बहावलपुर में मसूद अजहर के मुख्यालय पर पाकिस्तान सरकार का कब्जा

लाहौर : पाकिस्तान सरकार ने अपनी सरजमीं से संचालित होनेवाले आतंकी संगठनों पर नकेल कसने के जबरदस्त अंतरराष्ट्रीय दबाव के आगे झुकते हुए शुक्रवार को जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) मुख्यालयों का प्रशासनिक नियंत्रण अपने हाथों में ले लिया. इसी आतंकी संगठन (जेईएम) ने जम्मू कश्मीर के पुलवामा में हुए आत्मघाती हमले की जिम्मेदारी ली है, जिसमें सीआरपीएफ […]
लाहौर : पाकिस्तान सरकार ने अपनी सरजमीं से संचालित होनेवाले आतंकी संगठनों पर नकेल कसने के जबरदस्त अंतरराष्ट्रीय दबाव के आगे झुकते हुए शुक्रवार को जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) मुख्यालयों का प्रशासनिक नियंत्रण अपने हाथों में ले लिया.
इसी आतंकी संगठन (जेईएम) ने जम्मू कश्मीर के पुलवामा में हुए आत्मघाती हमले की जिम्मेदारी ली है, जिसमें सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हुए हैं. दरअसल, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने एक दिन पहले बयान जारी कर पुलवामा हमले को जघन्य और कायराना बताया तथा इस हमले की कड़ी निंदा की. साथ ही जोर देकर कहा कि इस तरह की हरकतों को अंजाम देनेवालों और धन मुहैया करनेवालों को न्याय के दायरे में लाया जाये. पाकिस्तान के सूचना मंत्री फवाद चौधरी ने बताया, पंजाब सरकार ने बहावलपुर स्थित जेईएम मुख्यालयों को अपने नियंत्रण में ले लिया है. मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार ने बहावलपुर में दो परिसरों को अपने नियंत्रण में लिया है और उसके कामकाज को देखने के लिए अपना एक प्रशासक नियुक्त किया है. बहावलपुर लाहौर से 400 किमी दूर है.
गृह मंत्रालय के एक बयान में यह कहा गया है कि जैश पर कार्रवाई बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री इमरान खान की अध्यक्षता में हुई राष्ट्रीय सुरक्षा कमेटी की बैठक में लिये गये फैसले की तर्ज पर की गयी. बयान में कहा गया है कि दोनों परिसरों में फिलहाल 70 शिक्षक और 600 छात्र हैं. गौरतलब है कि पुलवामा आतंकी हमले पर भारत की जवाबी कार्रवाई के डर से पाकिस्तान ने यह कदम उठाते हुए जैश सरगना मसूद अजहर की सुरक्षा बढ़ायी है.
पाकिस्तान सरकार के ट्विटर हैंडल से किये गये ट्वीट में कहा गया है कि सरकार ने उस कैंपस को अपने नियंत्रण में ले लिया है, जिसमें मदरसतुल शबीर और जामा-ए-मस्जिद सुभानअल्ला है. पाक मीडिया के मुताबिक, जैश के मुख्यालय से जुड़े मामलों को मैनेज करने के लिए एक प्रशासक भी नियुक्त कर दिया गया है. मीडिया के मुताबिक, जैश के बहावलपुरवाले कैंपस में 70 शीक्षक और 600 छात्र मौजूद हैं. इस समय पाकिस्तान पंजाब पुलिस कैंपस की सुरक्षा में लगी है. हालांकि, पाकिस्तान की ऐसी कार्रवाई पर भरोसा नहीं किया जा सकता क्योंकि यह दुनिया को दिखाने के लिए और कुछ समय के लिए होती है. बाद में वहां आतंकियों को पूरी छूट दे दी जाती है.
वहीं, शुक्रवार को पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता ने संवाददाता सम्मेलन कर कहा कि पाकिस्तान पहले कोई ऐक्शन नहीं लेगा, परंतु भारत ने पहले कार्रवाई की तो वह सरप्राइज जरूर करेगा. इतना ही नहीं, पाक आर्म्ड फोर्स के प्रवक्ता मेजर जनरल आसिफ गफूर ने शुक्रवार शाम में एक विडियो शेयर कर जानकारी दी कि पाकिस्तान आर्मी चीफ ने नियंत्रण रेखा का दौरा कर हालात की समीक्षा की है. उन्होंने कहा कि पाक आर्मी चीफ ने जवानों का हौसला भी बढ़ाया. इस बीच पाकिस्तान सरकार ने एलओसी पर रह रहे लोगों के लिए एक एडावाइजरी भी जारी किया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




