Idiot Index: टेस्ला, स्पेसएक्स और xAI- एलन मस्क के एक ही फॉर्मूले की कहानी
Published by : Rajeev Kumar Updated At : 08 Feb 2026 4:38 PM
एलन मस्क का ‘इडियट इंडेक्स’: जहां महंगाई पर लगती है लगाम
एलन मस्क का ‘इडियट इंडेक्स’ क्या है और कैसे इसी सोच ने स्पेसएक्स, टेस्ला और xAI में लागत घटाकर रफ्तार बढ़ाई? यहां समझें में पूरी कहानी
Idiot Index: एलन मस्क उन गिने-चुने उद्योगपतियों में हैं जिन्होंने बार-बार यह सवाल उठाया कि क्या बड़ी-बड़ी इंडस्ट्रीज वाकई उतनी जटिल हैं, जितना दिखाया जाता है? इलेक्ट्रिक कार हो, रॉकेट लॉन्च या अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस- मस्क का मानना रहा है कि कई सेक्टरों में लागत जरूरत से ज्यादा इसलिए बढ़ी हुई है, क्योंकि सिस्टम ने खुद से सवाल करना बंद कर दिया है. इसी सोच से जुड़ा एक अनौपचारिक विचार है, जिसे मस्क ने कभी मजाकिया अंदाज में “इडियट इंडेक्स” कहा था. यही सोच आज टेस्ला, स्पेसएक्स और हाल ही में हुए xAI के बड़े फैसले की बुनियाद बनती दिख रही है.
‘इडियट इंडेक्स’ क्या है और मस्क क्या कहना चाहते हैं
‘इडियट इंडेक्स’ कोई अकाउंटिंग फॉर्मूला या निवेश का पैमाना नहीं है. यह एक सीधा-सा तर्क है. अगर किसी उत्पाद को बनाने में लगने वाला कच्चा माल बहुत सस्ता है, लेकिन बाजार में वही चीज कई गुना महंगी बिक रही है, तो उसके पीछे कोई ठोस वजह होनी चाहिए. जैसे सुरक्षा मानक, तकनीकी जटिलता, मेहनत या प्रदर्शन की सीमा. अगर ऐसी वजहें साफ न हों, तो मस्क के मुताबिक समझ लेना चाहिए कि सिस्टम में कहीं न कहीं भारी अक्षमता छिपी है.
इस सोच का मकसद टीमों को बुनियादी सवाल पूछने के लिए मजबूर करना है- यह पार्ट इतना महंगा क्यों है? इसे बनाने में इतना वक्त क्यों लग रहा है? क्या डिजाइन को आसान किया जा सकता है? क्या कोई बेकार स्टेप हटाया जा सकता है? मस्क उद्योग के पुराने नियमों को मानने के बजाय, उन्हें फिर से परखने पर जोर देते हैं.
फर्स्ट प्रिंसिपल्स और लागत को तोड़कर देखने की आदत
एलन मस्क अक्सर ‘फर्स्ट प्रिंसिपल्स थिंकिंग’ की बात करते हैं, जो भौतिकी से लिया गया तरीका है. इसमें किसी भी समस्या को उसकी सबसे बुनियादी इकाइयों में तोड़ दिया जाता है और फिर बिना पुरानी धारणाओं के, नया हल खड़ा किया जाता है. मैन्युफ़ैक्चरिंग में इसका मतलब है- सामग्री, ऊर्जा, समय और श्रम पर सीधा ध्यान.
यहीं ‘इडियट इंडेक्स’ एक चेतावनी की तरह काम करता है. अगर लागत कच्चे माल की सच्चाई से बहुत दूर निकल जाए, तो पूरा सिस्टम जांच के दायरे में आ जाता है. यही वजह है कि मस्क की कंपनियों में “हमेशा ऐसा ही होता आया है” जैसी दलीलें ज्यादा देर नहीं टिकतीं.
स्पेसएक्स: रॉकेट की कीमत क्यों गिरी
2002 में जब स्पेसएक्स शुरू हुई, तब अंतरिक्ष लॉन्च इंडस्ट्री सरकारों और पुराने ठेकेदारों के हाथ में थी. लॉन्च महंगे थे, समय-सारिणी बेहद धीमी थी और रॉकेट एक बार उड़कर फेंक दिए जाते थे. मस्क और उनकी टीम ने रॉकेट की लागत को खंगाला तो पाया कि एल्यूमिनियम, स्टील और कंपोजिट जैसे कच्चे माल कुल कीमत का छोटा हिस्सा हैं. असली खर्च जटिल सप्लाई चेन, बाहरी ठेकेदारों और जरूरत से ज्यादा सतर्क डिजाइन से आता था.
स्पेसएक्स ने ज्यादातर चीजें खुद बनाने का फैसला किया- इंजन, सॉफ्टवेयर, एवियोनिक्स और ढांचा. इससे न सिर्फ लागत घटी, बल्कि बदलाव भी तेज हुए. फिर आया रीयूजेबल रॉकेट का विचार. एक ही बूस्टर को बार-बार इस्तेमाल करने से प्रति लॉन्च खर्च तेजी से नीचे आया. नतीजा यह हुआ कि फाल्कन 9 दुनिया के सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाले रॉकेट्स में शामिल हो गया.
टेस्ला में वही सोच, अलग मैदान
कार इंडस्ट्री में भी मस्क ने यही फॉर्मूला अपनाया. पारंपरिक कार कंपनियां इंजन, इलेक्ट्रॉनिक्स और सॉफ्टवेयर के लिए सप्लायर पर निर्भर रहती हैं. टेस्ला ने धीरे-धीरे इन अहम हिस्सों पर खुद का नियंत्रण बढ़ाया. बैटरी टेक्नोलॉजी में निवेश, बड़े स्तर पर सेल उत्पादन और गीगाफैक्ट्री जैसी सोच ने लागत और प्रदर्शन- दोनों में सुधार किया.
वाहनों के ढांचे में बड़ेएल्यूमिनियम कास्टिंग लाकर दर्जनों छोटे पुर्जों को हटाया गया. इससे असेंबली आसान हुई, मजदूरों की जरूरत घटी और उत्पादन तेज हुआ. लक्ष्य वही रहा- अनावश्यक जटिलता हटाओ, खर्च अपने आप घटेगा.
xAI को स्पेसएक्स में मिलाने का बड़ा दांव
2026 की शुरुआत में स्पेसएक्स द्वारा xAI को अपने भीतर शामिल करना भी इसी पैटर्न का हिस्सा माना जा रहा है. बड़े एआई मॉडल चलाने के लिए भारी बिजली, कूलिंग और डेटा इंफ्रास्ट्रक्चर चाहिए. स्पेसएक्स पहले से स्टारलिंक सैटेलाइट नेटवर्क और लॉन्च क्षमताओं का मालिक है. एआई को उसी छत के नीचे लाकर, मस्क ने अलग-अलग संगठनों के बीच की दूरी कम कर दी.
अब एआई इंजीनियर और स्पेस सिस्टम इंजीनियर एक ही ढांचे में काम कर रहे हैं. इससे कानूनी, तकनीकी और लॉजिस्टिक अड़चनें घटती हैं. लंबी अवधि में, यह सोच अंतरिक्ष आधारित ऊर्जा और एआई इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे नये प्रयोगों की राह भी खोल सकती है.
आलोचना के बीच नतीजे बोलते हैं
मस्क के काम करने के तरीके पर सवाल भी उठते रहे हैं. लंबे काम के घंटे, कड़ा दबाव और तेज रफ्तार हर किसी के लिए आसान नहीं होती. लेकिन दूसरी तरफ हकीकत यह है कि स्पेसएक्स की लॉन्च फ्रीक्वेंसी बढ़ी है, टेस्ला बड़े पैमाने पर उत्पादन कर रही है और स्टारलिंक दुनिया भर में सक्रिय है.
‘इडियट इंडेक्स’ भले ही कोई आधिकारिक पैमाना न हो, लेकिन उसकी सोच- लागत को समझना, सिस्टम पर सवाल उठाना और रफ्तार को हथियार बनाना- एलन मस्क की कंपनियों की पहचान बन चुकी है.
यह भी पढ़ें: एलन मस्क का बड़ा दांव: स्पेसएक्स की छतरी के नीचे आये स्टारलिंक, ग्रोक और XAi; जानिए इससे क्या बदलेगा
यह भी पढ़ें: “पैसा सब कुछ नहीं” कहकर छाए मस्क, इंटरनेट बोला- भेजो 1 मिलियन डॉलर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Rajeev Kumar
राजीव कुमार हिंदी डिजिटल मीडिया के अनुभवी पत्रकार हैं और वर्तमान में प्रभातखबर.कॉम में सीनियर कंटेंट राइटर के तौर पर कार्यरत हैं. 15 वर्षों से अधिक के पत्रकारिता अनुभव के दौरान उन्होंने टेक्नोलॉजी और ऑटोमोबाइल सेक्टर की हजारों खबरों, एक्सप्लेनर, एनालिसिस और फीचर स्टोरीज पर काम किया है. सरल भाषा, गहरी रिसर्च और यूजर-फर्स्ट अप्रोच उनकी लेखन शैली की सबसे बड़ी पहचान है. राजीव की विशेषज्ञता स्मार्टफोन, गैजेट्स, एआई, मशीन लर्निंग, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT), साइबर सिक्योरिटी, टेलीकॉम, इलेक्ट्रिक व्हीकल्स, ICE और हाइब्रिड कारों, ऑटोनोमस ड्राइविंग तथा डिजिटल ट्रेंड्स जैसे विषयों में रही है. वे लगातार बदलती टेक और ऑटो इंडस्ट्री पर नजर रखते हैं और रिपोर्ट्स, आधिकारिक डेटा, कंपनी अपडेट्स तथा एक्सपर्ट इनसाइट्स के आधार पर सटीक और भरोसेमंद जानकारी पाठकों तक पहुंचाते हैं. डिजिटल मीडिया में राजीव की खास पहचान SEO-ऑप्टिमाइज्ड और डेटा-ड्रिवेन कंटेंट के लिए भी रही है. गूगल डिस्कवर और यूजर एंगेजमेंट को ध्यान में रखते हुए वे ऐसे आर्टिकल्स तैयार करते हैं, जो न केवल जानकारीपूर्ण होते हैं, बल्कि पाठकों की जरूरत और सर्च ट्रेंड्स से भी मेल खाते हैं. टेक और ऑटो सेक्टर पर उनके रिव्यू, एक्सपर्ट इंटरव्यू, तुलना आधारित लेख और एक्सप्लेनर स्टोरीज को पाठकों द्वारा काफी पसंद किया जाता है. राजीव ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2011 में प्रभात खबर दैनिक से की थी. शुरुआती दौर में उन्होंने देश-विदेश, कारोबार, संपादकीय, साहित्य, मनोरंजन और फीचर लेखन जैसे विभिन्न बीट्स पर काम किया. इसके बाद डिजिटल प्लैटफॉर्म पर उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग, वैल्यू-ऐडेड स्टोरीज और ट्रेंड आधारित कंटेंट के जरिए अपनी अलग पहचान बनाई. जमशेदपुर में जन्मे राजीव ने प्रारंभिक शिक्षा सीबीएसई स्कूल से प्राप्त की. इसके बाद उन्होंने रांची यूनिवर्सिटी से बॉटनी ऑनर्स और भारतीय विद्या भवन, पुणे से हिंदी पत्रकारिता एवं जनसंचार में डिप्लोमा किया. पत्रकारिता के मूल सिद्धांत 5Ws+1H पर उनकी मजबूत पकड़ उन्हें खबरों की गहराई समझने और उन्हें आसान, स्पष्ट और प्रभावी भाषा में पाठकों तक पहुंचाने में मदद करती है. राजीव की सबसे बड़ी पहचान है, क्रेडिब्लिटी, क्लैरिटी और ऑडियंस-फर्स्ट अप्रोच. वे सिर्फ टेक ऐंड ऑटो को कवर नहीं करते, बल्कि उसे ऐसे पेश करते हैं कि हर व्यक्ति उसे समझ सके, उससे जुड़ सके और उससे फायदा उठा सके. जुड़िए rajeev.kumar@prabhatkhabar.in पर
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










