ePaper

संघ प्रमुख ने बनाया आरक्षण को चुनावी मुद्दा : रघुवंश

Updated at : 20 Oct 2015 2:49 PM (IST)
विज्ञापन
संघ प्रमुख ने बनाया आरक्षण को चुनावी मुद्दा : रघुवंश

मुजफ्फरपुर : महागंठबंधन के नेता नीतीश कुमार एवं राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव पर चुनाव को अगड़ा बनाम पिछड़ा बनाए जाने के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए राजद उपाध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह ने दावा किया कि संघ प्रमुख मोहन भागवत के आरक्षण संबंधी बयान के कारण यह चुनावी मुद्दा […]

विज्ञापन

मुजफ्फरपुर : महागंठबंधन के नेता नीतीश कुमार एवं राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव पर चुनाव को अगड़ा बनाम पिछड़ा बनाए जाने के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए राजद उपाध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह ने दावा किया कि संघ प्रमुख मोहन भागवत के आरक्षण संबंधी बयान के कारण यह चुनावी मुद्दा बना है और गरीब लोग महागठबंधन के पक्ष में गोलबंद होकर उसे सत्ता में बिठाने को तत्पर हैं. रघुवंश प्रसाद सिंह ने कहा कि चुनाव में अगड़ा बनाम पिछड़ा के मुद्दे को राजद या जदयू ने नहीं उठाया, न ही पहले लालू या नीतीश इस विषय पर बोले. सबसे पहले आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत की आरक्षण की समीक्षा किए जाने संबंधी टिप्पणी आयी. उन्होंने कहा कि चुनाव के समय भागवत को ऐसी बात कहने का क्या मतलब था.

रघुवंश प्रसाद सिंह ने कहा कि भागवत के बयान पर लालू और नीतीश ने केवल उसका जवाब दिया क्योंकि गरीब लोग और आरक्षण के दायरे में आने वाले लोग आशंकित हो गये थे और अब वे चौकस हो गये हैं. राजद के वरिष्ठ नेता ने भाजपा पर आरक्षण विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि भागवत के बयान से इसकी पुष्टि हो गयी है. उन्होंने कहा कि हमारा मानना है कि जब तक जाति है तब तक कोई भी आरक्षण को खत्म नहीं कर सकता है.

चुनाव में भाजपा नीत राजग की चुनौती के बारे में पूछे जाने पर रघुवंश ने कहा कि कहीं कोई चुनौती नहीं है और गरीब महागंठबंधन के पक्ष में गोलबंद हो गये हैं. उन्होंने दावा किया कि इस बार 1995 के चुनाव जैसा दृश्य उत्पन्न हो गया है. सारे गरीब लोग महागठबंधन के पक्ष में एकजुट हो गये हैं. वैसी ही स्थिति उत्पन्न हो गयी है. वहीं, चुनाव में महादलितों पर पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के प्रभाव के बारे में पूछे जाने पर राजद नेता ने कहा कि मांझी हल्का पड़ गये हैं और उनका कोई खास प्रभाव नहीं दिख रहा है.

गौर हो कि वैशाली के राघोपुर और महुआ से राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद के दोनों पुत्र चुनाव लड़ रहे हैं जहां लालू की राजनीतिक विरासत दांव पर है. भाजपा नीत राजग ने इन दोनों सीटों पर जदयू के बागी एवं वर्तमान विधायकों को उतारकर दोनों स्टार पुत्रों के समक्ष कड़ी चुनौती पेश की है. महुआ सीट पर तेज प्रताप को हिन्दुस्तान आवाम मोर्चा के उम्मीदवार रवींद्र राय की चुनौती का सामना करना पड़ रहा है जबकि राघोपुर से तेजस्वी यादव के सामने सतीश कुमार हैं, जिन्होंने पिछले चुनाव में लालू प्रसाद की पत्नी और पूर्व मुख्यमंत्री राबडी देवी को पराजित किया था. इन दोनों सीटों पर राजग की चुनौती के बारे में पूछे जाने पर रघुवंश ने कहा, कोई चुनौती नहीं है, हम दोनों सीट जीत रहे हैं. रवीन्द्र राय के प्रति लोगों में नाराजगी है. कहीं भी वोट काटने वालों को लोग वोट नहीं दे रहे हैं. हम अच्छे अंतर से जीतेंगे.

यह पूछे जाने पर कि क्या चुनाव के बाद महागंठबंधन बरकरार रह पायेगा, उन्होंने कहा कि लोगों को यह आशंका थी कि यह गठबंधन बनेगा ही नहीं, लेकिन गठबंधन हुआ. फिर कुछ लोगों ने आशंका व्यक्त की कि सीटों के बंटवारे में झमेला होगा लेकिन यह भी अच्छे ढंग से हुआ. जब जनादेश आयेगा तब भी हम अच्छे ढंग से सरकार चलायेंगे. जंगलराज- 2 लौटने के भाजपा के आरोपों के बारे में उन्होंने कहा कि जो लोग जंगलराज की बात करते हैं, वे गरीब को सत्ता में नहीं देखना चाहते हैं.

नीतीश कुमार के बिजली उपलब्ध नहीं होने पर वोट नहीं मांगने के पूर्व के बयान के बारे में एक सवाल के जवाब में रघुवंश ने कहा कि घर घर बिजली अधूरा एजेंडा रहा लेकिन हम पूरी संकल्पशक्ति के साथ इसे पूरा करेंगे.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola