आतंकियों ने मिसाइल से बनाया मलयेशियाई विमान को निशाना,295 की मौत

क्वालालंपुर/कीव : रूस-यूक्रेन सीमा के पास गुरुवार को मलयेशियाई एयरलाइंस के एक विमान को उग्रवादियों ने सतह से हवा में मार करनेवाली बुक मिसाइल से रात करीब नौ बजे मार गिराया. यूक्रेन की संवाद एजेंसी इंटरफैक्स ने गृह मंत्री के हवाले से खबर दी है कि विमान में सवार 295 लोगों (280 यात्री और 15 […]
क्वालालंपुर/कीव : रूस-यूक्रेन सीमा के पास गुरुवार को मलयेशियाई एयरलाइंस के एक विमान को उग्रवादियों ने सतह से हवा में मार करनेवाली बुक मिसाइल से रात करीब नौ बजे मार गिराया. यूक्रेन की संवाद एजेंसी इंटरफैक्स ने गृह मंत्री के हवाले से खबर दी है कि विमान में सवार 295 लोगों (280 यात्री और 15 चालक दल के सदस्य) में से किसी के भी बचने की उम्मीद नहीं है. यूक्रेन के एक अधिकारी ने बताया कि रूस की सीमा में प्रवेश करने से 50 किमी पहले ही विमान मिसाइल की चपेट में आ गया.
सूत्रों के मुताबिक, मलेशियाई एयरलाइंस का यह विमान बोइंग 777 था. यह एम्सटर्डम से क्वालालंपुर जा रहा था. एक सुरक्षा सूत्र ने बताया कि रडार से गायब होने के बाद बोइंग यात्री विमान विद्रोहियों द्वारा तबाह डोनेटस्क क्षेत्र के शक्तास्र्क शहर में काफी नीचे आ गया. इसी दौरान सतह से हवा में मार करनेवाली एक मिसाइल ने इसे मार गिराया.
आधिकारिक रूप से इस संबंध में कोई विस्तृत सूचना नहीं दी गयी है. हालांकि, मलयेशियाई एयरलाइंस ने ट्विटर पर लिखा है कि एम्सटर्डम से रवाना हुई
फ्लाइट एमएच-17 का संपर्क टूट चुका है. अंतिम बार विमान की स्थिति यूक्रेन में थी. गेराशचेंको ने कहा, ‘एक नागरिक विमान जो एम्सटर्डम से क्वालालंपुर जा रही थी, को बुक एंटी एयरक्राफ्ट सिस्टम से उड़ा दिया गया. इसमें 295 लोगों की मौत हो गयी है.’ वहीं, यूक्रेन की संवाद एजेंसी इंटरफैक्स ने यूक्रेन के अधिकारियों के हवाले से कहा कि 10,000 मीटर (33,000 फीट) की ऊंचाई पर उड़ान भरने के दौरान विमान का संपर्क रडार से टूट गया. रूस की सीमा से 40 किमी दूर तोरेज के निकट यह नीचे आया. इसी दौरान एक मिसाइल हमले का शिकार हो गया. ज्ञात हो कि रूस समर्थक विद्रोही और यूक्रेन की सेना के बीच यहां युद्ध छिड़ा हुआ है.
यहां बताना प्रासंगिक होगा कि इसी हफ्ते यूक्रेन के अधिकारियों ने कहा था कि रूसी लड़ाकों ने यूक्रेन सेना के मालवाहक विमान को मार गिराया था. विमानन उद्योग से जुड़े एक विशेषज्ञ ने कहा है कि यदि किसी युद्धग्रस्त इलाके में कोई विमान जाता है, तो उसके साथ ऐसे हादसे की आशंका बनी रहती है.
एमएच प्लेन के क्रैश होने की खबर से मुङो धक्का लगा है. हम जल्द इसके लिए जांच शुरू कर रहे हैं. आम लोग शांति बनाये रखें.
नजीब रज्जाक, प्रधानमंत्री, मलयेशिया
08:45 बजे विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर दी एक ब्रिटिश अखबार ने
09:04 बजे यूक्रेन से रिपोर्ट आयी कि शायद विमान को मार गिराया गया है
09:12 बजे यूक्रेन के गृह मंत्री ने कहा कि किसी के बचने की संभावना नहीं है
09:15 बजे मलयेशियन एयरलाइंस ने पुष्टि की कि विमान से संपर्क टूट गया है
09:25 बजे खबर आयी कि बुक मिसाइल से विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ है
09:27 बजे रूस ने मिसाइल दागे जाने में अपनी भूमिका से इनकार किया
16:56 बजे यूक्रेन के प्रधानमंत्री ने इस मामले की जांच के आदेश दिये
(ब्रिटिश समय के अनुसार)
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










