel: अश्कलोन में दो भारतीयों पर हुए हमले की इजरायल ने कड़ी आलोचना की है. भारत में इजरायली एंबेसी ने इसे पूरी तरह अस्वीकार्य बताया और कहा कि इस घटना के हमलावर पकड़ लिए गए हैं. इस हमले की योजना पूर्वनियोजित थी, जिसकी प्लानिंग व्हाट्सएप ग्रुप में बनी थी.
इजरायल ने अश्कलोन में दो भारतीय कामगारों पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है. उसने इस हमले को ‘पूरी तरह अस्वीकार्य’ बताया. भारत में स्थित इजरायली दूतावास ने जानकारी दी कि आरोपियों को पकड़ लिया गया है और उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जाएगा. इजरायल के सरकारी ब्रॉडकास्टर कान (KAN) द्वारा एक वीडियो जारी किया गया था, जिसमें बुधवार को एक सार्वजनिक पार्क में कम से कम दो लोगों पर हमलावरों के एक समूह द्वारा हमला किया जा रहा था.
KAN द्वारा 16 फरवरी को जारी किए गए वीडियो में दिए गए हिब्रू कैप्शन में इस घटना को पूर्वनियोजित घात लगाकर किया गया हमला बताया गया, जो नस्लवाद और दुर्भावना से प्रेरित था. इस हमले की योजना व्हाट्सएप ग्रुप में बनी थी. अश्कलोन इजरायल की राजधानी तेल अवीव से लगभग 50 किलोमीटर दूर गाजा बॉर्डर के करीब स्थित है. यहां भारतीयों सहित बड़ी संख्या में विदेशी कामगार रहते हैं. हालांकि, यह हमला वास्तव में कब हुआ था यह स्पष्ट नहीं है, लेकिन वीडियो रिपोर्ट 16 फरवरी को सामने आया है की गई.
कांग्रेस नेता पवन खेरा ने इस घटना पर चिंता जताई थी. उन्होंने विदेश मंत्री एस जयशंकर से इस मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की. एक्स पर एक पोस्ट में खेरा ने कहा, ‘कल इजरायल के अश्कलो में दो भारतीय नागरिकों पर बेरहमी से हमला किया गया. यह एक पूर्वनियोजित नस्लवादी हमला था, जिसकी योजना निजी चैट्स में बनाई गई थी. यह पहला ऐसा हमला नहीं है और दुख की बात है कि शायद यह आखिरी भी नहीं होगा.’
उन्होंने आगे कहा, ‘देश में पर्याप्त रोजगार सृजित करने में सरकार की विफलता ने भारतीय मजदूरों को इजरायल में काम ढूंढने के लिए मजबूर किया है. सरकार भारतीय मजदूरों को वहां भेजते समय भारत-इजरायल ‘दोस्ती’ का जश्न मनाती है, लेकिन जब हमारे लोगों के साथ बर्बरता होती है तो वह चुप्पी साध लेती है और जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लेती है. एस. जयशंकर को तुरंत इस मामले को देखना चाहिए, पीड़ितों की स्थिति की पुष्टि करनी चाहिए और जरूरत पड़ने पर उन्हें मुफ्त और पर्याप्त चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करनी चाहिए.’
यह घटना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इजरायल यात्रा से ठीक पहले हुई है. खेरा ने सवाल उठाया कि क्या पीएम मोदी अपनी यात्रा के दौरान नस्लवाद के मुद्दे को उठाएंगे. प्रधानमंत्री मोदी अगले सप्ताह इजरायल की यात्रा पर जाने वाले हैं. प्रमुख अमेरिकी यहूदी संगठनों के अध्यक्षों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए इजरायल के पीएम बेंजामि नेतन्याहू ने मोदी की आगामी यात्रा की घोषणा की थी. उन्होंने इसे दोनों देशों के बीच ‘जबर्दस्त गठबंधन’ का उल्लेख के रूप में किया था. यह पीएम मोदी की इजरायल की दूसरी यात्रा होगी. इससे पहले वह 2017 में यहूदी देश गए थे. वह इजरायल का दौरा करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बने थे.
ये भी पढ़ें:- 18 लाख का एक बंदर, डिमांड में तेजी ; जानिए सबकुछ
ये भी पढ़ें:- ‘इस्लामाबाद या भारत नहीं है’, अमेरिका में 90 फुट की हनुमान मूर्ति देख भड़का एक्टिविस्ट
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By Anant Narayan Shukla
इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पोस्ट ग्रेजुएट. करियर की शुरुआत प्रभात खबर के लिए खेल पत्रकारिता से की और एक साल तक कवर किया. इतिहास, राजनीति और विज्ञान में गहरी रुचि ने इंटरनेशनल घटनाक्रम में दिलचस्पी जगाई. अब हर पल बदलते ग्लोबल जियोपोलिटिक्स की खबरों के लिए प्रभात खबर के लिए अपनी सेवाएं दे रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




