ePaper

बांग्लादेश में 'शैडो कैबिनेट' की तैयारी, क्या ब्रिटेन वाले फॉर्मूले में फंसेंगे तारिक रहमान?

Updated at : 18 Feb 2026 10:41 AM (IST)
विज्ञापन
Bangladesh Shadow Cabinet Tarique Rahman PM

बांग्लादेश के PM के रूप में शपथ लेते हुए तारिक रहमान की तस्वीर. इमेज सोर्स- एएनआई.

Bangladesh Shadow Cabinet: बांग्लादेश में तख्तापलट के बाद हुए पहले चुनाव में तारिक रहमान ने पीएम पद की शपथ ले ली है. 35 साल बाद किसी पुरुष नेता के हाथ में देश की कमान आई है. इस बीच वहां 'शैडो कैबिनेट' बनाने की चर्चा तेज है. जानिए क्या है विपक्ष का यह खास प्लान और कैसे यह सरकार की हर चाल पर पैनी नजर रखेगा.

विज्ञापन

Bangladesh Shadow Cabinet: बांग्लादेश में 13वें संसदीय चुनाव के बाद सत्ता की चाबी तारिक रहमान के हाथ आ गई है. मंगलवार दोपहर ढाका के संसद परिसर (साउथ प्लाजा) में उन्होंने प्रधानमंत्री पद की शपथ ली. राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने उन्हें और उनके साथ 25 मंत्रियों और 24 राज्य मंत्रियों को शपथ दिलाई. यह 2024 के छात्र आंदोलन और शेख हसीना के देश छोड़ने के बाद पहला चुनाव था, जिसमें BNP (बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी) ने बंपर जीत हासिल की है.

लेकिन इस जीत के बीच एक नया शब्द चर्चा में है‘शैडो कैबिनेट’. आइए आसान भाषा में जानते हैं कि यह क्या है और बांग्लादेश की राजनीति में इसे क्यों लाया जा रहा है.

क्या है यह ‘शैडो कैबिनेट’? 

शैडो कैबिनेट का आइडिया ब्रिटेन की संसदीय प्रणाली (वेस्टमिंस्टर सिस्टम) से आया है. आसान शब्दों में कहें तो, जैसे स्कूल में एक असली मॉनिटर होता है और एक उसकी जगह लेने वाला तैयार रहता है, वैसे ही विपक्ष अपना एक ‘नकली मंत्रिमंडल’ बनाता है.

काम क्या है? इसमें विपक्ष के सीनियर नेता उन मंत्रालयों पर नजर रखते हैं जो सरकार के पास हैं. अगर सरकार का कोई मंत्री रक्षा या शिक्षा विभाग संभाल रहा है, तो शैडो कैबिनेट में भी एक ‘शैडो मंत्री’ होगा जो उस विभाग की हर गतिविधि पर नजर रखेगा.

वॉचडॉग की तरह: यह सरकार की गलतियां पकड़ने और अपनी वैकल्पिक नीतियां (अल्टरनेटिव पॉलिसी) पेश करने का काम करता है.

क्यों हो रही है इसकी मांग?

चुनाव के नतीजे आने के बाद नेशनल सिटीजन पार्टी (NCP) के प्रवक्ता आसिफ महमूद शोजीब भुइयां ने फेसबुक पर इसकी चर्चा छेड़ी. उन्होंने कहा कि सरकार की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए एक ‘शैडो कैबिनेट’ की तैयारी है. जमात-ए-इस्लामी के उम्मीदवार शिशिर मुनीर ने भी इसका समर्थन करते हुए कहा कि इससे संसद में बहस का स्तर सुधरेगा.

क्या बांग्लादेश में यह पहले कभी हुआ है?

नागरिक सुशासन (सिटिजन्स फॉर गुड गवर्नेंस) के सचिव और राजनीतिक विश्लेषक बदीउल आलम मजूमदार के अनुसार, बांग्लादेश के इतिहास में आज तक कभी औपचारिक रूप से शैडो कैबिनेट नहीं बनी है. उन्होंने इसे एक सकारात्मक कदम बताया और कहा कि इससे सड़क पर होने वाले विरोध प्रदर्शनों के बजाय संसद के भीतर बेहतर बहस हो सकेगी.

तारिक रहमान: 35 साल बाद मिला देश को पुरुष प्रधानमंत्री

तारिक रहमान का पीएम बनना कई मायनों में ऐतिहासिक है:

  • पहला पुरुष पीएम: पिछले 35 सालों से बांग्लादेश में सिर्फ महिलाएं (शेख हसीना और खालिदा जिया) ही पीएम बन रही थीं. तारिक रहमान इस सिलसिले को तोड़ने वाले पहले पुरुष हैं.
  • वनवास खत्म: वे लगभग 17 साल लंदन में निर्वासित जीवन बिताने के बाद दिसंबर में ढाका लौटे थे.
  • पारिवारिक विरासत: वे पूर्व पीएम खालिदा जिया और पूर्व राष्ट्रपति जियाउर रहमान के बेटे हैं.

चुनाव के आंकड़े: किसने कितनी सीटें जीतीं?

बांग्लादेश की 350 सदस्यों वाली संसद में इस बार मुकाबला दिलचस्प रहा:

  • BNP: 212 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनी.
  • जमात-ए-इस्लामी (11 पार्टियों का गठबंधन): 77 सीटें जीतीं.
  • वोटिंग सिस्टम: बांग्लादेश में 300 सीटों पर डायरेक्ट वोटिंग होती है, जबकि 50 सीटें महिलाओं के लिए रिजर्व होती हैं, जिन्हें पार्टियों की जीत के अनुपात में बांटा जाता है.

ये भी पढ़ें: ट्रंप की घेराबंदी से अमेरिका के इस पड़ोसी देश में हाहाकार; न तेल, न खाना, क्या टेकेगा घुटने?

ये भी पढ़ें: जंग की आहट? अमेरिका ने भेजे 50 फाइटर जेट्स, भड़के खामनेई ने दी चेतावनी

विज्ञापन
Govind Jee

लेखक के बारे में

By Govind Jee

गोविन्द जी ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय भोपाल से की है. वे वर्तमान में प्रभात खबर में कंटेंट राइटर (डिजिटल) के पद पर कार्यरत हैं. वे पिछले आठ महीनों से इस संस्थान से जुड़े हुए हैं. गोविंद जी को साहित्य पढ़ने और लिखने में भी रुचि है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola