ट्रंप ने शेयर की AI तस्वीर: होर्मुज को बताया 'New US Territory'; ईरान ने कहा- शर्तें पूरी होने तक नहीं खुलेगा रास्ता
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ट्रुथ सोशल पर शेयर की गई मैप की तस्वीर (फोटो : Truth Social)
होर्मुज स्ट्रेट को लेकर अमेरिका-ईरान की भिड़ंत थमने का नाम नहीं ले रही. अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर होर्मुज क्षेत्र को अमेरिकी टेरिटरी बता दिया. जिस मैप का फोटो ट्रंप ने शेयर किया है, उसे AI जेनरेटेड बताया जा रहा है.
Hormuz Strait : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को AI से बनाई गई एक तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की, जिसमें रणनीतिक होर्मुज जलडमरूमध्य को NEW US Territory यानी "नया अमेरिकी क्षेत्र" बताया गया है. यह पोस्ट ईरान के साथ बढ़ते तनाव के बीच आई है. तस्वीर में ईरान और अरब प्रायद्वीप के बीच स्थित होर्मुज स्ट्रेट को नीले नक्शे पर घेरकर अमेरिकी क्षेत्र के तौर पर दिखाया गया है.

ट्रंप इससे पहले भी होर्मुज पर अमेरिका के नियंत्रण का दावा कर चुके हैं. उन्होंने कहा था कि अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी प्रभावी है, तेल की कीमतें नीचे आ रही हैं और स्ट्रेट खुला है. ट्रंप ने ईरान की आर्थिक और सैन्य स्थिति पर भी टिप्पणी की और कहा कि अमेरिका के पास क्षेत्र में पूरा नियंत्रण है. उनके मुताबिक, होर्मुज को अमेरिकी क्षेत्र घोषित करने का विचार भी उन्हें पसंद है.
ईरान ने ट्रंप के दावे को नकारा
ट्रंप के दावे के उलट ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर गालिबाफ ने कहा है कि जब तक अमेरिका 14 सूत्री समझौते में तय अपनी सभी शर्तें पूरी नहीं करता, तब तक होर्मुज स्ट्रेट समुद्री यातायात के लिए नहीं खोला जाएगा.
गालिबाफ के मुताबिक, इसमें नाकाबंदी हटाना, ईरान की जब्त संपत्तियां जारी करना, तेल प्रतिबंध हटाना और सैन्य अभियान व धमकियां बंद करना शामिल है. उन्होंने अमेरिका पर समझौते की शर्तों से पीछे हटने का आरोप लगाते हुए कहा कि ईरान आगे की कार्रवाई के लिए तैयार है.
होर्मुज में जहाज पर हमला, एक घायल
इसी बीच होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे एक जहाज पर अज्ञात प्रक्षेप्य से हमला हुआ. ब्रिटेन के मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) के अनुसार, हमले से जहाज के इंजन रूम को नुकसान पहुंचा और चालक दल का एक सदस्य घायल हुआ. बाकी चालक दल को ओमान के तटरक्षक बल की मदद मिल रही है.
Also read : Middle East Conflict : ईरान की अमेरिका को धमकी- पूरे नहीं हुए वादे, तो नहीं खुलेंगे होर्मुज के रास्ते
अधिकारियों ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और क्षेत्र से गुजरने वाले जहाजों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब अमेरिका और ईरान के बीच जून में हुए समझौते को लेकर दोनों पक्ष एक-दूसरे पर शर्तों का पालन नहीं करने का आरोप लगा रहे हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By आलोक पाठक
आलोक पाठक वर्ष 2019 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अपने पत्रकारिता सफर के दौरान वे खबर मंत्र, गांडीव और नक्षत्र न्यूज़ जैसे संस्थानों के साथ जुड़े रहे हैं। वर्तमान में वे प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। हिंदी भाषा और लेखन के प्रति उनका विशेष लगाव है। उन्हें भू-राजनीति (Geopolitics) और राष्ट्रीय राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है। निजी जीवन में कहानियां और कविताएं लिखना तथा कालजयी साहित्य का अध्ययन उनकी प्रमुख रुचियों में शामिल है। उनका प्रयास तथ्यों पर आधारित, सरल और प्रभावी लेखन के माध्यम से पाठकों तक सार्थक जानकारी पहुंचाना है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









