बिजली संकट से जलपाईगुड़ी जिला अस्पताल में बुरा हाल
Author :Prabhat Khabar Digital Desk
Published by :Prabhat Khabar Digital Desk
Updated at :03 May 2017 8:56 AM
विज्ञापन

एक्सरे, सीटी स्कैन जैसी जरूरी परिसेवाएं ठप मरीज और उनके परिजन पीने के पानी के लिए तरसे पंखा नहीं चलने से गरमी से मरीजों की दुर्दशा सोमवार को आंधी के बाद से बंद हुई बिजली जलपाईगुड़ी : जलपाईगुड़ी जिला अस्पताल में बीते 24 घंटे से बिजली नहीं है. इसकी वजह से मंगलवार को दिनभर सीटी […]
विज्ञापन
एक्सरे, सीटी स्कैन जैसी जरूरी परिसेवाएं ठप
मरीज और उनके परिजन पीने के पानी के लिए तरसे
पंखा नहीं चलने से गरमी से मरीजों की दुर्दशा
सोमवार को आंधी के बाद से बंद हुई बिजली
जलपाईगुड़ी : जलपाईगुड़ी जिला अस्पताल में बीते 24 घंटे से बिजली नहीं है. इसकी वजह से मंगलवार को दिनभर सीटी स्कैन, एक्सरे जैसी जरूरी परिसेवाएं ठप रहीं. यहां तक कि लोगों को पेयजल मिलना भी मुश्किल हो गया. जेनरेटर और इनवर्टर से वार्ड में किसी तरह रोशनी की गयी. लेकिन पंखे नहीं चलने से मरीजों और उनके परिजनों का गरमी से बुरा हाल रहा. परिसेवा नहीं मिलने से मरीजों और उनके परिजनों में नाराजगी देखी गयी. इस बारे में पूछे जाने पर जिला स्वास्थ्य विभाग की ओर से बताया गया कि बिजली विभाग और पीडब्ल्यूडी विभाग मिलकर समस्या के समाधान में जुटे हुए हैं, जल्दी ही बिजली आपूर्ति बहाल हो जायेगी.
उल्लेखनीय है कि सोमवार दोपहर को आये आंधी-पानी की वजह से जलपाईगुड़ी शहर और उत्तर बंगाल के कई इलाकों में बिजली के तार आदि टूट गये. रात तक शहर के अधिकतर इलाके में बिजली सेवा बहाल हो गयी, लेकिन जिला अस्पताल जैसी महत्वपूर्ण जगह की बिजली ठीक नहीं हो पायी. अस्पताल में मरीज लेकर आये एक परिजन तपन बर्मन ने बताया कि आंधी-पानी के दौरान जोर की आवाज के साथ बिजली चली गयी. इसके बाद रातभर बिजली नहीं रही. मंगलवार को भी खबर लिखे जाने तक अस्पताल में बिजली नहीं आ पायी थी.
मंगलवार की सुबह जेनरेटर चलाकर कुछ रोगियों का अल्ट्रासाउंड किया गया. लेकिन पर्याप्त वोल्टेज नहीं मिलने के कारण यह काम भी बंद करन देना पड़ा. सीटी स्कैन और एक्सरे यूनिट में तो पूरी तरह काम बंद रहा. सबसे ज्यादा परेशानी जलापूर्ति बंद हो जाने की वजह से हुई. जलपाईगुड़ी नगरपालिका की ओर पेयजल के दो टैंकर भेजे गये थे, लेकिन इतने बड़े अस्पताल का इससे काम चलना मुश्किल था. मजबूर होकर लोगों को बाहर से पानी खरीदकर लाना पड़ा.
मोहित नगर निवासी संध्या पाल ने बताया कि मरीजों की भीड़ के चलते एक बेड पर दो मरीजों को रखा गया है. ऊपर से पंखा भी नहीं चल रहा है. ऐसे में गरमी से बुरा हाल है. बीमारी घटने की जगह और बढ़ गयी लग रही है. मरीजों के परिजन बाहर से हाथ पंखा खरीदकर लाये हैं, ताकि कुछ तो राहत मिले. अस्पताल प्रशासन सूत्रों ने बताया कि शायद अस्पताल में ही कोई स्विच गियर खराब हो गया है, जिसकी वजह से समस्या हो रही है.
जलपाईगुड़ी जिला अस्पताल रोगी कल्याण समिति के चेयरमैन तथा स्थानीय सांसद विजय चंद्र वर्मन ने कहा कि हमारी हमेशा कोशिश होती है कि अस्पताल से मरीजों को अच्छी से अच्छी परिसेवा मिले. लेकिन प्राकृतिक आपदा से होनेवाली समस्या पर किसी का जोर नहीं है. आंधी-पानी की वजह से बिजली खराब हुई है.
रातभर इसे ठीक करने की कोशिश हुई, पर सफलता नहीं मिली. जेनरेटर की मदद से इमरजेंसी सेवा दी जा रही है. उम्मीद है कि जल्दी ही सबकुछ ठीक हो जायेगा. वहीं जिला मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी जगन्नाथ सरकार ने कहा कि नगरपालिका से पानी मंगाया गया है. बाकी जरूरी कामों के लिए जेनरेटर की मदद ली जा रही है. उन्होंने भी समस्या के जल्द समाधान की आशा प्रकट की.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










