ePaper

नरेंद्र मोदी और नवाज शरीफ ने एक-दूसरे का हाथ हिलाकर किया अभिवादन

Updated at : 29 Sep 2015 10:55 AM (IST)
विज्ञापन
नरेंद्र मोदी और नवाज शरीफ ने एक-दूसरे का हाथ हिलाकर किया अभिवादन

संयुक्त राष्ट्र : द्विपक्षीय संबंधों में ठहराव के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पाकिस्तान के उनके समकक्ष नवाज शरीफ ने आज यहां संयुक्त राष्ट्र शांति रक्षा शिखर सम्मेलन में सामना होने पर हाथ हिलाकर एक दूसरे का अभिवादन किया. अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की ओर से बुलाये गये इस शिखर सम्मेलन में पहले मोदी सम्मेलन […]

विज्ञापन

संयुक्त राष्ट्र : द्विपक्षीय संबंधों में ठहराव के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पाकिस्तान के उनके समकक्ष नवाज शरीफ ने आज यहां संयुक्त राष्ट्र शांति रक्षा शिखर सम्मेलन में सामना होने पर हाथ हिलाकर एक दूसरे का अभिवादन किया. अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की ओर से बुलाये गये इस शिखर सम्मेलन में पहले मोदी सम्मेलन कक्ष में गये. उससे कुछ मिनट बाद शरीफ आये और उन्होंने मोदी को देखकर हाथ हिलाया. भारतीय प्रधानमंत्री ने जवाब में हाथ हिलाया और मुस्कुराए. इसके बाद कुछ क्षण ठहराव सा रहा और मोदी ने दोबारा शरीफ को देखकर हाथ हिलाया और फिर शरीफ ने भी ऐसा ही किया और मुस्कुराए.

संयुक्त राष्ट्र शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने न्यूयार्क आये दोनों नेताओं का सोमवार को पहली बार आमना सामना हुआ. दोनों नेता सम्मेलन कक्ष में घोडे के नाल की आकृति वाली मेज पर आमने-सामने थे. मेज पर मोदी की तरफ वाले हिस्से में संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून, जापानी नेता प्रधानमंत्री शिंजो अबे और फ्रांस एवं इंडोनेशिया के अन्य नेता उनके पास बैठे हुए थे. शरीफ के पास अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा, बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना और रवांडा एवं इथियोपिया के नेता बैठे हुए थे.

दोनों नेताओं ने हाथ हिलाकर एक दूसरे का अभिवादन करने के अलावा आपस में और किसी प्रकार की बातचीत नहीं की. दोनों नेता शिखर सम्मेलन शुरू होने से कुछ ही मिनट पहले सम्मेलन कक्ष में पहुंचे थे इसलिए वे कक्ष में प्रवेश करने के बाद अपनी सीटों पर बैठे और उन्होंने कक्ष में घूमकर वहां मौजूद किसी अन्य नेता से मुलाकात नहीं की या किसी का अभिवादन नहीं किया. मोदी और शरीफ करीब डेढ घंटे तक सम्मेलन कक्ष में रहे. दोनों नेताओं ने एक दूसरे के संबोधन के बाद तालियां बजाईं.

प्रधानमंत्री मोदी शिखर सम्मेलन को संबोधित करने के तत्काल बाद कक्ष से चले गये. वह हाथ मिलाने के लिए किसी नेता के पास नहीं गये. शरीफ इसके करीब 10 से 15 मिनट बाद सम्मेलन कक्ष से गये. भारतीय नेता के बगल की सीट पर बैठने से पहले जापान के प्रधानमंत्री उनके पास गये और उन्होंने शिष्टाचारपूर्वक हाथ हिलाया. अपनी कुर्सी पर बैठे मोदी भी मुस्कुराए और जापानी नेता के साथ हाथ मिलाया. शरीफ अपना भाषण समाप्त करने के बाद अपनी सीट पर वापस गये लेकिन उन्होंने ओबामा की ओर नहीं देखा और न ही उनसे हाथ मिलाया. ओबामा भी नेता के अभिवादन के लिए खडे नहीं हुए.

ओबामा ने चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग के संबोधन के बाद उनका अभिवादन किया था और चिनफिंग के वहां से जाने से पहले कुछ मिनट उन्होंने बातचीत की. अमेरिका के राष्ट्रपति ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री डेविड कैमरुन के संबोधन के बाद उनसे भी हाथ मिलाया और दोनों नेताओं ने कुछ क्षण बात की. शरीफ ने शिखर सम्मेलन आरंभ होने से पहले अमेरिका के विदेश मंत्री जॉन केरी का भी अभिवादन किया. केरी ने ‘थम्स अप’ के संकेत के साथ उनका अभिवादन किया.

मोदी और शरीफ एक ही होटल वाल्डोर्फ एस्टोरिया में ठहरे थे और यह शिखर सम्मेलन एकमात्र ऐसा मंच था जब वह संयुक्त राष्ट्र महासभा के लिए शहर में अपने प्रवास के दौरान एक छत के नीचे एक कक्ष में थे. मोदी भारत के लिए रवाना हो गये हैं और शरीफ 30 सितंबर को महासभा की बहस को संबोधित करने के लिए अभी यहां रुकेंगे. संयुक्त राष्ट्र बैठक से पहले ये सवाल किये जा रहे थे कि क्या दोनों नेता आपस में मिलेंगे या कम से कम हाथ मिलायेंगे.

ऐसे सवाल इसलिए भी उठ रहे थे क्योंकि मोदी और शरीफ दोनों एक ही होटल में ठहरे थे. मोदी और शरीफ इससे पहले जुलाई में रूस के उफा शहर में मिले थे जब वहां ब्रिक्स और एससीओ के शिखर सम्मेलन आयोजित हुए थे. पिछले महीने दोनों देशों के बीच राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार स्तरीय वार्ता के रद्द होने के बाद से रिश्ते ठंडे पडे हैं. पाकिस्तान द्वारा पेश किये गये वार्ता के एजेंडे पर मतभेद होने और कश्मीरी अलगावादियों के साथ पाकिस्तान के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार सरताज अजीज की प्रस्तावित बैठक के चलते वह वार्ता रद्द हो गयी थी. भारतीय अधिकारियों ने पिछले सप्ताह स्पष्ट किया था कि अमेरिका में अपने प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री मोदी शरीफ के साथ कोई भी द्विपक्षीय बैठक नहीं करेंगे.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola