Middle East Conflict : ईरान की अमेरिका को धमकी- पूरे नहीं हुए वादे, तो नहीं खुलेंगे होर्मुज के रास्ते

Updated:
विज्ञापन

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (बाएं) और इरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बाकर गालिबाफ (दाएं) - फोटो : X

ईरान ने अमेरिका के सामने होर्मुज स्ट्रेट को लेकर अपनी शर्तें स्पष्ट कर दी हैं. ईरानी संसद के स्पीकर ने कहा है कि जब तक अमेरिका अपने वादे पूरे नहीं करता, तब तक समुद्री यातायात नहीं खोला जाएगा. यह बयान तब आया है जब होर्मुज में एक जहाज को अज्ञात प्रोजेक्टाइल से नुकसान पहुंचा है.

विज्ञापन

Middle East Conflict : ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर अमेरिका के सामने अपनी शर्तें साफ कर दी हैं. ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर गालिबाफ ने मंगलवार को कहा कि जब तक अमेरिका 14 सूत्रीय समझौता ज्ञापन (MoU) में किए गए अपने वादों को पूरा नहीं करता, तब तक स्ट्रेट ऑफ होर्मुज समुद्री यातायात के लिए नहीं खोला जाएगा. उन्होंने कहा कि इसमें नाकाबंदी हटाना, ईरान की जब्त संपत्तियां जारी करना, तेल प्रतिबंध हटाना और सैन्य कार्रवाई व धमकियां खत्म करना शामिल है.

अमेरिका को पूरी करनी होंगी ये शर्तें

गालिबाफ ने कहा कि समझौते में अमेरिका ने जिन शर्तों पर सहमति जताई है, उन्हें लागू किए जाने तक होर्मुज से समुद्री यातायात बहाल नहीं होगा. उन्होंने विशेष रूप से नाकाबंदी हटाने, फ्रीज की गई संपत्तियां जारी करने, तेल पर लगे प्रतिबंध हटाने और सभी मोर्चों पर सैन्य अभियान तथा धमकियां खत्म करने का जिक्र किया.

उन्होंने कहा कि ईरान ने इस समझौते से मिले युद्धविराम और नाकाबंदी हटाने के अवसर का इस्तेमाल अपनी अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और रक्षा क्षमता को फिर से तैयार करने के लिए किया है.

गालिबाफ ने दी जवाबी कार्रवाई की चेतावनी

ईरानी संसद अध्यक्ष ने विरोधियों को चेतावनी देते हुए कहा कि ईरान अपने खिलाफ की गई कार्रवाई और आक्रामकता के अनुपात में और ज्यादा कड़ा जवाब देने के लिए तैयार है. उन्होंने कहा कि देश अपनी संप्रभुता और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए पीछे नहीं हटेगा.

गालिबाफ ने ईरान के भीतर एकता बनाए रखने पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा कि देश राजनीतिक स्तर पर और आम जनता के बीच एकजुट है और किसी बाहरी ताकत को राष्ट्रीय एकता और देश की मजबूती को प्रभावित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी.

होर्मुज में जहाज को अज्ञात प्रोजेक्टाइल से नुकसान

गालिबाफ का बयान ऐसे समय आया है जब स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजर रहे एक जहाज को अज्ञात प्रोजेक्टाइल से नुकसान पहुंचने की खबर सामने आई है. ब्रिटेन के मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) के मुताबिक, जहाज होर्मुज से बाहर निकल रहा था, तभी उसे अज्ञात प्रोजेक्टाइल ने निशाना बनाया.

UKMTO ने बताया कि घटना में जहाज के इंजन रूम को नुकसान पहुंचा और चालक दल का एक सदस्य घायल हुआ. घटना के बाद इलाके में समुद्री यातायात और सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है.

60 दिन की अवधि खत्म, कई मुद्दे अब भी लंबित

ईरान और अमेरिका के बीच समझौते के तहत दी गई 60 दिन की अवधि समाप्त होने के बाद भी दोनों पक्षों के बीच कई अहम मुद्दे सुलझे नहीं हैं. तेहरान की ओर से होर्मुज में सामान्य समुद्री यातायात बहाल करने को नाकाबंदी खत्म करने, सैनिकों की वापसी और क्षतिपूर्ति जैसे मुद्दों से जोड़ा गया है.

गालिबाफ के ताजा बयान से साफ है कि ईरान फिलहाल स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को खोलने के लिए अमेरिका की ओर से समझौते की शर्तें लागू किए जाने का इंतजार कर रहा है.

Also read : 'वंदे मातरम्' विवाद पर खरगे का पलटवार, बोले- गांधी-नेहरू वाला ही संस्करण गाया, अपराध है तो FIR करें


विज्ञापन
आलोक पाठक

लेखक के बारे में

By आलोक पाठक

आलोक पाठक वर्ष 2019 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अपने पत्रकारिता सफर के दौरान वे खबर मंत्र, गांडीव और नक्षत्र न्यूज़ जैसे संस्थानों के साथ जुड़े रहे हैं। वर्तमान में वे प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। हिंदी भाषा और लेखन के प्रति उनका विशेष लगाव है। उन्हें भू-राजनीति (Geopolitics) और राष्ट्रीय राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है। निजी जीवन में कहानियां और कविताएं लिखना तथा कालजयी साहित्य का अध्ययन उनकी प्रमुख रुचियों में शामिल है। उनका प्रयास तथ्यों पर आधारित, सरल और प्रभावी लेखन के माध्यम से पाठकों तक सार्थक जानकारी पहुंचाना है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola