ePaper

झारखंड : कोडरमा के एक स्कूल में प्रार्थना सभा के नाम पर धर्मांतरण का आरोप, जमकर हुआ हंगामा, 4 लोग हिरासत में

Updated at : 08 Jul 2023 8:15 PM (IST)
विज्ञापन
झारखंड : कोडरमा के एक स्कूल में प्रार्थना सभा के नाम पर धर्मांतरण का आरोप, जमकर हुआ हंगामा, 4 लोग हिरासत में

कोडरमा के तिलैया स्थित एक स्कूल पर प्रार्थना सभा के नाम पर धर्मांतरण का आरोप लगाया गया है. इसको लेकर ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया. मौके पर पहुंची पुलिस ने प्राचार्य सहित चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.

विज्ञापन

Jharkhand News: कोडरमा जिला अंतर्गत तिलैया थाना क्षेत्र के करमा स्थित जेम्स इंग्लिश स्कूल में प्रार्थना सभा के आयोजन के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया. ग्रामीणों का आरोप था कि यहां प्रार्थना सभा के नाम पर धर्मांतरण का खेल चल रहा है. हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्राचार्य सहित चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. वहीं, प्राचार्य ने धर्मांतरण के आरोप को सिरे से खारिज किया. कहा कि लोग स्वेच्छा से प्रार्थना सभा में पहुंचे थे.

धर्मांतरण का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने जमकर किया हंगामा

जानकारी के अनुसार, शनिवार को स्कूल में 400 से 500 महिला-पुरुष प्रार्थना सभा के लिए जुटे थे. इस बीच स्थानीय ग्रामीण पहुंचे एवं धर्मांतरण का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा करने लगे. लोगों का कहना था कि प्रार्थना सभा की आड़ में धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है. ग्रामीणों के विरोध के बाद अधिकतर लोग वहां से फरार हो गये. प्रार्थना सभा के लिए कोडरमा ही नहीं, बल्कि बिहार के नवादा और गया जिले से भी काफी संख्या में महिला-पुरुष जुटे थे.

प्राचार्य समेत चार लोग हिरासत में

हो-हंगामे की खबर के बाद तिलैया थाना प्रभारी बिनोद कुमार दल-बल के साथ पहुंचे. इस मामले में पुलिस ने स्कूल के प्राचार्य समेत चार लोगों को हिरासत में लिया है. सभी को थाना लाकर पूछताछ की जा रही है. वहीं, ग्रामीणों ने भी इस मामले में आवेदन देकर इनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है.

Also Read: अच्छी खबर : कंप्यूटर, स्मार्ट क्लास व आईटीसीटी लैब से लैस है जामताड़ा का यह स्कूल, हो रही हाईटेक पढ़ाई

स्कूल की आड़ में धर्म परिवर्तन करने का आरोप

बता दें कि कुछ माह पहले भी यहां प्रार्थना सभा को लेकर ग्रामीणों ने विरोध जताया था. ग्रामीणों का आरोप है कि यहां स्कूल की आड़ में लोगों का धर्म परिवर्तन किया जा रहा है. ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि नाबालिग बच्चे और बच्चियों को भी धर्म परिवर्तन के लिए माइंडवाश किया जा रहा है.

पुलिस प्रशासन से शिकायत

ग्रामीणों के साथ मुखिया प्रतिनिधि अनिल यादव, पंसस पिंटू यादव समेत कई ग्रामीण वहां पहुंचे और इस मामले की शिकायत प्रशासन से की. मुखिया प्रतिनिधि ने बताया कि पहले भी इस मामले में पुलिस के पहुंचने पर इस तरह का आयोजन नहीं करने की बात स्कूल प्रबंधन द्वारा कही गई थी. इसके बावजूद प्रार्थना सभा का आयोजन बड़े पैमाने पर किया जा रहा था. वहीं, तिलैया थाना प्रभारी बिनोद कुमार ने बताया कि फिलहाल इस मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है. जांच की जा रही है.

संस्था के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में हो रही थी सभा : प्राचार्य

इधर, धर्मांतरण के आरोप को स्कूल के प्राचार्य मानवली ने खारिज किया है. प्राचार्य ने कहा कि संस्थान के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया था. उन्होंने कहा कि इसमें धर्म परिवर्तन जैसी कोई बात नही है. लोग स्वेच्छा से इस सभा में शामिल होने पहुंचे थे.

Also Read: झारखंड के सहायक शिक्षकों को ठग रही हेमंत सरकार, हम देंगे सम्मान : रघुवर दास

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola