पाक SC ने शरीफ के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामले की जांच का आदेश दिया

इस्लामाबाद : पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को बड़ा झटका देते हुए पनामा पेपर्स मामले की जांच का आदेश दिया है. इस मामले में प्रधानमंत्री के परिवार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं. सुप्रीम कोर्ट ने पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के प्रमुख इमरान खान और अन्य लोगों की ओर से दायर याचिकाओं पर सुनवाई […]
इस्लामाबाद : पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को बड़ा झटका देते हुए पनामा पेपर्स मामले की जांच का आदेश दिया है. इस मामले में प्रधानमंत्री के परिवार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं. सुप्रीम कोर्ट ने पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के प्रमुख इमरान खान और अन्य लोगों की ओर से दायर याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए यह आदेश जारी किया.
इन याचिकाओं में शरीफ और उनके रिश्तेदारों के खिलाफ पनामा पेपर्स मामलों में लगे भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच की मांग की गई थी. प्रधान न्यायाधीश न्यायमूर्ति अनवर जहीर जमाली की अध्यक्षता वाली पांच सदस्यीय पीठ ने कई कैबिनेट मंत्रियों, याचिकाकर्ताओं के वकीलों, तहरीक-ए-इंसाफ के वरिष्ठ नेताओं और मीडिया की मौजूदगी में सुनवाई की.
पाकिस्तान की शीर्ष अदालत ने कहा कि वह एक न्यायाधीश की अध्यक्षता में जांच आयोग गठित करने और सुप्रीम कोर्ट की शक्तियां देने के लिए तैयार है. सुप्रीम कोर्ट ने सरकार और याचिकाकर्ताओं को यह भी आदेश दिया कि वे जांच आयोग के लिए अपनी शर्तें तय करें. उसने कहा कि अगर संबंधित पक्ष शर्तों को लेकर सहमति नहीं बनाते हैं तो शीर्ष अदालत शर्तों को तालमेल बैठाकर तय करेगी.
सुनवाई को गुरुवार तक के लिए स्थगित करने से पहले शीर्ष अदालत ने इस मामले में नियमित आधार पर सुनवाई की इच्छा जताई. सुप्रीम कोर्ट ने इस्लामाबाद में कल प्रस्तावित तहरीक-ए-इंसाफ के प्रदर्शन पर रोक नहीं लगाई. परंतु उसने सरकार और विपक्ष को संयम बरतने की सलाह दी.
सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर तहरीक-ए-इंसाफ के मुखिया इमरान खान ने कहा कि इस्लामाबाद में प्रस्तावित सरकार विरोधी रैली अब धन्यवाद दिवस के तौर पर आयोजित होगी. खान ने भ्रष्टाचार के खिलाफ अपने संघर्ष का हिस्सा बने लागों का धन्यवाद दिया.
उन्होंने कहा, ‘‘घर जाइए और आराम करिए। कल आपको परेड ग्राउंड में धन्यवाद समारोह के लिए इस्लामाबाद लौटना है.” उन्होंने कहा, ‘‘मैं खुश हूं कि नवाज शरीफ की जांच आज यह कल के बाद से शुरु हो जाएगी.” तहरीक-ए-इंसाफ ने पनामा पेपर्स मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए इस्लामाबाद में रैली का ऐलान किया था. पनामा पेपर्स के अनुसार शरीफ की बेटी मरियम और बेटों हसन एवं हुसैन की विदेश में कपंनिया थीं तथा इनके जरिए कई लेनदेन हुए थे.
शरीफ और उनके परिवार ने धनशोधन के आरोपों को खारिज किया है और कुछ भी गलत करने से इंकार किया है, लेकिन विपक्ष निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है. सरकार ने इस्लामाबाद में तहरीक-ए-इंसाफ के प्रदर्शन को नाकाम करने के लिए प्रबंध किए हैं.
इस्लामाबाद में प्रवेश के सभी रास्तों की निगरानी की जा रही है और तहरीक-ए-इंसाफ के बहुत सारे कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




